The Lallantop

रात में 'अगवा' हुई लड़की ने दिन में 'किडनैपर' से शादी कर ली, उज्जैन में ये क्या हुआ?

Ujjain Fake kidnapping: उज्जैन में लड़की को उसके घर के बाहर से एक युवक उठाकर ले गया. लेकिन कथित अपहरण की कहानी में तब मोड़ आया, जब लड़की ने अपने परिजनों को एक वीडियो मैसेज भेजा.

Advertisement
post-main-image
लड़की को उसके घर के बाहर से उठाने की घटना CCTV में कैद हो गई. (Courtesy- इंडिया टुडे)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • मध्यप्रदेश के उज्जैन में 29 सितंबर को 19 वर्षीय लड़की का घर के बाहर से एक युवक ने कथित रूप से जबरदस्ती अपहरण किया, जबकि आस-पास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया।
  • इस घटना के पीछे लड़की और युवक के चार साल से संपर्क में होने और बाद में लड़की द्वारा स्वयं की मर्जी से युवक के साथ जाने का दावा करना है, जिसकी पुष्टि के लिए पुलिस जांच कर रही है।
  • पुलिस ने आरोपी युवक और उसके साथी के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, साथ ही युवक-युवती के वीडियो संदेश की भी जांच की जाएगी।

मध्यप्रदेश के उज्जैन में 19 साल की एक लड़की का उसके घर के बाहर से कथित तौर पर अपहरण कर लिया गया. एक युवक ने लड़की को जबरदस्ती कार में बैठाया. आस-पास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की. लेकिन आरोपी उसे अपने साथ ले गया. परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी. सब कुछ बताया कि कैसे-कैसे उनकी लड़की को कुछ लोग उठा ले गए. घटना CCTV कैमरा में भी कैद हो गई.

Advertisement

वीडियो में देखा जा सकता है कि लड़की घर के बाहर बैठी है. वह एक बच्ची के साथ खेल रही है. सब कुछ सही चल रहा है. लोग आराम से इधर-उधर निकल रहे हैं. तभी काले रंग की एक कार उनके घर के बाहर रुकती है. उसमें से एक लड़का निकलता है और युवती को अपने साथ उठाकर ले जाने लगता है. तभी एक लड़की छोटी बच्ची को अंदर लेकर जाती है. दूसरे लोग 'पीड़िता' को ‘किडनैपर’ से बचाने की कोशिश करते हैं. लेकिन वो सब पर भारी पड़ते हुए युवती को कार में बिठाकर फरार हो जाता है.  

घटना के बाद दहशत में आए लोग

पुलिस ने आरोपी की पहचान उर्दूपुरा निवासी ध्रुव कुमावत के रूप में की है. इंडिया टुडे से जुड़े संदीप की रिपोर्ट के मुताबिक, घटना मंगलवार, 29 सितंबर की रात लालबाई-फूलबाई इलाके में हुई. युवती के पिता थाने की क्रेन चलाते हैं. किडनैपिंग की घटना के बाद से सब दहशत में आ गए थे. क्योंकि इलाके में ऐसी घटना पहली बार हुई थी. उन्हें डर था कि आज ड्राइवर की बेटी को किडनैपर लेकर चले गए, कल कोई और भी उनका शिकार हो सकता है.

Advertisement

लेकिन अगले दिन मामला ‘वक्त बदल गया जज्बात बदल गए’ वाला हो गया. परिवार, पड़ोसियों के मन में तमाम सवाल थे जिन पर उस वक्त लगाम लग गई जब लड़की के फोन से एक वीडियो मैसेज परिजनों को भेजा गया. इसमें कहा गया कि वह अपनी मर्जी से युवक के साथ आई है.  

वारदात के बाद युवती ने भेजा वीडियो 

क्लिप में लड़की और ध्रुव नजर आ रहा है. वह खुद को बालिग बता रही है. ध्रुव कह रहा है, 

“(हम) दोनों अपनी मर्जी से भागे हैं. घर के लोगों पर कोई भी दबाव ना डाला जाए. दो-तीन दिन में हम खुद सभी के सामने आ जाएंगे. हम दोनों ने शादी कर ली है.”

Advertisement

ये भी पढ़ें: सौरभ राजपूत मर्डर: मुस्कान और साहिल पर कोर्ट का फैसला आ गया

रिपोर्ट के मुताबिक, लड़की ने एक और वीडियो भेजा था. इसमें ध्रुव ने कहा कि वह चार साल से बात कर रहे हैं. आगे युवती कहती है कि उसे ले जाने में कोई जबरदस्ती नहीं की गई है. सारा तरीका लीगल था. युवती ने कहा, “मैं गाड़ी में बैठ रही थी. लेकिन दीदी ने हाथ पकड़ लिया.” दोनों का कहना था कि जो घटनाक्रम हुआ वह ‘गलत तरीका नहीं’ है.

पुलिस ने ध्रुव और उसके साथी के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है. जीवाजीगंज सर्किल सीएसपी पुष्पा प्रजापति ने बताया कि युवक-युवती की तरफ से बालिग होने और शादी किए जाने का वीडियो भी संज्ञान में आया है. लेकिन पुलिस वीडियो की जांच करेगी.

वीडियो: पिता NDA समर्थित सांसद, बेटा SP के टिकट पर राज्यसभा उम्मीदवार... कौन हैं धनराज नाथवानी?

Advertisement