कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 21 जुलाई को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की. उन्होंने इसकी वजह भी बताई. अमित शाह से दिल्ली में छात्रों के साथ पुलिस की बर्बरता और धर्मेंद्र प्रधान से NEET पेपर लीक के आरोपों के लिए इस्तीफा मांगा.
'PM मोदी माफी मांगें, अमित शाह-धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें', राहुल गांधी ने फिर उठाई मांग
Rahul Gandhi ने छत्रसाल स्टेडियम से एक वीडियो जारी किया. इसमें उन्होंंने ना केवल केंद्र सरकार की आलोचना की, बल्कि PM Narendra Modi को सलाह भी दी. राहुल गांधी ने वीडियो में क्या कहा?


21 जुलाई को ही राहुल गांधी ने दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन किया. पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया और छत्रसाल स्टेडियम ले गई. वहां से उन्होंने पीएम आवास के बाहर अपने विरोध प्रदर्शन की वजह बताई और एक वीडियो जारी करके सरकार के सामने तीन डिमांड रखीं.
वीडियो में राहुल गांधी के एक पैर से जूता गायब दिखा. स्टेडियम में बैठे राहुल ने कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद किया जा रहा है. कांग्रेस सांसद ने कहा कि उन्होंने लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला से छात्रों के मुद्दे पर सदन में चर्चा की मांग की थी. राहुल ने दावा किया कि ओम बिड़ला ने कहा कि वे इस बारे में सरकार से इजाजत लेकर बताएंगे.
X पर शेयर वीडियो में राहुल गांधी ने कहा,
"मैं सुबह लोकसभा स्पीकर के पास गया. उनसे कहा कि यह अहम है कि हमें कल (20 जुलाई) दिल्ली में छात्रों के साथ जो हुआ, उस पर डिबेट करने की इजाजत दी जाए. स्पीकर ने कहा कि उन्हें इसके लिए सरकार से परमिशन लेनी होगी. लेकिन बाद में हमें यह बिल्कुल साफ हो गया था कि सरकार को डिबेट कराने में कोई दिलचस्पी नहीं है."
राहुल गांधी ने दावा किया कि इसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री आवास के सामने धरना देने का फैसला किया. उन्होंने कहा कि छात्रों का मुद्दा, देश का सबसे जरूरी मुद्दा है. उन्होंने आगे कहा कि हमने तय किया कि छात्रों के खिलाफ जो हुआ, उस पर बात की जाए और ये मुद्दा पीएम हाउस के सामने उठाया जाए.
राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर आरोप लगाया कि देश का एजुकेशन सिस्टम और एग्जामिनेशन सिस्टम बर्बाद हो रहा है. इसे ठीक करने की जरूरत है. राहुल गांधी ने सरकार के सामने छात्रों की तीन बड़ी मांगे रखीं-
- पहला, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा.
- दूसरा, छात्रों को जिन्होंने मारा, उन पर कार्रवाई की जाए.
- तीसरा, छात्रों पर लगे केस हटाए जाएं.
कांग्रेस सांसद ने सरकार से 22 जुलाई को लोकसभा और राज्यसभा में छात्रों के इन मुद्दों पर चर्चा करने की अपील की. राहुल गांधी ने नेता विपक्ष होने के नाते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सलाह देते हुए कहा,
"कल (20 जुलाई) जो हुआ. जो आपकी सरकार ने, आपके होम मिनिस्टर ने किया. उसके लिए स्टूडेंट्स से आप माफी मांगिए, और जल्दी-जल्दी से एग्जामिनेशन सिस्टम और एजुकेशन सिस्टम पर रिफॉर्म शुरू कीजिए."
यह भी पढ़ें: नसीरुद्दीन शाह ने दिल्ली प्रोटेस्ट के सपोर्ट में ये वीडियो डाला, उनका अकाउंट ही डिलीट कर दिया गया
राहुल गांधी ने छात्रों की मांग का समर्थन कर रहे लोगों का शुक्रिया अदा किया. उन्होंने यह भी कहा कि भारत में एजुकेशन इतनी महंगी हो चुकी है कि बच्चों के पैरेंट्स पर वित्तीय बोझ बढ़ रहा है. कांग्रेस नेता ने सरकार से एजुकेशन सेक्टर में व्यापक सुधार की अपील की.
वीडियो: पीएम आवास के पास धरने से राहुल गांधी और अखिलेश यादव को उठा ले गई पुलिस










