दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध बढ़ता जा रहा है. 7 अक्टूबर को राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कई विपक्षी सांसदों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया. ये सारे सांसद विरोध प्रदर्शन करने के लिए जंतर-मंतर जा रहे थे.
'FIR मेरे लिए मेडल, 100 का टारगेट है', राहुल गांधी ने ये भी बताया कि अब तक कितनी FIR हो चुकी हैं
INDIA ब्लॉक के सांसद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की बैठक के बाद जंतर-मंतर की ओर बढ़ रहे थे. पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोक दिया. राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई नेताओं को हिरासत में लिया गया. इस बीच राहुल का ये बयान सामने आया.

इससे पहले INDIA ब्लॉक के सांसद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बुलावे पर जनपथ स्थित सागर रत्ना रेस्टोरेंट में जुटे थे. फिलहाल पूरे इलाके में पुलिस ने BNS की धारा 163 लागू कर रखी है.
हिरासत की कार्रवाई के बीच पुलिस और विपक्षी सांसदों और उनके कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्कामुक्की हुई. राहुल को ले जा रही गाड़ी को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पंचर कर दिया.
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस 7 अक्टूबर की शाम से ही विपक्षी सांसदों की गतिविधियों को देख रही थी. जैसे ही सांसद जंतर-मंतर की ओर बढ़े, पुलिस ने उन्हें हिरात में लेना शुरू कर दिया. डिटेन किए जाने से पहले राहुल गांधी ने कहा, “लोकसभा/राज्यसभा के 300 सांसद चुनाव आयुक्तों से मिलना चाहते थे. दिल्ली पुलिस ने हमें रोका. उन्होंने कहा कि आप यहां प्रोटेस्ट नहीं कर सकते. हमारा ये सोचना है कि जो अधिकृत प्रोटेस्ट साइट है, जंतर-मंतर, हम वहां बैठें.”
राहुल ने आगे कहा, “हम लोगों को बताएं कि मोदी जी, अमित शाह, मोहन भागवत और ज्ञानेश कुमार ने देश के लोकतंत्र को खत्म किया है. मैं आपको बताना चाहता हूं कि ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना पड़ेगा. मेरे पर अभी 45 FIR हैं. मेरा टारगेट है कि ये 100 हो जाएं. हर FIR मेरे लिए मेडल की तरह है.”
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी को भी हिरासत में ले लिया है. पार्टी ने अपने ऑफिशियल एक्स हैंडल से एक वीडियो पोस्ट किया है. इस वीडियो में प्रियंका गांधी एक बस में बैठी हैं. यहां वो अपने पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं से बात कर रही हैं. वो कहती हैं,
इस सरकार को हटाने के अलावा अब कोई और रास्ता नहीं बचा है. मैं हर देशवासी से कहना चाहती हूं कि इस सरकार को हटाओ. अगर आप इस सरकार को नहीं हटाएंगे, तो ये देश खाई में जाएगा. ये दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, लोकतंत्र मतलब जनता का राज. इसके कुछ उसूल हैं, जो संविधान में हैं. इस सरकार को संविधान के लिए काम करना चाहिए, लेकिन ये सरकार सारे सिद्धांत तोड़ रही है.
प्रियंका आगे कहती हैं,
कल से 300 से ज्यादा सांसद कह रहे हैं कि हम चुनाव आयुक्तों से मिलना चाहते हैं. हम उनको 'वोट चोरी' के बारे में बताना चाहते हैं और उनका इस्तीफा मांगना चाहते हैं, क्योंकि हमें उनके ऊपर विश्वास नहीं है. चुनाव आयोग देश की जनता के लिए चलता है और हम जनता के प्रतिनिधि हैं. हम शांतिपूर्वक जाकर उनसे बात करना चाहते हैं, लेकिन सरकार इतनी कायर है कि वो जनता की आवाज से डरती है, इसलिए हर जगह प्रदर्शन रोक रही है.
(यह भी पढ़ें: ज्ञानेश कुमार का छत्तीसगढ़ दौरा अचानक टला, दिल्ली में विरोध प्रदर्शन के बीच लिया फैसला)
हिरासत में लिए गए अधिकतर सांसदों को छत्रसाल स्टेडियम लाया गया है. इनमें प्रियंका गांधी और टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा भी शामिल है. राहुल गांधी को बाराखंभा रोड थाने ले जाया गया है.
वीडियो: राहुल-प्रियंका के दिल्ली प्रदर्शन के बीच सीईसी ज्ञानेश कुमार का छत्तीसगढ़ दौरा रद्द, चुनाव आयोग ने क्या कहा?












