पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद अभिषेक बनर्जी के ‘MP ऑफिस’ पर बुलडोजर चल गया है. साउथ 24 परगना जिले में स्थित MP ऑफिस पर बुलडोजर कार्रवाई की गई. पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे और TMC के जनरल सेक्रेटरी अभिषेक बनर्जी डायमंड हार्बर सीट से सांसद हैं.
अभिषेक बनर्जी के MP ऑफिस पर चला बुलडोजर, KMC का बड़ा एक्शन
West Bengal में TMC सांसद Abhishek Banerjee के दफ्तर पर बुलडोजर चला दिया गया है. कार्रवाई से पहले एक नोटिस चस्पा किया गया था. कोलकाता नगर निगम (KMC) ने यह कार्रवाई क्यों की?


शनिवार, 18 जुलाई को अभिषेक बनर्जी के ऑफिस पर बुलडोजर एक्शन हुआ. इंडिया टुडे से जुड़े तपस सेनगुप्ता की रिपोर्ट के मुताबिक, यह कार्रवाई कोलकाता नगर निगम (KMC) की ओर से की गई है. सुबह के समय अमतला इलाके में बुलडोजर पहुंचा और ऑफिस को गिराना शुरू कर दिया. बुलडोजर कार्रवाई से पहले KMC की ओर से एक नोटिस चस्पा किया गया था, जिसमें बताया गया था कि यह बिल्डिंग ‘बिना मंजूरी’ के बनाई गई है.
अभिषेक के ऑफिस पर बुलडोजर चलाते समय सुरक्षा व्यवस्था टाइट कर दी गई थी. इलाके में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर तैनात थे. ऑफिस को तोड़ते समय इलाके के लोग और TMC के कार्यकर्ताओं की भीड़ इकट्ठा हो गई थी.
KMC की ओर से अभिषेक बनर्जी, उनके परिवार और उनकी कंपनी ‘लीप्स एंड बाउंड्स’ से जुड़ी करीब 17 प्रॉपर्टी के लिए नोटिस जारी किया गया था. इसके बाद ही यह कार्रवाई अमल में लाई गई. जिन प्रॉपर्टी को लेकर नोटिस जारी किया गया, उनमें हरीश मुखर्जी रोड पर स्थित अभिषेक का घर ‘शांतिनिकेतन’ का नाम भी शामिल है.
यह मामला ऐसे समय पर सामने आया, जब भारतीय जनता पार्टी (BJP) की ओर से 43 प्रॉपर्टी को लेकर एक लिस्ट जारी की गई. इसमें दावा किया गया कि ‘ये सारी प्रॉपर्टी डायमंड हार्बर के सांसद अभिषेक बनर्जी की हैं.’ यह भी बताया गया कि ये लिस्ट कोलकाता नगर निगम के प्रॉपर्टी रिकॉर्ड से ली गई थी.
इस मामले पर TMC के राज्यसभा सांसद साकेत गोखले का बयान आया है. साकेत गोखले ने इन दावों को ‘खारिज’ कर दिया. साथ ही कहा कि डेटा में ‘अभिषेक बनर्जी’ नाम के कई व्यक्तियों के नाम थे. ऐसे में इससे ये साबित नहीं होता कि लिस्ट में शामिल सारी प्रॉपर्टी TMC नेता की हैं.
यह भी पढ़ें: अभिजीत दिपके की भूख हड़ताल, सोनम वांगचुक को ले जाने पर बोले- ‘ये दिल्ली पुलिस नहीं, RSS के गुंडे हैं’
इस बुलडोजर एक्शन पर अब तक न तो अभिषेक बनर्जी का और न ही TMC की ओर से कोई बयान जारी किया गया है. पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव 2026 में BJP की जीत के बाद से TMC को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. अभिषेक के ऑफिस पर बुलडोजर एक्शन इसमें और जुड़ गया है.
वीडियो: यूपी बुलेटिन: मुख्यमंत्री योगी के दौरे से पहले संभल में क्या हुआ?








