The Lallantop

चुनाव खत्म होते ही संकट... अखिलेश-राहुल ने पेट्रोल-सोने वाली अपील पर PM मोदी को घेरा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के लोगों से पेट्रोल-डीजल की खपत को कम करने की अपील की. साथ ही उन्होंने अगले एक साल तक सोना कम खरीदने की भी अपील की. अब विपक्ष ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है.

Advertisement
post-main-image
अखिलेश यादव और राहुल गांधी ने PM मोदी पर निशाना साधा है. (फाइल फोटो: आजतक)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के लोगों से अपील की है कि जहां तक संभव हो, वहां वर्क फ्रॉम होम को प्राथमिकता दें, ताकि पेट्रोल-डीजल की बचत की जा सके. साथ ही उन्होंने विदेशी मुद्रा को बचाने के लिए अगले एक साल तक सोना कम खरीदने की भी अपील की. अब विपक्ष ने पीएम मोदी की इन ‘अपीलों’ के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
‘ये नाकामी के सबूत हैं’

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने इसे ‘नाकामी का सबूत’ बताया. वहीं, समाजवादी पार्टी (SP) मुखिया अखिलेश यादव ने बीजेपी को ही देश का ‘सबसे बड़ा संकट’ करार दे दिया. राहुल गांधी ने ‘X’ पर पोस्ट करते हुए कहा,

“मोदी जी ने कल जनता से त्याग मांगे- सोना मत खरीदो, विदेश मत जाओ, पेट्रोल कम जलाओ, खाद और खाने का तेल कम करो, मेट्रो में चलो, घर से काम करो. ये उपदेश नहीं - ये नाकामी के सबूत हैं. 12 साल में देश को इस मुकाम पर ला दिया है कि जनता को बताना पड़ रहा है - क्या खरीदे, क्या न खरीदे, कहां जाए, कहां न जाए. हर बार जिम्मेदारी जनता पर डाल देते हैं ताकि खुद जवाबदेही से बच निकलें.”

Advertisement

उन्होंने आगे कहा कि देश चलाना अब ‘कंप्रोमाइज्ड पीएम’ के बस की बात नहीं है.

'भाजपाई अपनी नाकामी स्वीकार करें'

सपा मुखिया अखिलेश यादव ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी सरकार के हाथ से लगाम पूरी तरह छूट गयी है. डॉलर आसमान छू रहा है और देश का रुपया ‘पातालोन्मुखी’ हो गया है. उन्होंने कहा,

Advertisement

"वैसे सारी पाबंदियां चुनाव के बाद ही क्यों याद आई हैं? भाजपाइयों ने चुनाव में जो हजारों चार्टर हवाई यात्राएं कीं, वो क्या पानी से उड़ रही थीं? वो क्या होटलों में नहीं ठहर रहे थे या सिलेंडर की फोटो लगाकर खाना बनाकर खा रहे थे? भाजपाइयों ने चुनाव में ही वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग से ही प्रचार क्यों नहीं किया? सारी पाबंदियां जनता के लिए ही हैं क्या?" 

अखिलेश यादव ने आगे कहा कि अगर सरकार नहीं चला पा रहे हैं तो भाजपाई अपनी नाकामी स्वीकार करें, देश को बर्बाद न करें.

ये भी पढ़ें: 'घर से करें काम, सोना न खरीदें, विदेश घूमने न जाएं', देश से पीएम मोदी की अपील

क्या कहा था पीएम मोदी ने?

रविवार, 10 मई को हैदराबाद में तेलंगाना की एक रैली में बोलते हुए पीएम मोदी ने पेट्रोल-डीजल की खपत को कम करने की जरूरत पर जोर दिया. उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपनी मर्जी के खर्चों पर फिर से विचार करें, क्योंकि बढ़ती वैश्विक ऊर्जा कीमतों के कारण देश आर्थिक दबाव का सामना कर रहा है. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे एक साल तक शादियों के लिए सोना न खरीदें.

पीएम मोदी ने कहा कि विदेश में शादी करने, विदेश यात्रा करने और विदेश में छुट्टियां मनाने का चलन मिडिल क्लास में तेजी से बढ़ा है. ऐसे में हमें यह तय करना होगा कि संकट के इस दौर में हमें विदेश यात्रा को कम से कम एक साल के लिए टाल देना चाहिए.

बढ़ सकते हैं पेट्रोल-डीजल के दाम

प्रधानमंत्री मोदी की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब सरकार और उद्योगों से जुड़े सूत्रों ने संकेत दिया है कि भारत में फ्यूल की कीमतों में बड़ा बदलाव जल्द ही देखने को मिल सकता है. सूत्रों ने इंडिया टुडे टीवी को बताया कि 15 मई से पहले पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ने की संभावना है, क्योंकि तेल कंपनियां कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के कारण हो रहे भारी नुकसान से जूझ रही हैं.

वीडियो: 'देश के लिए मरना ही देशभक्ति नहीं' पीएम मोदी ने बढ़ते तेल और गैस के दामों पर क्या कहा?

Advertisement