मुंबई के चेंबूर में एक डिलीवरी बॉय की अजीब और घिनौनी हरकत चर्चा का विषय बन गई है. आरोप है कि उसने एक बिल्डिंग की लिफ्ट में अपना ही पेशाब पिया. लिफ्ट से बदबू आने के बाद लोगों ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली थी. उसमें डिलीवरी बॉय की हरकत के बारे में पता चला. फुटेज में दिखा कि उसने पहले अपने हाथ पर पेशाब किया, फिर उसे पी गया.
डिलीवरी बॉय ने लिफ्ट में अपने हाथ में पेशाब किया, फिर पी गया, पुलिस को केस दर्ज करने के लिए धारा नहीं मिली
Chembur में एक डिलीवरी बॉय ने खुद के हाथ पर पेशाब किया. इसके बाद उसे खुद ही पी गया. रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस को भी समझ नहीं आ रहा है कि वे किस धारा में केस दर्ज करे.

मामला तिलक नगर इलाके की अक्षय पैराडाइज सोसायटी का बताया जा रहा है. Mid Day की रिपोर्ट के मुताबिक, सोसायटी के मेंबर गिरीश शेट्टी ने अखबार से बात की. उन्होंने कहा,
‘शाम करीब 4 बजे किसी ने सोसायटी ग्रुप में लिफ्ट से आ रही बदबू के बारे में मैसेज किया. इसके बाद एक शख्स लिफ्ट को चेक करने गया. जांच में फर्श का मैट गीला पाया गया.’
गिरीश ने आगे बताया कि शुरुआत में सबको लगा लिफ्ट में किसी कुत्ते ने पेशाब किया होगा. लेकिन ऐसा नहीं था. लिफ्ट में लगे सीसीटीवी चेक करने पर पता चला कि एक डिलीवरी बॉय ने लिफ्ट में अपने हाथ पर पेशाब किया और उसे पी गया. गिरीश ने सीसीटीवी फुटेज को सोसायटी के ग्रुप में शेयर किया. साथ ही लोगों से आरोपी की पहचान करने को कहा. सोसायटी में एक ऐप के जरिए आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखी जाती है. ऐप की मदद से भी डिलीवरी बॉय के बारे में पता लगाने की कोशिश की गई.
गिरीश ने कहा,
‘हमने देखा कि डिलीवरी किसके फ्लैट में की जा रही है. बाद में हमने उस फ्लैट के मालिक को इसकी जानकारी दी. मैंने इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर भी शेयर किया. प्लेटफॉर्म के ऑफिसर्स और FDA कमिश्नर तुकाराम मुंडे को टैग किया. मुझे ऐसी उम्मीद है कि इस तरह की घटनाओं को रोकने की दिशा में काम किया जाएगा.’
गिरीश ने यह उम्मीद जताई कि डिलीवरी वर्कर्स को ऐसी ट्रेनिंग दी जाए कि वो ऐसे काम न करें. उन्होंने यह भी बताया कि डिलीवरी प्लेटफॉर्म ने उनसे एक बार कॉन्टैक्ट किया था. पर उसके बाद कोई फॉलो-अप नहीं लिया. इसके बाद सोसायटी के लोगों ने थाने से संपर्क कर शिकायत दर्ज करने की अपील की.
गिरीश ने बताया कि पुलिस खुद हैरान थी कि इस मामले पर किस धारा में केस दर्ज किया जाए. अखबार ने डिलीवरी प्लेटफॉर्म पर भी इस मामले पर बात करने की कोशिश की. लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला.
यह भी पढ़ें: Flydubai फ्लाइट के बाकी 'हीरो', प्लंबर, बैंकर, बिजनेसमैन, डेंटिस्ट और एक टीवी सीरीज
खबर लिखे जाने तक आरोपी डिलीवरी बॉय की पहचान सामने नहीं आ पाई है. साथ ही उसके खिलाफ FIR दर्ज होने का भी पता नहीं चला है.
वीडियो: UP Flood Crisis के बीच सीतापुर की सोसाइटी में 5 फीट पानी, CM योगी से क्या मांग?










