The Lallantop

अविमुक्तेश्वरानंद के 'आश्रम के बटुक' कैमरा पर बोले, 'हमारे साथ गंदा काम हुआ, VVIP लोग आते थे'

पीड़ित बटुकों के मुताबिक, उन्हें अलग-अलग राज्यों से आश्रम लाया गया. आरोप है कि वहां पहले डराया गया और फिर यौन शोषण किया गया. कई बार यह सब दूसरों के सामने किया गया.

Advertisement
post-main-image
बटुकों ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर यौन शोषण के गंभीर आरोप लगाए हैं. (फाइल फोटो: आजतक)
author-image
आशीष श्रीवास्तव

ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर बटुकों ने यौन शोषण के गंभीर आरोप लगाए हैं. इनमें से दो बटुकों ने आजतक से बात करते हुए दावा किया कि आश्रम में उनके साथ लंबे समय तक 'गलत काम' किया गया. पीड़ित बटुकों के मुताबिक, उन्हें अलग-अलग राज्यों से आश्रम लाया गया था. वहां कथित तौर पर पहले डराया गया और फिर यौन शोषण किया गया. बटुकों ने यहां तक दावा किया कि कई बार यह सब ‘दूसरों के सामने’ किया गया. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

रिपोर्ट के मुताबिक, पीड़ितों ने यह भी आरोप लगाया है कि इस अपराध में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के साथ उनके शिष्य स्वामी मुकुंदानंद गिरि और अन्य लोग भी शामिल थे. बटुकों का कहना है कि कई और बच्चे अब भी आश्रम में फंसे हुए हैं.

एक बटुक ने कैमरा पर आरोप लगाया, “बाहर से VVIP लोग बुलाए जाते थे… उनको हम पहचान सकते है. लेकिन नाम नहीं पता. हमें उनके सामने पेश किया जाता था. कहते थे कि गुरु दीक्षा लो चलकर. फिर वे लोग हमारे साथ गंदा काम करते थे. हम कहते थे छोड़ दो दर्द हो रहा है, तो कहते थे चुप रहो वर्ना बहुत बुरा होगा.”

Advertisement

दूसरे बटुक ने बताया, “जब प्रयागराज माघ मेला बवाल हुआ तो हमें भागने का मौका मिला और हम मठ से भागकर आशुतोष महाराज (आशुतोष ब्रह्मचारी) के पास आए. उन्हें आपबीती बताई. उन्होंने कहा कि वे हमारी मदद करेंगे.”

इससे पहले, प्रयागराज के POCSO स्पेशल कोर्ट ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ FIR दर्ज करने का निर्देश दिया था. इस मामले में शाकुंभरी पीठाधीश्वर आशुतोष ब्रह्मचारी ने कोर्ट में अपील दायर की थी, जिसके बाद पॉक्सो स्पेशल कोर्ट ने यह आदेश दिया. स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के साथ उनके शिष्य स्वामी मुकुंदानंद गिरि पर भी FIR दर्ज करने के आदेश दिए गए. 

आशुतोष ब्रह्मचारी ने कोर्ट में आरोप लगाया था कि आश्रम में नाबालिग बच्चों का यौन शोषण किया जाता है. उन्होंने सबूत के तौर पर एक सीडी जमा करने का भी दावा किया है. कोर्ट में दो नाबालिगों के बयान वीडियोग्राफी के साथ दर्ज किए गए. पुलिस रिपोर्ट को भी संज्ञान में लिया गया.

Advertisement

ये भी पढ़ें: आशुतोष ब्रह्मचारी, IPS अजय पाल शर्मा एक ही तस्वीर में, अविमुक्तेश्वरानंद बोले- ‘ये कैसी जांच है’

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने आशुतोष ब्रह्मचारी के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है. उन्होंने बताया, “आरोप लगाने वाले सभी पीड़ित बच्चे आशुतोष के साथ ही रह रहे हैं. वे दोनों लड़के उनके पास रहते हुए कर्मकांड और पूजा पाठ करा रहे हैं.”

अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि वह सारे सबूत कोर्ट में देंगे.

वीडियो: स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद यौन शोषण मामले में पीड़ित ने साजिश की खोली पोल!

Advertisement