खान सर वर्सेज रौशन आनंद विवाद में अब फिजिक्सवाला के फाउंडर अलख पांडे की एंट्री हो गई है. अलख पांडे खुलकर खान सर के समर्थन में उतर आए हैं. एक वीडियो में वो कह रहे हैं,
'Physics Wallah' के अलख पांडे ने खान सर के लिए क्या कह दिया?
Patna coaching controversy: खान सर वर्सेज रौशन आनंद विवाद में फिजिक्सवाला के फाउंडर अलख पांडे ने बयान दिया है. उन्होंने खान सर का समर्थन किया है. उनका कहना है कि खान सर देश के लिए काफी कुछ कर रहे हैं. अलख पांडे ने आगे रौशन आनंद के भाई की मौत पर भी दुख जताया है.


‘मुझसे लगातार लोग कह रहे थे कि खान सर के मामले पर बोलिए. एक बात बताइए, आपके घर में आपका अपना भाई होगा. उसके ऊपर कोई बात आएगी तो आप उसके ऊपर वीडियो बनाएंगे या उसकी मदद करने की कोशिश करेंगे.’
अलख पांडे ने खान सर के कामों की तारीफ भी की. उन्होंने कहा,
‘एक इंसान देश के लिए इतना कुछ कर रहा है. यूट्यूब और सोशल मीडिया के जरिए शिक्षा को इतना सस्ता बनाया. उस इंसान का कोई कर्तव्य नहीं बनता था कि बिहार में अस्पताल खोले और सस्ता इलाज उपलब्ध कराए, लेकिन उसने वो भी किया. उसका परिणाम क्या मिलता है? फैजल खान. फैजल खान ने ये किया, फैजल खान ने वो किया.’
अलख पांडे का कहना है कि सच सामने आना चाहिए और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. उन्होंने आगे कहा,
‘जो भी सच्चाई है, वो सामने आए. निष्पक्ष जांच हो जाए. पुलिस आकर सच-सच बता दे कि मामला क्या है. अगर कहीं कोई कमी निकलती है तो सजा दीजिए. हम खान सर के साथ अंत तक खड़े हैं.’
हालांकि, अलख पांडे ने रौशन आनंद के भाई की मौत पर भी दुखद बताया. उन्होंने कहा कि रौशन आनंद के भाई के साथ बहुत गलत हुआ. बहुत दुख की बात है. हम पुलिस और प्रशासन से निवेदन करेंगे कि जिसका भी नाम आए, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो.
ज्ञान बिंदु पोस्टर फाड़ने से शुरू हुआ विवादअब आपको इस मामले का एक ब्रीफ बैकग्राउंड बता देते हैं. मामला 2 जून का है. पटना के मुसल्लहपुर हाट में स्थित खान ग्लोबल स्टडीज और ज्ञान बिंदु, दोनों ने बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा में सफल हुए छात्रों के सम्मान के लिए कार्यक्रम रखने की तैयारी की थी.
मुसल्लहपुर हाट में कोचिंग संस्थानों के लिए रिजल्ट सिर्फ रिजल्ट नहीं होता. ये प्रतिष्ठा का सवाल भी होता है. इलाके में होर्डिंग लगे थे. इसी दौरान आरोप लगा कि ज्ञान बिंदु का एक पोस्टर फाड़ दिया गया. इसके बाद तनाव बढ़ गया.
आरोप है कि कुछ लोग खान ग्लोबल स्टडीज के बाहर पहुंचे और वहां लगे पोस्टर और साइनबोर्ड तोड़ दिए. इस दौरान एक सिक्योरिटी गार्ड के साथ मारपीट भी हुई, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया. इसके कुछ समय बाद खान सर ने आरोप लगाया कि हमले में शामिल लोगों ने उनके संस्थान के बाहर फायरिंग भी की.
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर रौशन आनंद को गिरफ्तार किया. उनके भाई प्रिंस यादव को भी आरोपी बनाया गया जिनके नेपाल में होने की बात सामने आई.
फिर 14 जून को इस मामले ने नया मोड़ ले लिया. रौशन आनंद के भाई की नेपाल में संदिग्ध हालात में मौत हो गई. इसी दिन रौशन आनंद को जमानत भी मिली. जेल से बाहर आने के बाद रौशन आनंद ने समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में आरोप लगाया,
'फैजल खान ने मेरे भाई की हत्या करवाई है.'
दूसरी तरफ, खान सर के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई थी. आरोप था कि उन्होंने अपने गार्ड को गोली चलाने के लिए कहा और बाद में इस जानकारी को छिपाया. हालांकि, खान सर की गिरफ्तारी नहीं हुई और उन्हें अग्रिम जमानत मिल गई. इससे पहले पटना पुलिस ने ये भी कहा था कि खान सर फरार चल रहे थे.
रौशन आनंद के भाई की मौत के बाद यह विवाद और ज्यादा चर्चा में आ गया. इस बीच खान सर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर शोक भी जताया.
वीडियो: टीएमसी के बागी सांसदों की संसद में कुर्सी जाने का खतरा
















