The Lallantop

पूर्णिया सांसद पप्पू यादव गिरफ्तार, किराए पर लिए मकान पर कब्जा करने का आरोप

Purnia से निर्दलीय सांसद Pappu Yadav को गिरफ्तार किया गया है. उन्होंने दावा किया कि डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी उनकी हत्या कराना चाहते हैं. क्या है पूरा मामला?

Advertisement
post-main-image
पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव. (फाइल फोटो: आजतक)
author-image
रोहित कुमार सिंह

बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव को पटना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है (Pappu Yadav Arrested). उन्हें 31 साल पुराने एक केस में गिरफ्तार किया गया है. आरोप है कि पप्पू यादव ने साल 1995 में पटना के एक घर पर कब्जा कर लिया था. पहले उन्होंने इस घर को किराए पर लिया, फिर अपना दफ्तर खोला और फिर उस पर कथित तौर पर कब्जा कर लिया. इसे लेकर मकान मालिक ने उनके खिलाफ FIR दर्ज कराई थी.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक, कोर्ट ने इस मामले में पप्पू यादव को कई बार समन जारी किया, लेकिन वह सुनवाई के लिए पेश नहीं हुए. दो दिन पहले अदालत ने उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया और उनकी संपत्ति कुर्क करने का आदेश दिया. पटना पुलिस ने कोर्ट के निर्देश पर पप्पू यादव को शुक्रवार, 6 फरवरी की देर रात गिरफ्तार कर लिया. 

31 साल पुराना है मामला

साल 1995 में विनोद बिहारी लाल ने गर्दनीबाग थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि पप्पू यादव ने धोखाधड़ी से उनका मकान किराए पर लेकर उसे ऑफिस के रूप में इस्तेमाल किया है. आरोप है कि किराया देते समय यह बात मकान मालिक बिहारी लाल से छिपाई गई थी. इसी मामले में पप्पू यादव के खिलाफ वारंट जारी हुआ है और पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने के लिए पहुंची.

Advertisement

इस दौरान पप्पू यादव के समर्थकों की पुलिस से तीखी बहस भी हुई है. हेल्थ चेकअप के लिए पप्पू यादव को IGIMS लाया गया. शनिवार सुबह कोर्ट में उनकी पेशी होगी. निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने कहा,

मुझे शक है कि इन लोगों ने ही मेरी हत्या की साजिश रची होगी. मैं सीधे अदालत जाऊंगा. मैं पुलिस स्टेशन नहीं जाऊंगा. अगर वे चाहें तो मुझे नजरबंद कर सकते हैं. अदालत ने मुझे कल बुलाया है. पुलिस वाले सादे कपड़ों में आए थे. मुझे लगा कि वे मुझे मारने आए हैं. क्या यह किसी अपराधी का घर है?... करीब 35 साल पहले एक मामला दर्ज हुआ था, और पुलिस उसी मामले के सिलसिले में मुझे गिरफ्तार करने आई है.

वहीं, पप्पू यादव ने X पर लिखा,

Advertisement

बहुत शानदार बिहार पुलिस. हम NEET छात्रा के लिए न्याय की लड़ाई लड़े, बिहार पुलिस के पेट में दर्द हो गया.

आजतक से बातचीत में पूर्णिया सांसद ने कहा कि NEET छात्रा की लड़ाई लड़ने के लिए बिहार की सरकार और गृह मंत्री सम्राट चौधरी उनको धमका रहे हैं. पप्पू यादव ने कहा कि फांसी पर चढ़ने के लिए तैयार हूं, लेकिन झुकने वाला नहीं हूं. उन्होंने यह भी दावा किया कि डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी उनकी हत्या कराना चाहते हैं.

ये भी पढ़ें: पप्पू यादव का बड़ा आरोप, ‘बीजेपी ने नीतीश कुमार को शारीरिक और मानसिक तौर पर खत्म कर दिया’

बताते चलें कि पटना के हॉस्टल में NEET की तैयारी कर रही छात्रा की मौत के मामले में पप्पू यादव लगातार सरकार को घेर रहे थे. इस मामले में पप्पू यादव पटना से जहानाबाद तक प्रदर्शन में शामिल हो चुके हैं. पप्पू यादव ने यहां तक कहा था कि इस मामले में किसी नेता के बेटे का हाथ है, इसलिए सरकार अपराधियों को बचाने में लगी है. 

वीडियो: मंच से धक्का दिया तो तेजस्वी यादव पर क्या बोले पप्पू यादव?

Advertisement