The Lallantop

राहुल गांधी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने के बाद 'हैरान', बोले- 'यकीन करना मुश्किल'

वोट चोरी के आरोपों को लेकर राहुल गांधी समेत विपक्षी दलों के नेताओं ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की. एक घंटे तक चली मीटिंग के बाद राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने राष्ट्रपति को वोट चोरी के बारे में बताया है.

Advertisement
post-main-image
विपक्षी दलों के डेलीगेशन ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की. (फोटो- X)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मीटिंग में चुनाव आयोग के मुख्य आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की और वोट चोरी के आरोपों के लिए सबूत पेश करने की बात कही।
  • यह मीटिंग तीन दिन के विपक्षी गठबंधन के विरोध प्रदर्शन के बाद हुई, जिसमें राहुल गांधी सहित कई दलों ने चुनाव आयोग और मिलीभगत के आरोपों को लेकर प्रदर्शन किया था।
  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जांच कराने और सबूत मांगने का आश्वासन दिया है, जिस पर विपक्षी दल सबूत इकट्ठा कर आगे की कार्रवाई की तैयारी कर रहे हैं।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है कि ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से ऐसी मीटिंग हुई, जिस पर यकीन करना मुश्किल है. उन्होंने कहा कि वो इस बात पर हैरान रह गए कि राष्ट्रपति ने ‘वोट चोरी’ की बात को खारिज नहीं किया. 

Advertisement

एक घंटे तक राष्ट्रपति भवन में चली मीटिंग के बाद राहुल गांधी ने बताया कि राष्ट्रपति ने उनसे ‘वोट चोरी’ के आरोपों के सबूत मांगे हैं. वो उनके सामने ‘सबूतों का अंबार’ लगा देंगे. उन्होंने राष्ट्रपति से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की भी मांग की है. 

ये मीटिंग ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) के जंतर-मंतर प्रोटेस्ट से ठीक एक दिन पहले हुई है. 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर एक बार फिर सीजेपी ने प्रोटेस्ट का आह्वान किया है. इससे पहले कांग्रेस ने भी 6 और 7 अक्टूबर को वोट चोरी का आरोप लगाकर CEC के खिलाफ सड़क पर प्रदर्शन किया था. इस दौरान विपक्षी दलों के कई नेता उनके साथ रहे.

Advertisement
राहुल के साथ कौन-कौन गया था?

शनिवार, 9 अक्टूबर को राहुल जब प्रेसिडेंट द्रौपदी मुर्मू से मिलने गए तो उनके साथ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख ममता बनर्जी भी थीं. इसके अलावा राष्ट्रपति के साथ जो फोटो राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर शेयर की है, उसमें सीपीएम की नेता एम बेबी, सीपीआई के डी राजा, समाजवादी पार्टी के राजीव राय, एनसीपी- शरद पवार की सुप्रिया सुले, नेशनल कॉन्फ्रेंस के उमर अब्दुल्ला, आरजेडी के मनोज झा और वीसीके के थोल तिरुमावलवन भी दिख रहे हैं. 

विपक्ष के इस 10 सदस्यीय डेलीगेशन की प्रेसिडेंट मुर्मू से मीटिंग में क्या बात हुई, इस बारे में बताते हुए राहुल गांधी ने कहा,

मैंने अभी भारत की राष्ट्रपति (द्रौपदी मुर्मू) के साथ एक ऐसी मीटिंग की, जिस पर यकीन करना मुश्किल है. हमने उन्हें एक ज्ञापन सौंपा जिसमें बताया गया कि कैसे PM नरेंद्र मोदी और HM अमित शाह ने भारत की चुनावी व्यवस्था को बुरी तरह से कमजोर किया है. हमने CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग की.

Advertisement

राहुल ने आगे कहा कि 'मुझे हैरानी हुई कि राष्ट्रपति ने 'वोट चोरी' की बात को खारिज नहीं किया. इसके बजाय, उन्होंने हमसे सबूत लाने को कहा. हम उनके सामने सबूतों का अंबार लगा देंगे. INDIA गठबंधन खुशी-खुशी उनके सामने हर सबूत पेश करेगा.' उन्होंने राष्ट्रपति के इस आश्वासन का स्वागत किया कि वो मामले की जांच करेंगी और कार्रवाई भी करेंगी. 

rahul
राष्ट्रपति से मिलकर राहुल गांधी ने क्या कहा?
खरगे-ममता क्या बोले?

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बताया कि वो प्रेसिडेंट को वोट चोरी के बारे में बताने गए थे. ये सब ज्ञानेश कुमार की वजह से हो रहा है. खरगे ने कहा, 

हमने ईवीएम हटाने और बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग की है. उन्होंने वोट चोरी के सबूत मांगे हैं. हम सबूत इकट्ठा कर रहे हैं. 

पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा है कि वो जांच कराएंगी. उन्हें सबूत चाहिए. उन्होंने कहा,  

हमने और राहुल (गांधी) जी ने कहा कि हम सबूत सौंपेंगे. देश बहुत ज्यादा चिंतित है और आप इसकी संरक्षक हैं. इस लिहाज़ से कृपया इस पर ध्यान दें, ताकि देश का लोकतंत्र बचा रहे.

ये भी पढ़ेंः ‘मक्खी मारने के लिए हथौड़ा निकाल लोगे?’ दिल्ली में लग रही पाबंदियों से SC नाराज

तीन दिन के प्रोटेस्ट के बाद राष्ट्रपति से मीटिंग

9 अक्टूबर, शुक्रवार देर रात की ये बैठक विपक्षी गठबंधन INDIA के तीन दिनों तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद हुई ङै. मंगलवार, 6 अक्टूबर को राहुल गांधी समेत विपक्षी दलों के नेताओं ने चुनाव आयोग के दफ्तर तक मार्च की कोशिश की थी. हालांकि, पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने नहीं दिया. इसके बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी आकाशवाणी भवन में धरने पर बैठ गए. बाद में पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया. इसके अगले दिन भी कांग्रेस का प्रोटेस्ट जारी रहा.

वीडियो: दी लल्लनटॉप शो: जंतर-मंतर प्रदर्शन से पहले दिल्ली में 'लॉकडाउन' जैसे हालात! ट्रेन-मेट्रो, इंटरनेट बंद

Advertisement