रेलवे पुलिस फोर्स के सीनियर डिवीजनल सिक्योरिटी कमिश्नर पी. राजमोहन का ट्रांसफर हो गया है. राजमोहन वही अधिकारी हैं जिन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए अचानक खड़े होकर पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रेल मंत्री को सैल्यूट किया था. आगरा स्टेशन पर RPF के जवानों ने रेलवे के ही एक अधिकारी की पिटाई कर उन्हें घसीट दिया था. इसी के बाद राजमोहन ने RPF का पक्ष रखते हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी.
प्रेस कॉन्फ्रेंस में पीएम मोदी को सैल्यूट किया था, RPF अधिकारी का ट्रांसफर हो गया
आगरा कैंट में रेलवे अधिकारियों और RPF के बीच हुए विवाद को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले RPF के सीनियर डिवीजनल सिक्योरिटी कमिश्नर पी. राजमोहन का ट्रांसफर कर दिया गया है. उनके ट्रांसफर को रेलवे बोर्ड ने एडमिनिस्ट्रेटिव आधार पर लिया गया एक्शन बताया है.


प्रशासनिक आधार पर हुआ ट्रांसफर
रेलवे बोर्ड के ट्रांसफर ऑर्डर में किसी वजह का जिक्र नहीं है. आदेश में बस इतना लिखा गया है कि ट्रांसफर 'प्रशासनिक आधार' पर किया जा रहा है. रेलवे बोर्ड ने 16 जुलाई 2026 को जारी आदेश में लिखा है,
आगरा के सीनियर सीनियर डिवीजनल सिक्योरिटी कमिश्नर (Sr. DSC) पी. राजमोहन को नॉर्थ सेंट्रल रेलवे से ट्रांसफर करके नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे में डिप्टी चीफ सिक्योरिटी कमिश्नर (कंस्ट्रक्शन) के पद पर नियुक्त किया है.
आदेश में साफ-साफ निर्देश दिया गया है कि अधिकारी (पी. राजमोहन) तुरंत नई पोस्टिंग की जगह पर पहुंचें और जॉइनिंग की तारीख की जानकारी जल्दी से जल्दी रेलवे बोर्ड को भेजें.

आगरा कैंट विवाद पर की थी पीसी
आगरा कैंट की घटना के बाद राजमोहन ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया था कि RPF कर्मचारियों के समर्थन में हुए प्रदर्शन के दौरान कुछ लोग रेल रोकने की साजिश कर रहे थे. उनके इस बयान के बाद मामला और चर्चा में आ गया था.
रेलवे बोर्ड ने आधिकारिक आदेश में उनके ट्रांसफर का कारण केवल एडमिनिस्ट्रेटिव ग्राउंड ही बताया है. लेकिन कई लोग इसे प्रेस कॉन्फ्रेंस से जोड़ कर देख रहे हैं. वहीं कुछ लोग इसे नॉर्मल एडमिनिस्ट्रेटिव फेरबदल भी बता रहे हैं.
ये भी पढ़ें - रेलवे चलाने जा रहा 150 नई ट्रेनें; 1 जुलाई से तत्काल टिकट की सबसे बड़ी परेशानी दूर हो जाएगी?
आरोपियों का भी हुआ ट्रांसफर
रेलवे अधिकारी से मारपीट करने वाले चारों RPF कर्मियों का भी अलग-अलग जगहों पर ट्रांसफर कर दिया गया है. SI मेघराज मीणा को झांसी मंडल के ललितपुर पोस्ट, एचसीपी बदन सिंह को चित्रकूट कर्वी (झांसी मंडल), कांस्टेबल जितेंद्र सिंह को मानिकपुर (प्रयागराज मंडल) और कांस्टेबल बालकिशन मीणा को फतेहपुर (प्रयागराज मंडल) भेज दिया गया है.
वीडियो: आगरा कैंट रेलवे स्टेशन विवाद में PC के बीच सैल्यूट मारने लगे आरपीएफ कमांडेंट












