उत्तर प्रदेश के वाराणसी में एक चोर ने ऐसी चोरी की कि ‘चोर समाज उसकी पीठ थपथपाने में लगा होगा.’ चोरी भी ऐसी-वैसी नहीं. 4.71 लाख की KTM बाइक पर ही हाथ साफ कर दिया. लेकिन वारदात के पहले चोर ने जो भूमिका बनाई, वो किसी हॉलीवुड फिल्म के सीक्वेंस से कम नहीं. अज्ञात चोर ने बाइक एजेंसी के गेट को कटर से काटा. एजेंसी में दाखिल होने के बाद उसकी बॉडी लैंग्वेज ही बदल गई.
वाराणसी में 'नहा-धोकर चोरी', कॉफी पी, खूब नाचा, फिर 4 लाख की बाइक ले उड़ा चोर
Varanasi में एक चोर ने बाइक चोरी करने से पहले एजेंसी में नाच-गाना किया. कॉफी पी और बाथरूम में नहाया भी. इसके बाद वो बाइक चुराकर भाग गया. पुलिस चोर की तलाश में दबिश दे रही है.

ऐसा लगा जैसे एजेंसी का मालिक वही है. चोर ने एजेंसी में करीब साढ़े चार घंटे बिताए. उसने बंद एजेंसी में जमकर लुंगी डांस किया. बाथरूम में नहाया. एजेंसी की कॉफी मशीन से गरमा-गरम कॉफी का लुत्फ भी उठाया. इसके बाद मैनेजर की 3 महीने पुरानी KTM बाइक लेकर ‘नौ दो ग्यारह’ हो गया. चोर की ये सारी विचित्र हरकते एजेंसी में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गईं, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. हालांकि, अभी तक चोर की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है.
चोरी की वारदात सोमवार, 10 अगस्त की रात मडुआडीह थाना क्षेत्र में स्थित एक ऑटो मोबाइल शोरूम में हुई. इंडिया टुडे से जुड़े रोशन जायसवाल की रिपोर्ट के मुताबिक, रात में करीब 10 बजे स्टाफ शोरूम बंद करके घर चला गया था. एजेंसी में 3 महीने पुरानी KTM बाइक चाबी के साथ अंदर ही खड़ी थी. रात के करीब 11:30 बजे हाथ में देवी माता की तस्वीर लिए सफेद शर्ट और जींस पहने एक युवक शोरूम के बाहर पहुंचा.
बारिश शुरू होने पर उसने बाहर लगा बैनर फाड़कर ओढ़ा और कटर से कांच का दरवाजा काटना शुरू कर दिया. करीब 36 मिनट की मशक्कत के बाद देर रात 12 बजे वो एजेंसी के अंदर घुसने में कामयाब हुआ. उसने सबसे पहले रिसेप्शन पर रखा कंप्यूटर ऑन किया और रिवॉल्विंग चेयर पर बैठकर काफी देर तक गोल-गोल घूमता रहा. इसके बाद उसने फ्रिज से ठंडा पानी निकालकर पिया और फिर खुद के लिए मशीन से गरमा-गरम कॉफी बनाकर चुस्कियां भी लीं.
हद तो तब हो गई, जब वो बेफिक्र होकर शोरूम के वॉशरूम में गया और आराम से नहाया. इसके बाद उसने अपने गीले कपड़े बाइक पर सुखाने के लिए फैला दिए. बाद में उसने एक नई बाइक के कवर को फाड़कर लुंगी की तरह लपेटा. कंप्यूटर पर गाने बजाए और लुंगी डांस किया. शोरूम से जाने से पहले चोर ने एजेंसी की ब्रांडेड टी-शर्ट और कैप पहनी. बाइक का एक नया कवर उठाया और सुबह करीब 4 बजे मैनेजर की कीमती KTM बाइक स्टार्ट कर रफूचक्कर हो गया.
यह भी पढ़ें: समय रैना का केस खारिज, तारीफ भी मिली, लेकिन कोर्ट ने 3 लाख का जुर्माना क्यों ठोक दिया?
चोर की गिरफ्तारी नहीं
इस घटना के बारे में तब पता चला, जब अगली सुबह सिक्योरिटी गार्ड ने टूटा हुआ कांच देखा. उसने फौरन मैनेजर को सूचना दी. सूचना मिलते ही मंडुआडीह थाना पुलिस फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंची. मंडुआडीह थाना प्रभारी अजय वर्मा ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज और फिंगरप्रिंट्स की मदद से आरोपी की तलाश की जा रही है. जल्द ही उसे गिरफ्तार कर बाइक बरामद कर ली जाएगी.
वीडियो: रांची प्रोटेस्ट: CM हाउस के घेराव पर क्या बोले प्रदर्शनकारी?














