The Lallantop

पत्नी को एग्जाम दिलाने लाया था पति, सेंटर के बाहर साले ने सिर में गोली मारकर हत्या कर दी

Saharanpur man shot dead love marriage: सहारनपुर में एक शख्स की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई. मृतक अपनी पत्नी को एग्जाम दिलाने के लिए आया था. उसी दौरान ये घटना हुई. आरोप है कि घटना के पीछे लड़की के घरवालों का हाथ है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Advertisement
post-main-image
मृतक और उसकी पत्नी की लव मैरिज लगभग 4 महीने पहले हुई थी. (फोटो-इंडिया टुडे)

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में एक शख्स की कथित तौर पर उसके ससुराल वालों ने सिर में गोली मारकर हत्या कर दी. मृतक शिव कुमार (उम्र 24) की पत्नी आकांक्षा ने खुद मायके वालों पर ये लगाया है. उन्होंने बताया कि उनके भाई ने पति शिव कुमार को गोली मारी है. पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए टीम का गठन किया है. मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

शिव कुमार और आकांक्षा, दोनों ही शामली के रहने वाले हैं. लगभग 4 महीने पहले उनकी लव मैरिज हुई थी. आरोप है कि तब से ही लड़की के घरवाले उन्हें परेशान कर रहे थे और धमकियां दे रहे थे.

इंडिया टुडे से जुड़े राहुल कुमार की रिपोर्ट के मुताबिक, 9 जून को आकांक्षा का रामपुर मनिहारान स्थित गोचर इंटर कॉलेज में पुलिस भर्ती परीक्षा का पेपर था. पत्नी के साथ शिव कुमार भी आए थे. जब पेपर खत्म करके दोनों निकले थे, तभी सेंटर के बाहर कुछ दूरी पर आकांक्षा के भाई मंजित ने शिव को गोली मार दी.

Advertisement

आकांक्षा ने बताया,

“मैंने तकरीबन तीन-चार महीने पहले शिव कुमार से लव मैरिज की थी. तब से ही मेरे घर वाले हमारी जान के दुश्मन बन गए थे. आए दिन हमें फोन कर-कर के परेशान कर रहे थे. आज मेरा यूपी पुलिस का पेपर था. वहां मेरे सारे घर वाले आ गए. मेरी मम्मी भी थी, बहन भी थी, जीजा भी थे, सब थे और सेंटर से कुछ दूर जब हम गाड़ी में थे, तब मेरे भाई ने बिल्कुल सटाकर पति को गोली मारी. मेरे मम्मा भी वहीं थे. वो मुझे मारने की कोशिश कर रहे थे. मेरा आदमी आगे आ गया.”

गोली लगने के बाद शिव कुमार को रामपुर में एक हॉस्पिटल ले जाया गया. वहां से जिला अस्पताल में रेफर किया गया. मगर इलाज के दौरान ही उनकी मौत हो गई. मामले पर SP सिटी व्योम बिंदल का कहना है,

Advertisement

“शिव कुमार नाम के एक शख्स को गोली लगने की सूचना मिली थी. मृतक अपनी पत्नी को एग्जाम दिलाने आए थे. ये दोनों ही शामली के रहने वाले हैं. दोनों की करीब 4 महीने पहले लव मैरिज हुई थी. लड़की के परिवार वाले इससे खुश नहीं थे. आज जब लड़की एग्जाम देकर बाहर निकली, तो सेंटर से कुछ दूरी पर मायके वाले दोनों को मिले. उनका पीछा किया और मौका देखते ही शिव कुमार को गोली मारी दी.”

पुलिस ने फोरेंसिक साक्ष्य जुटाने और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ के बाद मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लड़की के भाइयों और मामा को पकड़ने के लिए टीम का गठन किया गया है.

वीडियो: Chhattisgarh में Police पर थप्पड़ मारने का आरोप लगाने वाला युवक कार्रवाई से पलटा

Advertisement