The Lallantop

यूथ कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब गिरफ्तार, पुलिस ने बताया एआई समिट प्रोटेस्ट का मास्टरमाइंड

AI Impact Shirtless Protest: इंडिया-AI इम्पैक्ट समिट के दौरान शर्टलेस प्रोटेस्ट करने के मामले में गिरफ्तार यूथ कांग्रेस के सदस्यों पर आपराधिक साजिश रचने, लोक सेवक को नुकसान पहुंचाने, ड्यूटी पर तैनात पब्लिक सर्वेंट के काम में बाधा डालने और जानबूझकर अराजकता फैलाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है. इसी केस में यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब की गिरफ्तारी हुई है.

Advertisement
post-main-image
उदय भानु चिब को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया. (Photo: X/Facebook)

दिल्ली पुलिस ने India AI Impact Summit में शर्ट उतारकर प्रोटेस्ट करने के मामले में यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने रिमांड की मांग करते हुए मंगलवार, 24 फरवरी को उदय को कोर्ट में पेश किया. कोर्ट से पुलिस को 4 दिन की कस्टडी की इजाजत मिल गई है. पुलिस ने उदय भानु को समिट में हुए शर्टलेस प्रोटेस्ट का मुख्य साजिशकर्ता और मास्टरमाइंड बताया है. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

पुलिस का कहना है कि भारत मंडपम में आयोजित AI समिट में कुछ लोग गैर-कानूनी तरीके से जमा हुए. वहां देश विरोधी नारे लगाए गए और सह-आरोपियों ने दंगा जैसी स्थिति भड़काने की कोशिश की. पुलिस ने उदय भानु को जो ग्राउंड ऑफ अरेस्ट दिया है, उसमें बताया है कि आपने श्री कृष्ण हरि, कुंदन यादव, नरसिंह यादव, अजय कुमार यादव वगैरह के साथ मिलकर साजिश में पुलिस अधिकारियों को उनकी ड्यूटी पर रोका और उन पर हमला किया.

पूछताछ में सहयोग न करने का आरोप

इसके अलावा पुलिस ने यह भी आरोप लगाया कि पूछताछ के दौरान उदय ने को-ऑपरेट नहीं किया और उन सह-आरोपियों के नाम भी नहीं बताए, जो मौके से भाग गए हैं. पुलिस के मुताबिक उदय भानु ने उन टी-शर्ट की प्रिंटिंग के सोर्स के बारे में भी नहीं बताया है, जिनका इस्तेमाल दूसरे कथित साजिशकर्ताओं ने विरोध के दौरान किया था. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी बाकी है और इसकी सही जांच के लिए आपको इस मामले में गिरफ्तार किया जा रहा है. इससे पहले उदय भानु को गिरफ्तार करने से पहले दिल्ली पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर तकरीबन 20 घंटे तक पूछताछ की.

Advertisement
uday bhanu ground of arrest
उदय भानु को दिया गया ग्राउंड ऑफ अरेस्ट. (Photo: ITG)
गिरफ्तार आरोपियों से मिलवाया जाएगा

बताया यह भी जा रहा है कि पुलिस मामले में अब तक गिरफ्तार किए गए 7 आरोपियों से उदय भानु का आमना-सामना करवाएगी. इसके बाद ही पता चल पाएगा कि इस प्रोटेस्ट की प्लानिंग कब और कैसे हुई थी. इससे पहले कांग्रेस नेताओं के मुताबिक उदय भानु को 24 फरवरी को तड़के 4:30 बजे के करीब गिरफ्तार किया गया था. कांग्रेस सांसद शशिकांत सेंथिल ने सबसे पहले इसकी जानकार देते हुए X पर पोस्ट किया. उन्होंने लिखा,

20 घंटे से अधिक पूछताछ के बाद दिल्ली पुलिस ने बेशर्मी से उदय भानु को सुबह 4 बजे गिरफ्तार कर लिया. हमें उदय और यूथ कांग्रेस के योद्धाओं पर गर्व है. देश के युवाओं के लिए हमारी लड़ाई जारी रहेगी.

sasikanth senthil
Photo: X
कांग्रेस ने किया विरोध

वहीं अन्य कांग्रेस नेताओं ने भी उदय भानु की गिरफ्तारी का तीखा विरोध किया है. कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने मामले पर ANI से बात करते हुए कहा,

Advertisement

यह शर्म की बात है कि उन्हें (सरकार को) किसी के शांति से प्रोटेस्ट करने से दिक्कत है. तानाशाह उन्हें जेल में डाल देगा, जो उन्हें आईना दिखाएगा. क्या पुलवामा, पहलगाम अटैक, लाल किला ब्लास्ट के पीछे के सभी टेररिस्ट अरेस्ट हो गए हैं. आप टेररिस्ट अटैक के पीछे वालों को अरेस्ट नहीं कर पा रहे हैं, लेकिन अगर कोई अपनी शर्ट उतार दे तो डर जाते हैं. यह सरकार की असलियत है.

यह भी पढ़ें- एक महीने का नोटिस और जमीन का जोन बदल जाएगा... गोवा में धारा 39A को लेकर लोग सड़कों पर क्यों?

बताते चलें कि AI समिट के दौरान यूथ कांग्रेस के शर्टलेस प्रोटेस्ट के मामले में अब तक 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इस समिट में 20 फरवरी को यूथ कांग्रेस के 11 कार्यकर्ताओं ने प्रोटेस्ट किया था. इस मामले में दिल्ली पुलिस ने तिलक मार्ग थाने में सभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी.

वीडियो: नेतानगरी: AI समिट में 'शर्टलेस' प्रोटेस्ट, कांग्रेस में ‘अपने’ ही बढ़ा रहे मुश्किलें?

Advertisement