The Lallantop

बेटी को लंदन में पढ़ता समझते रहे पेरेंट्स, पुणे में मिला शव, एक फूड ऑर्डर ने खोला राज

34 साल की मुग्धा अविनाश देशमुख इस साल अगस्त में लंदन से भारत लौट आई थीं. वे पुणे के लोढ़ा बेलमोंडो कॉम्प्लेक्स में रह रही थीं. परिवार को उनके भारत लौटने की जानकारी नहीं थी. उनकी लोकेशन का कैसा बता चला?

Advertisement
post-main-image
महिला का शव पुणे के अपार्टमेंट में मिला है. (COURTSEY-ITG)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • पुणे के पिंपरी-चिंचवड़ स्थित लोढ़ा बेलमोंडो अपार्टमेंट में 34 वर्षीय मुग्धा देशमुख का शव मिला है, जिनकी मौत का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।
  • मुग्धा ने MBA की पढ़ाई के लिए लंदन जाना शुरू किया था लेकिन अगस्त में बिना परिवार को बताए भारत लौट आईं, जिसके कारण परिवार को उनकी लोकेशन का पता नहीं चल पाया।
  • मुग्धा के अचानक भारत लौटने और मौत की जांच पुलिस द्वारा जारी है, और आगे की मेडिकल जाँच से मृत्यु के कारणों की पुष्टि होने की संभावना है।

महाराष्ट्र के पुणे के एक अपार्टमेंट में 34 साल की एक महिला का शव मिला है. महिला MBA करने के लिए लंदन गई थी. लेकिन वे पुणे के पिंपरी-चिंचवड़ के गहुंजे स्थित 'लोढ़ा बेलमोंडो' रेजिडेंशियल कॉम्प्लेक्स में मृत पाई गईं. परिवार को यही लगता रहा कि उनकी बेटी लंदन में रहकर पढ़ाई कर रही है. लेकिन वे अपने परिवार को बताए बिना चुपके से भारत लौट आई थीं.

Advertisement

मृतक महिला की पहचान महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर की रहने वाली मुग्धा अविनाश देशमुख के तौर पर हुई है. वे MBA की पढ़ाई करने यूनाइटेड किंगडम (UK) के लंदन गई थीं. उनके भारत लौटने का खुलासा तब हुआ, जब माता-पिता ने उनके बैंक स्टेटमेंट चेक किए. फूड डिलीवरी और ऑनलाइन सर्विस प्लेटफॉर्म पर हुए ट्रांजेक्शन से उन्हें पता चला कि उनकी बेटी भारत में ही है.

पुलिस का कहना है कि उनके शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं मिला है. मौत के सही कारण का अभी पता नहीं चल पाया है. पुलिस के अनुसार, मुग्धा MBA करने के लिए जुलाई 2025 में UK गई थीं. हालांकि, वे इस साल अगस्त में ही भारत लौट आई थीं और तब से अपने माता-पिता को बिना बताए पुणे में रह रही थीं.

Advertisement
फूड डिलीवरी ने कैसा खोला राज?

मुग्धा का परिवार फोन कॉल और मैसेज के जरिए उनके संपर्क में था. उन्हें यही लग रहा था कि वे लंदन में पढ़ाई कर रही हैं. 24 अक्टूबर को पेरेंट्स मुग्धा से संपर्क नहीं कर पाए. इसके बाद मुग्धा का मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ हो गया. इसके बाद उनके पिता, अविनाश देशमुख ने लंदन में उनकी एक दोस्त से संपर्क किया, ताकि उनके बारे में पता चल सके.

एक अधिकारी ने मीडिया को बताया कि उस दोस्त ने परिवार को जानकारी दी कि उसकी मुग्धा से आखिरी बार 22 अक्टूबर को मैसेज पर बात हुई थी. दोस्त ने मुग्धा के लापता होने की सूचना लंदन पुलिस को दी. लेकिन उसे बताया गया कि मुग्धा अगस्त के लास्ट तक UK से जा चुकी थीं.

इसके बाद परिवार ने मदद के लिए भारतीय अधिकारियों और हाई कमीशन से संपर्क किया. इस बीच उनके पिता ने उनके बैंक स्टेटमेंट भी देखे. स्टेटमेंट में 8 से 25 अक्टूबर के बीच फूड डिलीवरी और ऑनलाइन सर्विस प्लेटफॉर्म पर कई ट्रांजेक्शन हुए थे.

Advertisement

इनमें से एक ट्रांजेक्शन छत्रपति संभाजीनगर के उस्मानपुरा इलाके से हुआ था. इससे परिवार को शक हुआ कि मुग्धा शायद भारत लौट आई हैं. इसके बाद परिवार ने छत्रपति संभाजीनगर क्राइम ब्रांच से संपर्क किया. क्राइम ब्रांच ने मुग्धा की लोकेशन का पता लगाना शुरू कर दिया.

(यह भी पढ़ें: दिल्ली के मयूर विहार में झाड़ियों में युवक का शव मिलने से हड़कंप, शरीर पर पूरे कपड़े भी नहीं)

लोढ़ा बेलमोंडो फ्लैट के अंदर मिला शव

छत्रपति संभाजीनगर पुलिस ने देशमुख की लोकेशन को गहुंजे स्थित लोढ़ा बेलमोंडो कॉम्प्लेक्स में ट्रेस किया. उन्होंने पिंपरी-चिंचवड़ की लोकल पुलिस से संपर्क किया. पिंपरी-चिंचवड़ के शिरगांव पुलिस स्टेशन के सीनियर इंस्पेक्टर देवेंद्र चव्हाण ने बताया,

छत्रपति संभाजीनगर पुलिस ने मुग्धा की लोकेशन गहुंजे के लोढ़ा बेलमोंडो कॉम्प्लेक्स में ट्रेस की. हम उस फ्लैट तक पहुंचे जहां वे रह रही थीं, एक ताला खोलने वाले की मदद से अंदर गए और उन्हें मृत पाया.

पुलिस ने बताया कि अपार्टमेंट के अंदर मिले शव पर चोट का कोई बाहरी निशान नहीं था. मौत का सही कारण जानने के लिए उनके प्राइवेट पार्ट्स के सैंपल भी सुरक्षित रख लिए गए हैं. चव्हाण के अनुसार, मुग्धा देशमुख ने अप्रैल में ये अपार्टमेंट किराए पर लिया था, लेकिन अगस्त में यूके से लौटने के बाद ही वे वहां रहने लगी थीं.

पुलिस मुग्धा देशमुख की मौत से जुड़ी परिस्थितियों और उनके भारत लौटने के मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम से मौत के कारण का पता नहीं चल सका है. इसलिए आगे की मेडिकल जांच से यह समझने में मदद मिलने की उम्मीद है कि असल में क्या हुआ था. जांच टीम यह भी पता लगा रही है कि लंदन से लौटने के बाद वे कहां-कहां गईं. क्या वजह थी कि वह अपने परिवार को बताए बिना पुणे में रह रही थीं.

वीडियो: समुद्र में फ्लोटिंग होर्डिंग्स की तैयारी, फडणवीस सरकार की योजना पर विवाद क्यों?

Advertisement