The Lallantop

आमिर शौकीन को पुलिस ने धर लिया, रील के चक्कर में त्रिपुरा के युवक को 'चाइनीज' बोला था

शौकीन ने त्रिपुरा के युवक की तुलना पॉप सिंगर माइकल जैक्सन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से भी की थी. वो त्रिपुरा का नाम भी ठीक से नहीं ले रहा था. वीडियो वायरल हुआ तो सवाल उठने लगे. शिकायत दर्ज हुई. और अब उसे गिरफ्तार किया गया है.

Advertisement
post-main-image
आमिर ने माफी मांगी, लेकिन मिली नहीं. (Photo Courtesy: India Today)

दिल्ली पुलिस ने कॉन्टेंट क्रिएटर आमिर शौकीन को गिरफ्तार कर लिया है. आमिर पर त्रिपुरा के एक युवक के साथ बदसलूकी करने और उस पर नस्लीय कॉमेंट्स करने का आरोप है. सोशल मीडिया पर आमिर शौकीन का एक वीडियो वायरल हुआ था. इसमें वो त्रिपुरा के लड़के के साथ बदतमीज़ी करता दिखाई दिया था. उसने युवक को ‘चाइनीज’ कहा था.

Advertisement

इतना ही नहीं शौकीन ने त्रिपुरा के युवक की तुलना पॉप सिंगर माइकल जैक्सन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से भी की थी. वो त्रिपुरा का नाम भी ठीक से नहीं ले रहा था. वीडियो वायरल हुआ तो सवाल उठने लगे. शिकायत दर्ज हुई. और अब उसे गिरफ्तार किया गया है.

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक़ हर तरफ से घिरने के बाद आमिर शौकीन फरार चल रहा था. पुलिस को 22 अक्टूबर दोपहर में उसकी लोकेशन शाहदरा में मिली थी. लेकिन वो लगातार अपनी जगह बदल रहा था. इसके बाद सदर बाजार पुलिस ने टेक्निकल सर्विलांस की मदद से उसे करोल बाग से गिरफ्तार कर लिया. बताया जा रहा है कि आमिर अपने एक रिश्तेदार के घर छिपा हुआ था.

Advertisement

इस मामले में दिल्ली पुलिस ने सदर बाजार थाने में आमिर के खिलाफ केस दर्ज किया है. उस पर भारतीय न्याय संहिता यानी BNS की धारा 192, 196, 352 और 353 लगाई गई हैं. बताया गया कि आमिर के खिलाफ पहले भी मारपीट और धमकी देने जैसे मामलों में केस दर्ज होने की बात सामने आई है.

त्रिपुरा के युवक को कहा 'चाइनीज'

मामले का खुलासा सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो से हुआ. इसमें आमिर शौकीन एक युवक को रोककर उससे उसकी पहचान और उसके राज्य के बारे में पूछता है. जब युवक बताता है कि वो त्रिपुरा से है, तो वीडियो में उसकी शक्ल-सूरत और पहचान को लेकर आपत्तिजनक बातें कही जाती हैं.

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने आमिर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. त्रिपुरा स्टूडेंट्स फोरम ने दिल्ली पुलिस को एक औपचारिक शिकायत दी थी. इसमें एफआईआर दर्ज कर मामले की तुरंत जांच करने की मांग की गई थी. फोरम ने वीडियो में त्रिपुरा के लिए अपमानजनक भाषा के इस्तेमाल पर भी चिंता जताई. उन्होंने कहा था कि ये न केवल उस व्यक्ति का, बल्कि पूरे राज्य के लोगों का भी अपमान है.

Advertisement

त्रिपुरा में भी इस घटना को लेकर नाराजगी देखने को मिली. मुख्यमंत्री माणिक साहा ने राज्य के DGP को दिल्ली पुलिस से बात करके आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए. वहीं, दिल्ली पुलिस की नॉर्थ ईस्ट से जुड़े मामलों को देखने वाली टीम ने भी वीडियो की जानकारी साइबर सेल को दी. साइबर सेल की एक टीम इस मामले की जांच में जुट गई. केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी वीडियो शेयर करते हुए दिल्ली और त्रिपुरा पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी. 

दिल्ली के नॉर्थ जिले की DCP निहारिका भट्ट ने बताया कि पुलिस को सोशल मीडिया के जरिए आमिर शौकीन के वीडियो की जानकारी मिली थी. वीडियो में वो त्रिपुरा के एक युवक के लिए नस्लभेदी शब्दों का इस्तेमाल करता दिख रहा था. DCP ने कहा कि वीडियो में इस्तेमाल की गई भाषा बहुत गंभीर है. इस तरह की हरकत होने पर पुलिस केस दर्ज करके तुरंत कार्रवाई करती है. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस तरह की भाषा का इस्तेमाल न करें और ऐसा व्यवहार करने से बचें.

विवाद बढ़ने के बाद आमिर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी करके माफी भी मांगी थी. उसका कहना था कि वो कॉन्टेंट क्रिएटर है और इस तरह के मजाकिया वीडियो बनाता रहता है. उसने दावा किया कि वायरल वीडियो पहले से तय करके बनाया गया था. साथ ही उसने कहा कि अगर उसके वीडियो से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं, तो उसे माफ कर दिया जाए.

हालांकि माफी नहीं मिली. आमिर के लिए ‘देर हो गई’ है.

वीडियो: त्रिपुरा के युवक के साथ बदसलूकी करने वाले आमिर शौकीन पर क्या कार्रवाई हुई?

Advertisement