The Lallantop

उदयनिधि स्टालिन को HC ने रिहा करने का आदेश दिया, एक्ट्रेस तृषा को लेकर 'घटिया' बात बोली थी

Udhayanidhi Stalin on Trisha: गिरफ्तारी से बचने के लिए उदयनिधि ने मद्रास हाई कोर्ट का रुख किया है, जो मंगलवार को ही उनकी अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई करेगा.

Advertisement
post-main-image
उदयनिधि स्टालिन को तमिलनाडु पुलिस ने घर से हिरासत में लिया. (ITG)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • तमिलनाडु विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन को एक्ट्रेस तृषा पर कथित अभद्र टिप्पणी के मामले में मद्रास हाई कोर्ट ने पूछताछ के बाद रिहा करने का आदेश दिया।
  • उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ तंजावुर में कावेरी नदी के पानी के मुद्दे पर हुई उनकी भाषण में एक्ट्रेस तृषा के संबंध में विवादित टिप्पणी के कारण FIR दर्ज की गई थी।
  • हाई कोर्ट के आदेश से उदयनिधि स्टालिन को हिरासत के बाद जमानत मिली, जिससे वे आगामी विधानसभा सत्र में भाग ले सकेंगे और विरोधी दल की भूमिका निभा पाएंगे।

तमिलनाडु में विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन को एक्ट्रेस तृषा पर कथित अभद्र टिप्पणी करने के मामले में मद्रास हाई कोर्ट से राहत मिल गई है. हाई कोर्ट ने पुलिस पूछताछ के बाद उदयनिधि को आज (मंगलवार, 4 अगस्त) ही रिहा करने का आदेश दिया. मंगलवार को तमिलनाडु पुलिस ने द्रविड़ मुनेत्र कझगम (DMK) नेता को घर से हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया था.

Advertisement

एक्ट्रेस तृषा कृष्णन के बारे में वल्गर कॉमेंट करने के आरोप में उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ FIR दर्ज की गई. गिरफ्तारी से बचने के लिए उदयनिधि ने मद्रास हाई कोर्ट का रुख किया था, जहां से उन्हें राहत मिल गई है. हाई कोर्ट ने पुलिस को निर्देश दिया कि उदयनिधि को पूछताछ के बाद पुलिस स्टेशन से जमानत देकर रिहा कर दिया जाए.

उदयनिधि के घर चला ड्रामा

हिरासत में लिए जाने से पहले उदयनिधि स्टालिन के घर तमिलनाडु पुलिस और DMK की लीगल टीम के बीच जबरदस्त ड्रामा चला. आखिरकार, उन्हें हिरासत में ले लिया गया. पुलिस उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच चेन्नई के नीलांकरई स्थित उनके आवास से तंजावुर की ओर ले गई.

Advertisement

इंडिया टुडे से जुड़े प्रमोद माधव से बात करते हुए उदयनिधि स्टालिन ने अपने कॉमेंट का बचाव किया. उन्होंने कहा,

"मैं कुछ भी गलत नहीं कहा. क्या मैंने विजय के अलावा किसी का नाम लिया?"

उन्होंने पुलिसिया कार्रवाई को 'बदले की भावना से प्रेरित' बताया और पुलिस वैन में ले जाए जाते समय कहा, "अदालत को फैसला करने दें."

Advertisement
उदयनिधि ने क्या कहा था?

सोमवार, 3 अगस्त को तंजावुर में कावेरी नदी के पानी के बंटवारे को लेकर एक प्रोटेस्ट मीटिंग थी. इसमें उदयनिधि स्टालिन ने तमिलनाडु के लिए कावेरी का पानी हासिल करने में सरकार को नाकाम बताया. मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय की आलोचना की. आरोप है कि अपनी स्पीच में उदयनिधि स्टालिन ने सीएम विजय और एक्ट्रेस तृषा कृष्णन को लेकर अमर्यादित टिप्पणी की थी.

उदयनिधि कावेरी पानी के मुद्दे पर बोल रहे थे. अचानक भीड़ से ‘तृषा-तृषा’ की आवाज आने लगी. तभी उदयनिधि ने कुछ ऐसा कहा, जिस पर हंगामा मच गया. उनकी कथित टिप्पणी को लेकर तमिलनाडु में विवाद बढ़ने लगा.

यह भी पढ़ें: उदयनिधि ने फिर 'सनातन को जड़ से उखाड़ने' की बात की, इस बार 'कोर्ट-केस' से बच जाएंगे

उदयनिधि पर भड़कीं TVK-BJP

सीएम विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) के साथ-साथ भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने उदयनिधि को महिला विरोधी बताया. उनकी आलोचना की. तंजावुर में उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ एक FIR दर्ज की गई, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लिया गया.

TVK नेता आधव अर्जुन ने उदयनिधि को 'अश्लील निधि' कहा. उन्होंने आरोप लगाया कि उदयनिधि ने अपनी बातों से राजनीतिक बातचीत का स्तर गिराया और महिलाओं का अपमान किया.

Aadhav Arjuna TVK
आधव अर्जुन के पोस्ट. (ITG)

आधव अर्जुन ने आगे कहा, "आज उन्होंने महिलाओं के बारे में अपनी घटिया सोच जाहिर करते हुए जो अश्लील स्पीच दी, उसे सुनकर ही कान शर्म से झुक जाते हैं. तमिलनाडु की कोई भी मां, बहन या माता-पिता ऐसे घटिया भाषण को कभी स्वीकार नहीं करेंगे."

TVK के प्रवक्ता फेलिक्स गेराल्ड ने सवाल उठाया कि क्या उदयनिधि अपने ही बच्चों के सामने भी वैसी ही बातें दोहराएंगे?

विजय सरकार पर भड़कीं कनिमोझी

DMK सांसद और उदयनिधि स्टालिन की बुआ कनिमोझी करुणानिधि ने उनकी हिरासत पर प्रतिक्रिया दी है. कनिमोझी ने X पर लिखा,

"अगर सरकार विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन से व्यक्तिगत तौर पर बदला लेना चाहती है, तो वह केस दर्ज करे. अदालत को अपना फैसला सुनाने दे. लेकिन, एक विपक्षी पार्टी के तौर पर DMK का सामना करने की हिम्मत ना होने पर, सरकार का इस तरह के दमनकारी हथकंडे अपनाना कानून के खिलाफ है."

Kanimozhi Karunanidhi
कनिमोझी करुणानिधि का पोस्ट. (X)

कनिमोझी ने आरोप लगाया कि उदयनिधि को केवल इसलिए हिरासत में लिया गया, ताकि वे कल (5 अगस्त) से शुरू हो रहे विधानसभा सत्र में शामिल ना हो सकें. उन्होंने इसे सरकार की बुजदिली करार दिया.

वीडियो: CM विजय के सामने उदयनिधि स्टालिन ने सनातन पर की टिप्पणी, BJP भड़की

Advertisement