बिहार के जमुई में नाबालिग लड़की से बदसलूकी और यौन उत्पीड़न के मुख्य आरोपी नंदन यादव के पिता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. नंदन के पिता गनौरी यादव पर साल 2003 में दो भाइयों के कथित हत्याकांड में शामिल होने का आरोप है. हत्याकांड में 11 लोगों को आरोपी बनाया गया था, जिनमें गनौरी का भी नाम था.
जमुई यौन उत्पीड़न के मुख्य आरोपी नंदन यादव का पिता डबल मर्डर केस में गिरफ्तार
Jamui Sexual Harassment Case: आरोपी नंदन यादव के पिता गनौरी यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. गनौरी पर दो भाइयों की हत्या में शामिल होने का आरोप है. पुलिस ने उस पर कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है.

दरअसल, 3 अप्रैल 2003 में प्रतापपुर गांव में किसी कॉन्ट्रैक्ट को लेकर हुए कथित विवाद में दो भाइयों डीपी यादव और पुने यादव की हत्या कर दी गई थी. इसी हत्याकांड से गनौरी का नाम जुड़ा हुआ है. इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने आरोपी को प्रतापपुर से गिरफ्तार किया है, जिसके बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया. कोर्ट ने गनौरी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
पुलिस के सूत्रों ने बताया कि गनौरी भी हत्याकांड में शामिल था. लेकिन वारदात के बाद गायब हो गया था. दोनों मृतकों की मां ने मामले पर टाउन पुलिस स्टेशन में FIR भी दर्ज कराई थी. इसमें गनौरी भी नामजद आरोपी था. घटना में शामिल लगभग सभी आरोपी जमानत पर बाहर थे. लेकिन वो ‘फरार’ था.
रिपोर्ट के मुताबिक गनौरी पर कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज है. इनमें दंगा करने, गैर-कानूनी ढंग से जमा होने और आर्म्स एक्ट से जुड़ी धाराएं शामिल हैं. गनौरी यादव का बेटा नंदन यादव जमुई में नाबालिग लड़की के साथ हुए यौन उत्पीड़न के आरोपियों में से एक है.
गनौरी की गिरफ्तारी नंदन के एनकाउंटर के बाद एक दिन बाद हुई. एनकाउंटर में नंदन के पैर में गोली लगी थी.
बीते दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था. वीडियो में कुछ लड़कों को एक नाबालिग लड़के और लड़की के साथ मारपीट करते हुए देखा गया. साथ ही नाबालिग लड़की के प्राइवेट पार्ट्स को जबरदस्ती छूते और उठाकर भागते हुए देखा गया था.
यह भी पढ़ें: जमुई केस वाले नंदन यादव के नए वीडियो से खुले बड़े राज, अब ये मुकदमे भी लिखे जाएंगे?
पुलिस की पड़ताल में नंदन की पहचान उस लड़के के तौर पर हुई, जो नाबालिग लड़की को जबरदस्ती लेकर भाग रहा था. इस मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और POCSO सहित कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है. मामले की जांच की जा रही है.
वीडियो: जमुई के बाद ग्वालियर में छात्राओं से बदसलूकी, सड़क पर मारपीट, सीसीटीवी से खुलासा













