सोशल मीडिया पर एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है. वीडियो में स्वतंत्र भारद्वाज नाम के शख्स को यह कुबूल करते हुए हुए सुना जा सकता है कि उसने दिल्ली में 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के प्रोटेस्ट के दौरान एक छात्रा निशु आजाद के पिता पर बेरहमी से हमला किया. स्वतंत्र ने यह भी कहा कि इस स्थिति में उस पर हत्या के प्रयास का मामला बनता था. आगे मिश्रा ने यह भी कहा कि दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा के फोन की वजह से उसे छोड़ दिया गया.
CJP प्रोटेस्ट में हमला करने वाले स्वतंत्र भारद्वाज का दावा,'निशु के बाप का सिर फाड़े...कपिल मिश्रा ने फोन किया...'
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में Swatantra Bhardwaj ने CJP Protest में छात्रा के पिता पर हमले की बात कबूल की है. कैमरे पर स्वतंत्र भारद्वाज ने कहा, 'निशु के बाप का सिर फोड़े हैं...' फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है.

CJP नेता, स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ हत्या के प्रयास (धारा 307) का मामला दर्ज कराने और उसकी तुरंत गिरफ्तारी की मांग को लेकर नई दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन पहुंचे हैं. CJP प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा,
“जंतर मंतर पर हुए एक प्रोटेस्ट के दौरान निशु के पिता संजय के साथ मारपीट की गई थी. हम लगातार न्याय की मांग करते रहे. दिल्ली में हालात ऐसे हैं कि अपराधी खुलेआम अपना अपराध कबूल कर रहा है. लेकिन दिल्ली पुलिस ने BJP के कहने पर कोई कार्रवाई नहीं की. हम निशु और उनके पिता के साथ खड़े रहे हैं. हम पुलिस से हत्या का मामला दर्ज करने की मांग करेंगे.”
पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन के बाहर CJP नेता सौरव दास ने कहा,
"ये अपराधी दिल्ली में खुलेआम क्यों घूम रहे हैं? आज अपराधी खुलेआम दावा कर रहे हैं कि उन्होंने CJP के विरोध-प्रदर्शन के दौरान लोगों पर हमला किया था. वे लड़कियों को भी धमका रहे हैं. दिल्ली पुलिस को इस पर जवाब देना चाहिए. हम चुप नहीं बैठेंगे. हम दबाव बनाना जारी रखेंगे. आज पुलिस के रवैये को देखते हुए हम तय करेंगे कि आगे क्या करना है."
एक पॉडकास्ट में खुद को ‘हिंदुत्व इन्फ्लुएंसर’ बताने वाले स्वतंत्र भारद्वाज ने बड़े गर्व से दावा किया कि कैसे उसने निशु के पिता को लगभग मार डाला था, लेकिन उसे जेल भी नहीं हुई. उसने पॉडकास्ट में कहा,
"निशु के बाप का हम सर फाड़े... आपको पता है, इसको कौन सा धारा लगता है? हाफ मर्डर. धारा 307. सर पे सात टांका लगा हुआ था. बंदा मरने के हालात पर एम्बुलेंस में जा रहा था. उसकी बेटी थाने के बाहर खड़े होके कह रही थी कि अगर मेरे बाप को इन्साफ नहीं मिला तो हम जहर खाके मर जायेंगे?”
'कपिल मिश्रा और चिराग पासवान बड़े भाई हैं'
इतना ही नहीं, स्वतंत्र ने दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को अपना बड़ा भाई बताते हुए उनका आभार जताया. उसने पॉडकास्ट में कहा,
“हम तो जेल भी नहीं गए. पूरी दुनिया को ये बात पता होनी चाहिए, हम जेल भी नहीं गए... एक तो हमारे बालाजी की कृपा है, दूसरा कपिल मिश्रा अपने बड़े भाई हैं. ये लोग कहते हैं कपिल मिश्रा के लिए कॉल आ गया, छोड़ दिया गया.”
चिराग पासवान के अलावा स्वतंत्र भारद्वाज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी जिक्र किया. उसने दावा किया कि वे उनके बड़े भाई जैसे हैं.
दिल्ली पुलिस ने क्या बताया?'द कैजुअल टॉक' नाम के चैनल का एक पॉडकास्ट दो दिन पहले यूट्यूब पर रिलीज हुआ था. इस पॉडकास्ट की क्लिप वायरल होने के बाद दिल्ली पुलिस पर एक बार फिर प्रदर्शनकारियों पर हिंसा करने वाले लोगों को बचाने का आरोप लगा है. हालांकि, दिल्ली पुलिस ने इससे इनकार किया है. गुरुवार, 3 सितंबर की शाम को इस मामले पर दिल्ली पुलिस का बयान आया. दिल्ली पुलिस के मुताबिक, इस मामले में कानून के अनुसार कार्रवाई की गई.
दिल्ली पुलिस ने ‘X’ पर दावा किया कि निशु के पिता संजय कुमार को हाथापाई के दौरान कड़े से सिर पर चोट लगी थी. पुलिस ने 'खोपड़ी में दरार' वाली बात को 'गलत जानकारी' बताया, जबकि स्वतंत्र भारद्वाज ने खुद यह बात कैमरे के सामने कुबूल की है. पोस्ट में लिखा गया,
“23 जून को जंतर-मंतर पर CJP के विरोध प्रदर्शन के दौरान गाजियाबाद के रहने वाले संजय कुमार (38) के सिर पर चोट लगी. यह चोट हाथापाई के दौरान कथित लोगों में से एक द्वारा पहने गए कड़े से लगी थी... RML अस्पताल के डॉक्टरों ने उनकी मेडिकल जांच की और बताया कि चोटें मामूली थीं. ये चोटें कड़े से लगी थीं, न कि किसी हथियार से. खोपड़ी में दरार की गलत जानकारी तथ्यों या MLC से मेल नहीं खाती और पूरी तरह से बेबुनियाद है.”

दिल्ली पुलिस ने बताया कि संजय कुमार के बयान के आधार पर पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया. पोस्ट में लिखा गया,
“उन्हें घटना स्थल से हिरासत में लिया गया और जांच के दौरान, सूरज कुमार (24) और स्वतंत्र भारद्वाज (21) को कानून के मुताबिक नोटिस दिए गए और उनसे पूछताछ की गई. जरूरी कानूनी कार्रवाई की गई है और जल्द ही अदालत में चार्जशीट दाखिल की जाएगी.”
राहुल गांधी ने छात्रा की उठाई आवाजनिशु आजाद ने वीडियो बनाकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से न्याय दिलाने में मदद की अपील की. उसके बाद राहुल गांधी ने ‘X’ पर एक पोस्ट किया. उन्होंने लिखा,
"निशु, घबराने की जरूरत नहीं है. मैं तुम्हारे साथ हूं. साफ है कि तुम्हें इसलिए निशाना बनाया गया क्योंकि तुम अपने समुदाय और छात्रों के हक की आवाज उठाती हो. अमित शाह की दिल्ली पुलिस एक तरफ छात्रों के साथ अमानवीय बर्बरता करती है. दूसरी तरफ एक दलित लड़की के पिता का सिर फोड़ने वाला अपराधी खुलेआम घूम रहा है."
राहुल गांधी ने आगे लिखा,
“नरेंद्र मोदी जी और अमित शाह जी-ऐसे अपराधी को आपका और आपकी पार्टी के लोगों का संरक्षण क्यों है? अब भी कार्रवाई होगी या किसी को बचाते रहेंगे? निशु, तुम्हारी लड़ाई अकेली नहीं है. हम तब तक नहीं रुकेंगे जब तक न्याय नहीं मिल जाता. जय भीम. जय संविधान.”
ये भी पढ़ें: CJP प्रोटेस्ट में बिना वर्दी के लोगों को लाठियां मारने वाले कौन थे, दिल्ली पुलिस ने SC को बता दिया
कौन है स्वतंत्र भारद्वाज?मीडिया रिपोर्ट्स में स्वतंत्र भारद्वाज की पहचान दक्षिणपंथी, हिंदुत्व-समर्थक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और राजनीतिक कार्यकर्ता के तौर पर की गई है. मूल रूप से बिहार के दरभंगा का रहने वाला स्वतंत्र भारद्वाज खुद को ‘स्वतंत्र सनातनी योद्धा’ बताता है.
वीडियो: दिल्ली की सड़कों पर फिर उतरेगी CJP, सरकार पर क्या आरोप लगाए?










