The Lallantop

हफ्ते भर में एक ही दुकान से दो बार हुई चोरी, दोनों बार चोर नोटों की माला बनवाकर हुए रफू चक्कर

हरियाणा में एक दुकान से चोरी की गजब वारदात हुई है. एक वीडियो में दिख रहा है कि एक शख्स दुकान में नोटों की माला बनाने के लिए कहता है. माला तैयार होने के बाद वह बिना पैसे दिए रफू चक्कर हो जाता है. एक हफ्ते पहले भी ठीक ऐसी ही घटना हुई थी.

Advertisement
post-main-image
हरियाणा में एक हफ्ते में एक ही दुकान से दो बार चोरी हो गई. (courtesy: इंडिया टुडे)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • हरियाणा के सोनीपत जिले के गोहाना रोड स्थित बबलू बैंगल्स स्टोर में एक ही हफ्ते में दो बार दिनदहाड़े चोरी की घटनाएं हुईं, जिसमें आरोपी नोटों की माला बनाने का बहाना कर सामान लेकर भाग गए।
  • चोरी के पीछे कारण यह है कि आरोपियों ने दुकान में नोटों की माला बनवाने का नाटक करके दुकानदार को भ्रमित किया और ऑनलाइन पेमेंट करने की एक्टिंग करते हुए बिना पैसे दिए सामान लेकर फरार हो गए।
  • दोनों घटनाओं का वीडियो CCTV में कैद हो चुका है, पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है, साथ ही घटनाओं के जुड़े होने की भी जांच कर रही है।

हरियाणा के सोनीपत जिले में एक दुकान में दिनदहाड़े चोरी का मामला सामने आया है. एक ही हफ्ते के अंदर उसी दुकान में दो बार ठीक एक जैसे तरीके से चोरी हुई है. उससे भी ज्यादा हैरानी की बात है कि दोनों बार चोरी का पैटर्न बिल्कुल एक जैसा रहा. हफ्ते भर में दो चोरी के बाद दुकानदार बबलू को कुल 15 हज़ार से ज्यादा का नुकसान हुआ है. उन्होंने सिटी थाना पुलिस में शिकायत दर्ज की है. 

Advertisement

आजतक से जुड़े पवन राठी की रिपोर्ट है. इसके मुताबिक, घटना शहर के गोहाना रोड स्थित एक जनरल स्टोर की है. दुकान का नाम है ‘बबलू बैंगल्स स्टोर’. चोरी की दोनों घटनाएं CCTV में कैद हो गई हैं. 

CCTV में क्या दिखा? 

वीडियो में दिख रहा है कि लाल रंग का शर्ट पहने एक युवक दुकान के अंदर आता है. वो दुकानदार बबलू से नोटों की माला बनाने को कहता है. बबलू के मुताबिक, युवक ने 1,100 और 500 रुपये के नोटों की माला बनाने के लिए कहा था. उन्होंने उसकी मांग के मुताबिक नोटों की माला तैयार की और सामान को पॉलीबैग में रख दिया. इसके बाद युवक ने ऑनलाइन पेमेंट करने को कहा. 

Advertisement

दुकानदार ने उन्हें रुकने के लिए कहा. लेकिन इतनी ही देर में युवक बिना पैसे दिए रकम लेकर भाग गया. जब तक बबलू को मामला समझ में आता तब तक दो युवक स्कूटी पर बैठकर रफू-चक्कर हो गए थे. बबलू स्कूटी का नंबर भी नहीं देख पाए.  

दुकानदार का कहना है कि एक हफ्ते पहले भी ऐसी ही घटना हुई थी. जब युवक नोटों का माला बनवाकर बिना पैसे दिए भाग गए. बताया कि उस समय एक कार में तीन युवक दुकान पर पहुंचे थे. उन्होंने पैसों की माला बनवाने के लिए करीब 12 हजार रुपये की रकम का सामान लिया और फिर बिना भुगतान किए फरार हो गए. 

ये भी पढ़ें: मोबाइल चोरों को पता नहीं था दुकान में असली मालिक भी है, उसी से लॉक खुलवाया, फिर...

Advertisement
पुलिस में दर्ज की शिकायत

दुकानदार बबलू का कहना है कि दोनों ही घटनाएं एकदम एक जैसी हैं. दोनों बार युवक दुकान के अंदर आए और सामान दिखाने का नाटक किया. फिर जब सामान पसंद करने के बाद उन्हें पैक कर दिया गया तब वो UPI पेमेंट करने की एक्टिंग करने लगे और मौका देखकर भाग गए. 

अब CCTV में ये पूरी घटना कैद हो गई है और आरोपियों की पहचान की जा रही है. फिलहाल पुलिस की ओर से आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. पुलिस ये भी जांच करने में जुटी है कि कहीं दोनों घटनाएं आपस में जुड़ीं तो नहीं. 

वीडियो: ‘ट्रॉफी चोर’ टैग पर घिरे मोहसिन नकवी, फैंस ने जमकर किया रोस्ट

Advertisement