The Lallantop

MP: पहले छोटी बहन बेटे के साथ कुएं में कूदी, कुछ ही घंटे बाद बड़ी बहन ने भी बच्चों संग दी जान

मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में एक गर्भवती महिला ने अपने छह साल के बेटे समेत कुएं में छलांग लगा दी. उसके कुछ घंटे बाद उसकी बड़ी बहन ने अपने तीन बच्चों के साथ ठीक इसी तरह अपनी जान दे दी. पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Advertisement
post-main-image
मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में गर्भवती महिला ने 6 साल के बेटे समेत कुएं में छलांग लगा दी. (courtesy: सांकेतिक/इंडिया टुडे)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में 28 अक्टूबर को दो बहनों ने अपने बच्चों के साथ कुएं में छलांग लगाकर आत्महत्या की, जिससे कुल सात लोगों की मौत हो गई।
  • अंजलि रावत के पति की डेढ़ महीने पहले सड़क दुर्घटना में मौत के बाद वह मानसिक परेशानी से जूझ रही थीं, जिसके बाद दोनों बहनों ने यह कदम उठाया।
  • पुलिस ने दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई निर्धारित की जाएगी।

मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में 28 अक्टूबर को दो बेहद हैरान करने वाली घटनाएं घटी हैं. शिवपुरी जिले के दो अलग-अलग गांवों में महिलाओं ने अपने बच्चों के साथ जान दे दी. दोनों ही घटनाओं में कुछ चीजें कॉमन हैं. दोनों महिलाओं ने कुएं में छलांग लगाई और दोनों रिश्ते में बहन भी थीं. पहली घटना में एक आठ महीने की गर्भवती महिला ने अपने छह साल के बेटे के साथ एक कुएं में छलांग लगा दी. दोनों की मौत हो गई. 

Advertisement

दूसरी घटना में उस महिला की बड़ी बहन ने अपने तीन बच्चों के साथ एक कुएं में छलांग लगा दी. इन चारों की भी मौत हो गई. दोनों घटनाएं एक ही दिन में कुछ घंटों के अंतराल पर घटी हैं. अब पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है. दोनों मामलों की जांच चल रही है. 

6 साल के बेटे के साथ कुएं में लगाई छलांग

दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक, 28 अक्टूबर को दोपहर करीब 1 बजे घटना हुई. बैराड़ थाना क्षेत्र के गूंगरगांव गांव में गर्भवती अंजलि रावत (35) ने अपने छह साल के बेटे प्रशांत के साथ कुएं में छलांग लगा दी. उसकी तीन बेटियां भी उसके साथ थीं. हालांकि, सबसे बड़ी बेटी मोनिका ने खुद को और अपनी दो छोटी बहनों को बचा लिया. फिर वह घर गई और परिवार को इस  बारे में बताया. 

Advertisement

सूचना मिलते ही घरवाले तुरंत मौके पर पहुंचे और अंजलि और प्रशांत को कुएं से बाहर निकाला. लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी. ज़ाहिर है गर्भ में पल रहे बच्चे की भी मौत हो गई थी. रिपोर्ट के मुताबिक, घरवालों ने बताया कि अंजलि के पति धर्मवीर सिंह रावत की लगभग डेढ़ महीने पहले एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी. अपने पति की मौत के बाद से ही अंजलि मानसिक परेशानी से गुजर रही थीं.

ये भी पढ़ें: कुएं में ऐसी कौन-सी गैस होती है, जो लोगों की जान तक ले सकती है

कुछ ही घंटे में दूसरी बहन ने भी लगाई छलांग

28 अक्टूबर को ही कुछ घंटों बाद, कोलारस थाना क्षेत्र के सेसाई गांव में रहने वाली अंजलि की बड़ी बहन सीता रावत (40), अपने तीन बच्चों के साथ खोंकर गांव के एक खेत में गई थी. बच्चों के नाम राखी (14), प्रियंका (11) और श्लोक (6) हैं. जब वे शाम करीब 6 बजे तक घर नहीं लौटे, तो परिवार के सदस्यों ने उन्हें खोजना शुरू किया. उन्हें खेत में एक कुएं के पास चप्पलें दिखीं, और जब उन्होंने कुएं के अंदर देखा तो वहां एक बच्चे का शव मिला. 

Advertisement

इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी. कोलारस पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकालने की व्यवस्था की. बुधवार रात करीब 11 बजे तक सीता और उसके तीन बच्चों को कुएं से बाहर निकाल लिया गया था. 

पुलिस कर रही जांच

रिपोर्ट के मुताबिक, सीता के बहनोई हकम सिंह के अनुसार, दोनों बहनों के बीच गहरा लगाव था और वे अक्सर फोन पर एक-दूसरे से बात करती थीं. परिवार वालों का मानना ​​है कि अंजलि की मौत से सीता काफी परेशान रही होंगी. हालांकि, इस घटना का असली कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा.

बैराड पुलिस स्टेशन के प्रभारी रवि चौहान ने बताया कि अंजलि और प्रशांत के शव शिवपुरी जिला अस्पताल के मुर्दाघर में रखे गए हैं. गुरुवार को इनका पोस्टमार्टम किया गया. वहीं कोलारस पुलिस स्टेशन के प्रभारी जितेंद्र चंडेलिया ने बताया कि बुधवार रात करीब 11 बजे सीता और उसके तीन बच्चों के शव बरामद किए गए थे. अगले दिन शव का पोस्टमॉर्टम किया जाना था. पुलिस दोनों मामले की जांच कर रही है. 

वीडियो: Madhya Pradesh: शिवपुरी में 5 साल की बच्ची के साथ हैवानियत

Advertisement