लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी के बाद अब कॉकरोच जनता पार्टी ने भी अमित शाह पर हमला बोला है. बता दें कि राहुल गांधी ने संसद में कहा था कि 20 जुलाई को लाठीचार्ज और पैलेट गन चलाने का आदेश गृहमंत्री ने दिया था. पेपर लीक के खिलाफ बहस के दौरान लोकसभा में विपक्ष के नेता ने अपने भाषण के दौरान गंभीर आरोप लगाए थे. उन्होंने कहा था कि गृह मंत्री ने हमारे छात्रों के खून में छर्रे (पैलेट्स) उतार दिए. उन्होंने भारत के छात्रों पर गोली चलाने का आदेश दिया. हालांकि, बीजेपी ने इन आरोपों को झूठा करार देते हुए कहा के लोकसभा में नेता विपक्ष को सबूत पेश करना चाहिए.
राहुल गांधी के बाद CJP ने भी लगाए गृहमंत्री पर गंभीर आरोप, कहा-'अमित शाह को जवाब देना होगा'
राहुल गांधी ने पहले लोकसभा और बाद में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गृहमंत्री अमित शाह पर पैलेट गन चलाने के आदेश देने का आरोप लगाया था. अब CJP ने भी इसे दोहराते हुए कहा कि गृहमंत्री अपनी जवाबदेही से पीछे नहीं हट सकते हैं.

राहुल गांधी के भाषण का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए CJP प्रवक्ता ने कहा कि गृहमंत्री की जवाबदेही तय होनी चाहिए. पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में दावा किया कि पैलेट गन की वजह से एक स्टूडेंट की आंखों की रोशनी चली गई है.
क्या बोली CJP?राहुल गांधी की टिप्पणियों का हवाला देते हुए, CJP के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने रिएक्शन दिया है. सौरव दास ने X पर कहा कि 20 जुलाई को हुई पुलिस की बर्बरता के मामले में गृहमंत्री की भूमिका स्पष्ट होनी चाहिए. सौरव ने कहा,
उन्हें जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए. हर जीवन कीमती है. गृहमंत्री के आदेश पर एक छात्र ने जीवन भर के लिए अपनी आंखों की रोशनी खो दी! अब जवाब दें.
20 जुलाई को विरोध-प्रदर्शन के दौरान हुई कार्रवाई और पैलेट गन के इस्तेमाल पर नेता विपक्ष ने तीखे सवाल दागे थे. राहुल गांधी ने कहा कि या तो गृह मंत्री ने गोली चलाने का आदेश दिया था या फिर उन्हें पता ही नहीं था कि गोली चलेगी. कांग्रेस नेता ने कहा कि अगर गृहमंत्री को गोलीबारी के बारे में पता नहीं था, तो यह उनकी कार्यकुशलता पर सवाल है.
(यह भी पढ़ें: 'कॉकरोच अभी मरे नहीं हैं', अभिजीत दिपके ने सरकार-पुलिस को बड़ी चेतावनी दे दी)
भाजपा का राहुल पर पलटवारजैसे ही राहुल गांधी ने लोकसभा में अमित शाह पर आरोप लगाए, सरकार यानी सत्ता पक्ष की तरफ से भारी हंगामा शुरू हो गया. संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने तुरंत राहुल गांधी की बातों पर आपत्ति जताई और पूछा कि वे किस आधार पर यह आरोप लगा रहे हैं. रिजिजू ने पूछा,
आपने दावा किया कि गृह मंत्री ने गोली चलाने का आदेश दिया था. हमें वह आदेश दिखाइए. आप इतने गैर-जिम्मेदाराना बयान कैसे दे सकते हैं?
उन्होंने राहुल गांधी से माफी मांगने और अपनी बात वापस लेने को भी कहा. लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने भी सदन के नियमों का जिक्र करते हुए कहा कि बिना पहले से सूचना और सबूत के संसद में आरोप नहीं लगाए जा सकते.
वीडियो: राजधानी: CJP प्रोटेस्ट के बाद दबाव में बीजेपी?











