गुजरात के राजकोट की मारवाड़ी यूनिवर्सिटी में एक छात्र ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली. 6 दिन पहले इसी विश्वविद्यालय की एक अन्य छात्रा ने भी अपनी जान दे दी थी. एक हफ्ते के अंदर दों छात्रों की मौत के बाद यूनिवर्सिटी परिसर में हड़कंप मच गया है. स्टूडेंट्स के साथ ABVP भी विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं. पुलिस सुसाइड के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है.
मारवाड़ी यूनिवर्सिटी में 6 दिन में दो सुसाइड, छात्र कह रहे- 'यहां पढ़ने मत आना'
Marwadi University student suicide: गुजरात के राजकोट की एक यूनिवर्सिटी में एक छात्र ने आत्महत्या कर ली. इस घटना से 6 दिन पहले एक अन्य छात्रा ने भी सुसाइड किया था. घटना के बाद मामले की जांच शुरू हो गई है.

मृतक की पहचान हेमंत गंदमाने के रूप में हुई है. वो आंध्र प्रदेश का रहने वाला था. हेमंत मारवाड़ी यूनिवर्सिटी के कंप्यूटर साइंस डिपार्टमेंट में थर्ड ईयर में पढ़ाई कर रहा था. 6 दिन पहले कंप्यूटर साइंस की ही छात्रा शोभर्णिका ने अपनी जान दी थी.
मरने से पहले दो लेक्चर किए थे अटेंडइंडिया टुडे से जुड़े रौनक मजीठिया की रिपोर्ट के मुताबिक, शुक्रवार, 25 सितंबर को हेमंत गंदमाने ने सुसाइड करने से पहले दो लेक्चर अटेंड किए थे. ऋषिकेश नाम के छात्र ने यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार पिंटो मेनन पर मृतक हेमंत का डांटने का आरोप लगाया है. उसका कहना है कि पिंटो ने कल उसे डांटा था. हेमंत का मेंटल प्रेशर ठीक नहीं था.
ऋषिकेश का मानना है कि ये एक कारण हो सकता है. मृतक ने ही उसे बताया था कि सर ने उसे डांटा था. ऋषिकेश ने ये तक अपील की है कि दूसरे राज्य से विद्यार्थी यहां पढ़ाई के लिए ना आएं, अपने घर से नजदीक ही पढ़ाई करें.
घटना पर मारवाड़ी यूनिवर्सिटी के डिप्टी रजिस्ट्रार निधीश वर्गीस ने दुख जताया. कहा कि एक ही सप्ताह में दूसरे छात्र की आत्महत्या की घटना से प्रशासन भी दुखी है. हेमंत पढ़ाई में काफी अच्छा था. उन्होंने घटना से पहले मृतक छात्र के प्रोफेसर के साथ किसी भी अनबन की बातों को गलत बताया.
छात्रों और पुलिस के बीच झड़पदो छात्रों के आत्मघाती कदम उठाने के बाद छात्र संगठन ABVP ने यूनिवर्सिटी परिसर में विरोध प्रदर्शन किया. इस दौरान पुलिस और ABVP के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई. रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने उन्हें थप्पड़ मारे और कुछ छात्रों पर लाठियां भी चलाईं. इस झड़प में कुछ छात्रों के घायल होने की बात सामने आई है. उन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया है. पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे ABVP के कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया.
ये भी पढ़ें: ट्रेन यात्रा के बाद बीजेपी सांसद तेजस्वी सूर्या की पत्नी ने कहा, ‘भगवान इस देश की रक्षा करे’
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर छात्र ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया. उसके परिवार, दोस्तों, प्रोफेसरों और यूनिवर्सिटी से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है. इस एंगल से भी जांच की जा रही है कि क्या छात्र किसी तरह की रैगिंग का शिकार हुआ था. मारवाड़ी यूनिवर्सिटी प्रशासन ने भी पूरे मामले की जांच के लिए एक कमेटी गठित की है.
बता दें कि मृतक शोभर्णिका के मामले में भी पुलिस को अब तक कुछ पता नहीं चल पाया है.
वीडियो: CEC Gyanesh Kumar के खिलाफ प्रोटेस्ट से पहले जंतर मंतर पर भारी बैरिकेडिंग













