उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में एक शख्स ने कथित तौर पर दोस्तों की मदद से अपनी पत्नी की हत्या कर दी. शुरू में पुलिस महिला की मौत को एक एक्सीडेंट मानकर चल रही थी. लेकिन जांच में शक हुआ, तो परतें खुलती गईं. पुलिस ने वारदात के 48 घंटे के अंदर आरोपी पति और उसके तीन दोस्तों को गिरफ्तार कर लिया. आरोप है कि 44 लाख रुपये का इंश्योरेंस क्लेम हड़पने के लिए अमर ने पत्नी की हत्या की.
पत्नी पर कार चढ़ाई, उठाकर दोबारा कुचला, बीमा के 44 लाख हड़पने के लिए पति ने दोस्तों संग की हत्या
Uttar Pradesh के Hamirpur में एक शख्स ने Insurance Claim के 44 लाख रुपये के लिए पत्नी की हत्या कर दी. पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

मृतक महिला की पहचान 32 साल की रीता के तौर पर हुई है. सड़क किनारे शव मिलने की वजह से इसे एक्सीडेंट माना जा रहा था. अमर सिंह भी रीता की मौत को एक्सीडेंट के तौर पर पेश कर रहा था. लेकिन, पुलिस ने मात्र 48 घंटे में आरोपियों की साजिश को पूरी तरह बेनकाब कर दिया.
इंडिया टुडे से जुड़े नाहिद अंसारी की रिपोर्ट के मुताबिक, हमीरपुर के एडिशनल SP अरविंद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी अमर सिंह पर कर्ज था. कर्ज चुकाने और इंश्योरेंस क्लेम का पैसा लेने के लिए उसने रीता को मारने का प्लान बनाया. साथ ही इस हत्या को एक्सीडेंट दिखाने की भी कोशिश की.
मामला उस वक्त सामने आया, जब 29 जुलाई की देर रात खेतों से लौट रहे किसानों को सड़क किनारे एक महिला का शव मिला. सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची. बैंक अकाउंट की स्लिप से पुलिस को रीता का शव पहचानने में मदद मिली. वारदात को अंजाम देने के बाद अमर सिंह ने भी सुमेरपुर थाने में पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई.
साजिश कैसे बेनकाब हुई?शव को पहचानने के लिए अमर को भी बुलाया गया. केस की जांच-पड़ताल में शक अमर पर गया. घटनास्थल से मिले सबूतों और टेक्निकल सर्विलांस आधार पर पुलिस जांच का एंगल हत्या की तरफ ले गई और साजिश का पर्दाफाश किया.
रीता के पिता सर्वेश गुप्ता की शिकायत के आधार पर थाना ललपुरा में पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया. पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने कार से कुचल कर रीता की हत्या की और उन्हें सड़क के किनारे फेंक दिया. आरोपियों ने पुलिस को बताया कि अमर सिंह अपनी पत्नी रीता को पौथिया नहर मार्ग, राठ रोड पर लेकर पहुंचा.
उसी दौरान अन्य आरोपी कार से वहां पहुंचे और रीता के ऊपर कार चढ़ा दी, जिससे वह सड़क किनारे गड्ढे में गिर गईं. इसके बाद रीता को उठाकर सड़क पर लाया गया और कार को दोबारा उनके ऊपर चढ़ाया गया. आरोपियों के मुताबिक, उन्होंने रीता पर दो बार कार चढ़ाई, जिससे उनकी मौत हो गई. घटना के बाद सभी आरोपी कार लेकर मौके से फरार हो गए.
48 घंटे में आरोपी गिरफ्तारपुलिस ने दावा कि उसने 48 घंटे के भीतर ही इस केस को सॉल्व कर दिया. जो केस एक्सीडेंट का लग रहा था, वो एक हत्या का मामला निकला. पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने मिलकर तय किया था कि 44 लाख रुपये में से 15 लाख रुपये अमर को मिलेंगे. बाकी पैसों को अन्य आरोपियों में बांट दिया जाएगा.
यह भी पढ़ें: प्रिंसिपल ने हेयरकट और टैटू के लिए डांटा, छात्र ने रास्ते में घेरकर पीट दिया
इसके बाद पुलिस ने अमर उसके और तीन दोस्त अमित गुप्ता उर्फ राम, पुष्पेंद्र सोनी उर्फ साहिल और अभय सिंह उर्फ गोलू को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपियों के पास एक कार को और एक एयरटेल का सिम कार्ड बरामद किया. कथित तौर पर रीता और अमर ने लव मैरिज की थी. रीता ने अपने पहले पति की मौत के बाद दूसरी शादी अमर से की थी. वहीं, अमर ने रीता से पहले भी 2 शादी की थी.
वीडियो: अजीत डोभाल ने Gen-z को क्या समझाया?










