कर्नाटक के उडुपी जिले के रहने वाले एल्विन प्रकाश कुंदर की UAE के शारजाह शहर में हत्या कर दी गई है. घटना दो महीने पहले जुलाई की है, जिसकी जानकारी अब सामने आई है. हत्या बेहद निर्मम तरीके से करने के बाद शव के 9 टुकड़े कर गाड़ी के अंदर डाल दिया गया. जानकारी के मुताबिक, एल्विन अपनी पत्नी और बेटे के साथ शारजाह में रहते थे. मगर उन दोनों का भी अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है.
कर्नाटक के शख्स की शारजाह में हत्या, गाड़ी के अंदर 9 टुकड़ों में मिला शव, पत्नी-बेटा लापता
कर्नाटक के एक शख्स की शारजाह में हत्या कर दी गई. घटना दो महीने पुरानी बताई जा रही है. मृतक प्रकाश के भाई अनिल प्रशांत कुंदर ने बताया कि एक गाड़ी के अंदर दो बैग में शव के नौ टुकड़े रखे गए थे. जांच के बाद शव की पहचान प्रकाश के तौर पर हुई.

इंडिया टुडे से जुड़े सगाय राज की इनपुट के मुताबिक, प्रकाश के भाई अनिल प्रशांत कुंदर ने बताया कि एक गाड़ी के अंदर दो बैग में शव के नौ टुकड़े थे. ये गाड़ी ओमान जाने वाले रास्ते पर खड़ी थी. अनिल ने आगे बताया कि 20 जुलाई को उन्होंने प्रकाश से बात करने के लिए कॉल किया था. प्रकाश ने कॉल नहीं उठाया और उसकी जगह टेक्स्ट मैसेज पर जवाब दिया. अनिल ने कहा कि इसके बाद मुझे शक हुआ.
पत्नी-बच्चा अभी भी लापतारिपोर्ट के मुताबिक, प्रकाश की पत्नी टीना कुंदर और उनका नाबालिग बेटा घटना के बाद से ही लापता हैं. अनुमान है कि दोनों शारजाह छोड़कर भारत आ गए हों. लेकिन उनकी लोकेशन और मर्डर में उनकी भूमिका को लेकर अभी तक कोई पक्की जानकारी नहीं मिली है.
प्रकाश शारजाह एयरपोर्ट पर करीब 14 साल से काम कर रहे थे और अपनी पत्नी और 10वीं कक्षा में पढ़ने वाले बेटे के साथ UAE में रह रहे थे. टीना भी उडुपी की ही हैं. टीना शारजाह के एक स्कूल में टीचर की जॉब कर रही थीं.
ये भी पढ़ें: पति का गला दबाया और प्रेमी से कहा- खत्म कर दो..., पति बच गया, और खेल पलट गया
गाड़ी में मिली लाश, पुलिस कर रही जांचअनिल कुंदर को वो टेक्स्ट मैसेज इसलिए अजीब लगा क्योंकि प्रकाश अक्सर वॉइस नोट से जवाब देते थे. इसके बाद उन्होंने एक हफ्ते बाद फिर फोन किया लेकिन कोई जवाब नहीं आया. फिर उन्होंने प्रकाश के क्लासमेट मनोहर से बात की. वो भी शारजाह में रहते हैं. मनोहर जब प्रकाश के घर गए तो वॉचमैन ने उन्हें बताया कि परिवार तो इंडिया शिफ्ट हो गया है. इससे पहले प्रकाश जिस कंपनी में काम करते थे वहां के HR डिपार्टमेंट ने बताया था कि प्रकाश तो इंडिया चले गए हैं.
अनिल ने फिर कंपनी को क्लियर किया कि प्रकाश इंडिया नहीं लौटे. जब पासपोर्ट चेक किया गया तब पता चला कि प्रकाश अभी भी शारजाह में हैं. इसके बाद लापता होने की शिकायत दर्ज की गई. जांच के दौरान वो गाड़ी मिली. गाड़ी में प्रकाश के शव के कई टुकड़े किए गए थे.
अनिल ने यह भी साफ किया कि कपल के बीच में किसी विवाद की कोई बात सामने नहीं आई. घटना के बाद अनिल उडुपी के SP से भी मिले. अब प्रकाश का परिवार UAE में कानूनी प्रक्रिया पूरी होने का इंतज़ार कर रहा है, ताकि प्रकाश का शव भारत वापस लाया जा सके. शारजाह अधिकारियों ने अभी तक हत्या की वजह और आरोपी के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है. उडुपी पुलिस उनसे बातचीत करने की कोशिश में जुटी है.
वीडियो: रात में ड्यूटी पर निकले थे ASI हरजीत सिंह, 3 गोलियां मार कर हुई हत्या










