The Lallantop

पिता की 11 बीमा पॉलिसी करोड़ों की हो गईं, बेटों को पता चल गया, पता है कैसे मारा?

इंश्योरेंस कंपनियों ने अपनी जांच में इस मौत को संदिग्ध बताया. इसके बाद पुलिस के शक की सुई गणेश के दोनों बेटों की ओर घूमी. जांच में पता चला कि गणेश ने कुल 11 इंश्योरेंस पॉलिसी ले रखी थीं, जिनकी कुल राशि 3 करोड़ रुपये थी.

Advertisement
post-main-image
तमिलनाडु में दो बेटों ने इंश्योरेंस के पैसों के लिए पिता को सांप से कटवाकर मारा. (सांकेतिक तस्वीरें: PTI और Unsplash.com)

'बाप बड़ा न भईया, सबसे बड़ा रुपइया.' ये कहावत चरितार्थ हुई है तमिनलाडु के तिरुवल्लूर में. यहां इंश्योरेंस के पैसे के लिए बेटों पर पिता की हत्या की साजिश करने का आरोप लगा है. साजिश भी कैसी? सांप से कटवाने की. पुलिस ने मामले में दो बेटों समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया है.

Advertisement

यह घटना 22 अक्टूबर को तमिलनाडु के तिरुवल्लुर जिले के पास के पोथाथुरपेट्टई गांव में हुई. मृतक गणेश एक सरकारी संस्थान में लैब असिस्टैंट के तौर पर काम करते थे. उनकी मौत उस समय हुई जब वह रात में सो रहे थे. पुलिस के मुताबिक, उनकी गर्दन पर सांप के काटने के निशान मिले थे.

शुरूआत में उनकी मौत को एक सामान्य दुर्घटना माना गया. लेकिन इंश्योरेंस कंपनियों ने अपनी जांच में इस मौत को संदिग्ध बताया. इसके बाद पुलिस के शक की सुई गणेश के दोनों बेटों की ओर घूमी. जांच में पता चला कि गणेश ने कुल 11 इंश्योरेंस पॉलिसी ले रखी थीं, जिनकी कुल राशि 3 करोड़ रुपये थी.

Advertisement

इंडिया टुडे के मुताबिक, पुलिस को पता चला कि मौत से एक हफ्ते पहले भी गणेश के साथ एक हादसा हुआ था. बीबीसी के मुताबिक, तब भी गणेश को सांप ने कांटा था. लेकिन तब वह बच गए थे. पुलिस के मुताबिक, मौत से एक सप्ताह पहले गणेश के बेटों ने दिनकरन नाम के एक व्यक्ति से एक कोबरा सांप खरीदा था. उन्होंने उसी सांप से गणेश के पैर में कटवाया था. 

इस हादसे की जानकारी के बाद पुलिस का शक गहरा गया. उसने कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच की. इसमें गणेश के बेटों और दूसरे आरोपियों के बीच बातचीत के सबूत मिले. पता चला कि 22 अक्टूबर की सुबह आरोपी घर में एक ‘रैटलस्नैक’ लेकर आए थे. सांप की ये प्रजाति काफी जहरीली होती है. आरोप है कि रात में जब गणेश सो रहे थे, तभी सांप को उनके पास छोड़ दिया गया. उसने गणेश की गर्दन पर काट लिया. 

तिरुवल्लुर जिले के एसपी विवेकानंद शुक्ला ने बताया,

Advertisement

जांच से पता चला है कि मरीज को अस्पताल ले जाने में अनावश्यक देरी हुई. यह इस बात का महत्वपूर्ण सबूत है कि यह एक सोची-समझी साजिश थी. 

तकनीकी साक्ष्यों और लगातार पूछताछ के आधार पर पुलिस ने अब तक छह लोगों को गिरफ्तार किया है. इनमें मृतक के दोनों बेटे भी शामिल हैं. पुलिस का आरोप है कि इन लोगों ने मिलकर सांप का इंतजाम किया और हत्या की साजिश को अंजाम दिया. फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है.

वीडियो: सांप रेस्क्यू करने वाले को ही सांप ने काट लिया, ICU में भर्ती

Advertisement