महाराष्ट्र में दो LPG टैंकरों से गैस चोरी का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि दोनों LPG टैंकर मुंबई से छत्रपति संभाजीनगर में HP (Hindustan Petroleum) के प्लांट जाने के लिए निकले थे. लेकिन बीच रास्ते में ही कुछ लोगों ने कथित तौर पर उन्हें रोक लिया और LPG की चोरी करने लगे. विजिलेंस की टीम ने मौके पर पहुंच कर छापेमारी की और मौके से दो आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया. उनके पास से लगभग 1 करोड़ 26 लाख का माल जब्त किया गया है.
LPG टैंकरों को रास्ते में रोक-रोक कर कौन 'चूना' लगा रहा?
Mumbai से Sambhajinagar जा रहे 2 LPG टैंकरों में से गैस चोरी करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.


घटना छत्रपति संभाजीनगर के गंगापुर तालुका स्थित वैजापुर रोड की है. इंडिया टुडे से जुड़े दीपेश त्रिपाठी की रिपोर्ट के मुताबिक, विजिलेंस टीम को मौजे खोजेवाडी शिवारा में ‘होटल साईयश’ के पास अवैध गैस रिफिलिंग की गुप्त सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर छापेमारी की. यहां HP कंपनी के 2 LPG टैंकरों का सील तोड़कर गैस निकाली जा रही थी. कार्रवाई के दौरान टीम ने दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया.
साथ ही मौके से 1 करोड़ 26 लाख का माल भी जब्त कर लिया. मामले की जांच में सामने आया कि दोनों टैंकर्स मुंबई से छत्रपति संभाजीनगर स्थित HP प्लांट पर जा रहे थे लेकिन रास्ते में उन्हें रोककर अवैध रूप से गैस निकाली जा रही थी. वहीं, टीम ने कार्रवाई के दौरान 17 हजार 590 किलो और 17 हजार 630 किलो क्षमता वाले दो LPG टैंकरों को भी जब्त कर लिया.
इसके अलावा 26 सिलेंडर भी बरामद किए गए, जिनमें 19.2 किलो के 17 भरे हुए और 6 खाली सिलेंडर मिले. साथ ही 14.2 किलो का एक भरा हुआ और 5 किलो के दो भरे सिलेंडर शामिल हैं. कुल मिलाकर 35 हजार 220 किलो LPG जब्त की गई है.
यह भी पढ़ें: वो बुर्का पहनकर शॉप में घुसी, प्लास्टिक की गन से डराकर जूलरी लूट ले गई
मामले की पुष्टि असिस्टेंट कंट्रोलर प्रदीप काले ने की. साथ ही बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है और इस रैकेट से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है. वहीं, इस संबंध में वालुज पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है और दोनों आरोपी पुलिस हिरासत में हैं.
वीडियो: मुंबई एयरपोर्ट पर सिगरेट फूंकने वाला कौन है?






















