राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के जयपुर स्थित हेडक्वार्टर पर दो पदाधिकारी आपस में भिड़ गए. यह घटना प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के सामने हुई, जब दोनों ने एक-दूसरे को थप्पड़ मारे. BJP अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारी मंच पर चढ़ने को लेकर आपस में उलझ गए और मारपीट शुरू कर दी. अन्य पदाधिकारियों ने बीच-बचाव किया, लेकिन फिर भी दोनों एक-दूसरे से भिड़ते रहे. आखिरकार, काफी मशक्कत के बाद दोनों को अलग किया गया. घटना का वीडियो वायरल है.
राजस्थान BJP अध्यक्ष के सामने पदाधिकारियों में चले घूंसे, मंच पर चढ़ने पर हुआ बवाल, वीडियो वायरल
Rajasthan के जयपुर में BJP हेडक्वार्टर पर जमकर हंगामा मचा. पार्टी के दो पदाधिकारी आपस में भिड़ गए. BJP प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के सामने ही दोनों के बीच हाथापाई हुई.


आजतक से जुड़े शरत कुमार की रिपोर्ट के मुताबिक, जयुपर हेडक्वार्टर में BJP की अल्पसंख्यक मोर्चा की एक बैठक शुरू होने वाली थी. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ भी इस बैठक में हिस्सा लेने पहुंचे थे. बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा के एक पूर्व उपाध्यक्ष फरीदुद्दीन जैकी (जाकिर), मदन राठौड़ को स्टेज पर लेकर जा रहे थे.
स्टेज पर चढ़ते समय बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा के महामंत्री जावेद कुरैशी ने जैकी को रोक दिया. जब जैकी को स्टेज पर चढ़ने नहीं दिया गया तो उन्होंने कुरैशी को थप्पड़ मार दिया.
जवाब में कुरैशी ने भी जैकी को थप्पड़ रसीद किया. प्रदेश अध्यक्ष के सामने ही दोनों के बीच हाथापाई बढ़ गई. कई पदाधिकारियों की मौजूदगी में दोनों एक-दूसरे पर वार करते रहे. बीजेपी के अन्य पदाधिकारियों ने दोनों का बीच-बचाव किया, लेकिन वे नहीं माने. कड़ी मशक्कत के बाद पार्टी के पदाधिकारियों ने दोनों को अलग किया.
इस मामले में पार्टी ने बड़ी कार्रवाई की है. अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष हमीद खान मेवाती ने अल्पसंख्यक मोर्चा के महामंत्री जावेद कुरैशी को पद से हटा दिया है.
भाजपा ने मदन राठौड़ को दोबारा राजस्थान का प्रदेश अध्यक्ष बनाया है. बीजेपी हेडक्वार्टर में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा ने राठौड़ के स्वागत की तैयारी की थी. राठौड़ के पहुंचने पर अल्पसंख्यक मोर्चे से जुड़े पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया. इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पद्मश्री से सम्मानित बैतूल बेगम का अभिनंदन भी किया.
स्वागत समारोह में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष अजय पाल सिंह, अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष हमीद खान मेवाती, अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हुसैन खान समेत अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे. यानी इन सबके सामने ही मार-कुटाई हो गई.
वीडियो: हजारीबाग हिंसा को लेकर किस पर आरोप लगा रहे हैं हेमंत सोरेन सरकार के मंत्री


















