ग्रेटर नोएडा में पिता-पुत्र की बालकनी से गिरकर मौत हो गई. दोनों बालकनी से पूजा के लिए फूल तोड़ रहे थे, तभी उनका बैलेंस बिगड़ा और वो 23वीं मंजिल से सीधा नीचे गिर गए. दोनों को तुरंत अस्तपाल ले जाया गया, जहां डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
ग्रेटर नोएडा में पिता-पुत्र एक साथ 23वीं मंजिल से गिरे, पूजा के फूल तोड़ रहे थे, दोनों की मौत
Greater Noida Father Son fall death: ग्रेटर नोएडा में पिता-पुत्र की बालकनी से गिरकर मौत हो गई. मृतकों की पहचान रणदीव पात्रा और बेटे आरव के रूप में हुई है. रणदीप 40 साल के थे. बेटा आरव 11 का था.

मृतकों की पहचान 40 वर्षीय रणदीव पात्रा और 11 वर्षीय बेटे आरव के रूप में हुई है. वह बिसरख कोतवाली क्षेत्र की महागुन मायवुड्स सोसायटी (Mahagun Mywoods Society) में रहते थे. रणदीप और उनकी पत्नी, दोनों केंद्र सरकार के कर्मचारी हैं. यह परिवार मूल रूप से कोलकाता का रहने वाला है.
प्रॉपर्टी के काम से राजस्थान जाना थाइंडिया टुडे से जुड़े अरुण त्यागी की रिपोर्ट के मुताबिक, 30 अक्टूबर की सुबह परिवार को राजस्थान जाना था. खाटू श्याम मंदिर के पास उन्हें प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री से जुड़ा कुछ काम था. इसलिए परिवार के लोग जल्दी उठ गए थे. निकलने से पहले पूजा के लिए आरव और रणदीप बालकनी से फूल लेने गए थे.
पुलिस ने बताया कि फूल तोड़ने के लिए उन्होंने सीढ़ी का इस्तेमाल किया था. लेकिन कथित तौर पर उनका बैलेंस बिगड़ गया और दोनों सोसायटी के क्लबहाउस की छत पर जा गिरे.
अक्सर पूजा के लिए तोड़ते थे फूलएक पुलिस अधिकारी ने बताया कि परिवार अक्सर पूजा के लिए अपराजिता के फूल तोड़ता था. आमतौर पर रणदीप हर सुबह ऐसा करते थे, जबकि आरव छुट्टी वाले दिन उनकी मदद करता था. अधिकारी ने कहा,
“अपराजिता की बेल बालकनी के एक कोने में दीवार के ऊपर उग रही थी. शुक्रवार को आरव फूल तोड़ने के लिए सीढ़ी लेकर चढ़ा, लेकिन उसका संतुलन बिगड़ गया. पास ही खड़े रणदीप ने उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन दोनों नीचे गिर गए.”
ये भी पढ़ें: जोशीमठ हेलिकॉप्टर क्रैश में सभी यात्रियों की मौत, हादसे की पूरी कहानी सामने आई
डीसीपी सेंट्रल नोएडा डॉ प्रवीण रंजन सिंह ने बताया कि उन्हें सुबह करीब 4:20 बजे दो लोगों के गिरने की सूचना मिली थी. पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची, उन्हें अस्पताल ले जाया गया. लेकिन डॉक्टर्स ने दोनों को मृत घोषित कर दिया. काफी ऊंचाई से गिरने की वजह से वह बुरी तरह घायल थे. दोनों के शवों को पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है.
पुलिस ने बताया कि वे जांच-पड़ताल की प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं. परिजनों के बयान और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले में कार्यवाही की जा रही है.
वीडियो: उबर कैब में बैठे, तो आपका वीडियो रिकॉर्ड होगा, जानिए Record My Trip फीचर क्या है?









