लंबे समय से अशांति झेल रहा मणिपुर एक बार फिर अस्थिर हो गया. प्रदेश के कामजोंग जिले में एक महिला की गोली लगने से मौत हो गई. इस घटना के बाद इलाके में फिर हिंसा भड़क उठी. कुकी समुदाय और सुरक्षाबलों के बीच गोलीबारी होने की खबर है. हालात को देखते हुए प्रशासन ने इलाके में पाबंदियां लागू कर दी हैं. धारा 163 लगाए जाने के बाद पांच से ज्यादा लोगों के जुटने पर रोक लग गई है. सुरक्षाबल हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं.
महिला की मौत पर फिर सुलगा मणिपुर, रात भर चली गोलियां, कई घर जलाए गए
मणिपुर के कामजोंग जिले के चासाद गांव में डोमखोनेई तोथांग की गोली लगने से मौत के बाद हिंसा भड़क गई. प्रशासन ने इलाके में पाबंदियां लागू कर दी हैं. रात भर गोली चलने की आवाज आती रही. कई घर जलाए गए.

एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, घटना शुक्रवार, रात 9.40 बजे की है. जिस कामजोंग जिले में ये घटना हुई वो नगा बहुल है. लेकिन, जिस गांव चसाद में महिला की मौत हुई, वहां कुकी लोग ज्यादा रहते हैं. मारी गई महिला की पहचान डोमखोनेई तोथांग के रूप में हुई है. वह कुकी समुदाय से थीं और पांच बच्चों की मां थी. एनडीटीवी को पुलिस ने बताया कि महिला को गर्दन के पास गोली लगी थी. कुछ ही मिनटों में उनकी मौत हो गई.
महिला की मौत के बाद जमकर बवालइस खबर के सामने आते ही इलाके में तनाव फैल गया. रात भर हिंसा जारी रही. दोनों पक्षों में जमकर गोलीबारी हुई. कई घरों में आग लगा दी गई. अधिकारियों के मुताबिक, शनिवार, 10 अक्टूबर की सुबह तक फायरिंग चल रही थी. हालात को देखते हुए प्रशासन ने इलाके में धारा 163 लगा दी है. चासाद पुलिस थाने के गेट के 400 मीटर के दायरे में ये पाबंदियां लागू की गई हैं. इसके तहत 5 या ज्यादा व्यक्तियों के जुटने पर रोक लगा दी गई है. सुरक्षाबल हालात की कड़ी निगरानी कर रहे हैं.
ये भी पढ़ेंः नागालैंड, मणिपुर और अरुणाचल के कई इलाके 'अशांत क्षेत्र' घोषित, क्या मतलब है इसका?
इंडिया टुडे से जुड़ी बेबी शिरीन की रिपोर्ट के मुताबिक, घटना के बारे में पुलिस ने बताया कि चसाद पुलिस स्टेशन के पास अवैध बंकर बनाने की कोशिश की गई थी लेकिन सूचना मिलने पर सिविल पुलिस, इंडियन रिजर्व बटालियन (IRB) और बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) की टीमों ने अवैध बंकरों को नष्ट करने का काम शुरू किया था. पुलिस के मुताबिक, इस दौरान इलाके की महिलाओं के एक ग्रुप ने काम रोकने की कोशिश की. तभी किसी अज्ञात हमलावर ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी की. इसकी जवाबी कार्रवाई में महिला को गोली लगी, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई.
इसके बाद हथियारबंद ग्रुप और सुरक्षाबलों के बीच काफी देर तक गोलीबारी हुई, जो देर रात तक जारी रही. सुबह भी दो घंटे तक गोलियां चलती रहीं.
वीडियो: अभिजीत दिपके के हिरासत में लिए जाने का वीडियो आया सामने













