‘संसद चलो’ मार्च के अगले दिन कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने विजेता दहिया को प्रवक्ता के पद से हटा दिया था. CJP ने ये एक्शन उस वायरल वीडियो के बाद लिया जिसमें संसद मार्च के दौरान विजेता दहिया बर्गर खाते नजर आए थे. अब CJP के एक्शन पर दहिया का जवाब सामने आया है. उन्होंने एक वीडियो जारी करके कहा कि उनको ‘बलि का बकरा’ बना दिया गया.
'बलि का बकरा...', विजेता दहिया ने अभिजीत दिपके के कचौड़ी वीडियो पर क्या कहा?
कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता पद से हटाए जाने के बाद विजेता दहिया ने अपनी सफाई जारी की है. उनका दावा है कि उनको बलि का बकरा बना दिया गया. विजेता दहिया ने बताया कि अभिजीत दिपके और आशुतोष रांका ने उनको कॉल करके जंतर मंतर आने से मना कर दिया.


अभिजीत दिपके पर साधा निशाना
विजेता ने एक वीडियो शेयर करके कहा कि CJP से फायर किए जाने से उनको अच्छा नहीं लगा. उन्होंने बताया कि अभिजीत दिपके और आशुतोष रांका ने उनको कॉल करके कहा कि वे जंतर-मंतर नहीं आएं. विजेता ने बताया,
अभिजीत और आशुतोष रांका का फोन आया. उन्होंने कहा कि विजेता तुम यहां मत आना. मैंने उन्हें कहा कि तुम सब देख रहे हो. मैं मार्च स्टार्ट होने तक वहां था. हम मार्च में भी शामिल हुए. मैं इसके बाद केरला हाउस की तरफ घूम रहा था. आंखों में जलन हो रही थी. मैंने अभिजीत को कहा कि तुम सब देख रहे हो. तुम्हारी भी कचौड़ी वाली रील वायरल हो रही थी. मैंने ट्रक पर चढ़ने की बात पर भी उसे डिफेंड किया.
विजेता दहिया ने आगे कहा,
ऐसे समय में अचानक कॉल आता है और पता चलता है कि आपके टीममेट्स ने ही आपको बलि का बकरा बना दिया. इसके बाद थोड़ा बुरा तो लगा. ट्रोल्स ने ही ये सब किया. अगर उन्हें लगता है कि प्रोटेस्ट को इससे फायदा होगा तो यही सही.
बर्गर खाते वीडियो वायरल होने के बाद हटाया
21 जुलाई को बर्गर खाने का वीडियो वायरल होने के बाद CJP ने दहिया को प्रवक्ता पद से हटा दिया था. वीडियो में विजेता दहिया CJP की ओर से आयोजित संसद मार्च के दौरान दिल्ली के एक लोकप्रिय फास्ट फूड आउटलेट में दिखाई दिए. वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने सवाल उठाए कि जब प्रदर्शनकारियों पर पुलिस लाठीचार्ज कर रही थी तब दहिया प्रदर्शन स्थल पर क्यों नहीं थे.
कौन हैं विजेता दहिया?
CJP ने पिछले महीने विजेता दहिया को प्रवक्ता बनाने की घोषणा की थी. तब CJP की ओर से बताया गया कि विजेता दहिया प्रवक्ता की भूमिका में पॉलिटिकल रिसर्च और रणनीतिक विश्लेषण के मजबूत अनुभव के साथ कदम रख रहे हैं. वे लेखक, कॉन्टेंट क्रिएटर और फिल्मकार हैं. उन्होंने कई यूट्यूब क्रिएटर्स के लिए रिसर्च और कॉन्टेंट तैयार करने में सहयोग किया है.
CJP की ओर से आगे बताया गया कि विजेता दहिया ने दो बेस्ट सेलिंग किताबें लिखी हैं. 'पावर ऑफ यूनिवर्स' और 'टू हेल विद दैट जॉब'. उन्होंने हरियाणवी फिल्में 'दरारें', और 'ओपरी पराई' लिखी और डायरेक्ट की है.
वीडियो: CJP के प्रवक्ता पद से हटाए गए विजेता दहिया, बर्गर विवाद पड़ा भारी












