The Lallantop

राजा रघुवंशी मर्डर: सोनम को देर रात कहां ले जाने वाली है पुलिस?

Meghalaya Honeymoon Murder: शिलॉन्ग पुलिस Sonam Raghuvanshi को गाजीपुर से सड़क मार्ग से पटना लेकर जाएगी. पटना से 10 जून को फ्लाइट के जरिए सोनम को गुवाहाटी लाया जाएगा, और वहां से सड़क मार्ग से Shillong ले जाया जाएगा.

Advertisement
post-main-image
सोनम रघुवंशी का मेडिकल कराया गया. (India Today/PTI)
author-image
संतोष सिंह

राजा रघुवंशी हत्याकांड में अब बड़ा अपडेट सामने आया है. हत्या की आरोपी पत्नी सोनम रघुवंशी को मेघालय पुलिस देर रात गाजीपुर से शिलॉन्ग ले जाने की तैयारी में है. सोमवार, 9 जून को सोनम ने उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में सरेंडर किया था. सरेंडर से पहले उसने अपने परिवार को फोन कर बताया था कि वह गाजीपुर में है. इसके बाद गाजीपुर पुलिस ने सोनम को बरामद करके शिलॉन्ग पुलिस को सूचना दी.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

शिलॉन्ग पुलिस गाजीपुर पहुंची और सोमवार, 9 जून की देर शाम तक सोनम का मेडिकल कराया गया, जो करीब एक घंटे तक चला. इसके बाद पुलिस ने ट्रांजिट रिमांड के लिए सोनम को जिला जज के कोर्ट में पेश किया. आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक, शिलॉन्ग पुलिस की दलील सुनने के बाद कोर्ट ने शिलॉन्ग पुलिस को सोनम की 72 घंटे की ट्रांजिट रिमांड की अनुमति दे दी.

इंडिया टुडे से जुड़े संतोष की रिपोर्ट के अनुसार, अब सोनम रघुवंशी को शिलॉन्ग पुलिस गाजीपुर से सड़क मार्ग से पटना लेकर जाएगी. पटना से 10 जून को फ्लाइट के जरिए सोनम को गुवाहाटी लाया जाएगा, और वहां से सड़क मार्ग से शिलॉन्ग. शिलॉन्ग पहुंचने के बाद सोनम से पूछताछ कर हत्या की साजिश से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं.

Advertisement

बता दें कि मध्य प्रदेश में इंदौर के रहने वाले ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी अपनी पत्नी सोनम के साथ हनीमून पर मेघालय गए थे. दोनों 23 मई से लापता थे. काफी खोजबीन के बाद 2 जून को राजा का शव मेघालय में एक गहरी खाई से बरामद हुआ था. इसके बाद मेघालय पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया. हालांकि, सोनम का कुछ पता नहीं चला था.

9 जून को गाजीपुर पुलिस को सोनम के गाजीपुर में होने की जानकारी मिली. पुलिस के सूत्रों के अनुसार, सोनम का राजा की हत्या के मामले में आरोपी राज कुशवाहा से प्रेम संबंध था. इसी के चलते उसने कथित तौर पर हनीमून का बहाना बनाकर पति को मेघालय बुलाया और वहां उसकी हत्या की साजिश रची. इस मामले में राज कुशवाहा के अलावा विशाल चौहान, आकाश राजपूत समेत कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है.

Advertisement

शिलॉन्ग पुलिस को इन तीनों आरोपियों की 7 दिनों की ट्रांजिट रिमांड मिली है. चौथे आरोपी आनंद को सागर से इंदौर लाया जा रहा है. शिलॉन्ग पुलिस चारों आरोपियों को शिलॉन्ग लेकर जाएगी.

वीडियो: राजा रघुवंशी हत्याकांड: सोनम के माता-पिता बोले- 'CBI जांच हो, पुलिस का 100% हाथ’

Advertisement