The Lallantop

'मैं राहुलवादी नहीं हूं', मणिशंकर अय्यर ने राहुल गांधी को भी नहीं छोड़ा

Mani Shankar Aiyar ने कहा कि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री MK Stalin को INDIA गठबंधन का चेयरमैन बनाना चाहिए. उन्होंने कहा कि स्टालिन, Rahul Gandhi के प्रधानमंत्री बनने के रास्ते में नहीं आएंगे.

Advertisement
post-main-image
मणिशंकर अय्यर (बाएं) ने राहुल गांधी (दाएं) पर निशाना साधा. (File Photo: ITG/PTI)
author-image
शिबीमोल केजी

सीनियर कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर लगातार पार्टी को असहज करने वाले बयान दे रहे हैं. केरल में पिनराई विजयन सरकार की वापसी के दावे के बाद अय्यर पर कांग्रेस नेताओं की तरफ से हमला बोला गया. अय्यर ने तुरंत मोर्चा संभाला और सीधे कांग्रेस नेता राहुल गांधी को टारगेट पर लिया. अय्यर ने साफ कहा कि वे 'राहुलवादी' नहीं हैं. उन्होंने कांग्रेस सांसद शशि थरूर पर भी तंज कसा. इसके अलावा कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा को 'कठपुतली' करार दिया.

Advertisement

मणिशंकर अय्यर ने केरल में लगातार तीसरी बार कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सिस्ट) वाले लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (LDF) गठबंधन की सरकार बनने की भविष्यवाणी की, तो कांग्रेस नेताओं ने इसे उनका निजी विचार बता दिया. अय्यर ने पलटवार करते हुए याद दिलाया कि वे अभी भी कांग्रेस पार्टी में हैं. 

इंडिया टुडे से जुड़ीं शिबीमोल केजी की रिपोर्ट के मुताबिक, मणिशंकर अय्यर ने कहा,

Advertisement

"मैं कांग्रेस पार्टी में हूं, मैंने पार्टी नहीं छोड़ी है. मिस्टर राहुल गांधी भूल गए हैं कि मैं पार्टी का सदस्य हूं. इसलिए मैं गांधीवादी हूं, मैं नेहरूवादी हूं, मैं राजीववादी हूं, लेकिन मैं राहुलवादी नहीं हूं."

पूर्व केंद्रीय मंत्री मणिशंकर अय्यर की तरफ से तीखे बयान ऐसे समय पर आ रहे हैं जब कांग्रेस केरल में सरकार बनाने की जुगत भिड़ा रही है. इस साल केरल में विधानसभा चुनाव होने हैं. कांग्रेस के सामने सीएम पिनराई विजयन को लगातार तीसरी बार सत्ता में आने से रोकने की चुनौती है. मणिशंकर अय्यर खुद दक्षिण भारत से आते हैं. ऐसे में विजयन के पक्ष में कांग्रेसी नेता के बयान पार्टी के लिए राज्य में चुनौती पैदा कर सकते हैं.

विवाद हुआ तो कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने X पर साफ किया कि मणिशंकर अय्यर का पिछले कुछ सालों से कांग्रेस से कोई संबंध नहीं है और वे अपनी निजी राय दे रहे हैं, पार्टी की नहीं.

Advertisement
Pawan Kheda
पवन खेड़ा का पोस्ट. (X @Pawankhera)

इस पर NDTV के साथ बातचीत में मणिशंकर अय्यर ने पवन खेड़ा को लपेटे में लिया. उन्होंने कहा,

"वे (पवन खेड़ा) कांग्रेस पार्टी के एक टट्टू, एक कठपुतली हैं... मैं खुद चाहता हूं कि कांग्रेस जीते, लेकिन मुझे नहीं लगता कि वो जीतेगी. क्योंकि कांग्रेसी आपस में बंटे हुए हैं. वे किसी कम्युनिस्ट से ज्यादा खुद एक-दूसरे से नफरत करते हैं."

अय्यर ने कांग्रेस को चुनौती देते हुए कहा कि पार्टी केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता वीडी सतीशन को मुख्यमंत्री चेहरा घोषित करे, तब वे पिनराई विजयन पर दिया बयान वापस लेंगे. केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस सांसद शशि थरूर पर तंज कसते हुए अय्यर ने कहा,

"मैं शशि थरूर से ज्यादा बेमतलब के करियरिस्ट से कभी नहीं मिला. वे अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार में विदेश मंत्री बनने की कोशिश कर रहे हैं."

इस बीच मणिशंकर अय्यर ने कहा कि अगर कांग्रेस उन्हें निकाल दे, तो वे अपनी आवाज उठा सकते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि कोई दूसरी पार्टी उन्हें नहीं लेना चाहती. अय्यर बोले,

“मैं कॉलेज में (कैंब्रिज यूनिवर्सिटी) में कम्युनिस्ट था. लेकिन कम्युनिस्ट जैसी पार्टी मुझे नहीं चाहेगी. पिनराई बहुत समझदार इंसान हैं. वे मुझे नहीं चाहेंगे. अगर मैं पिनराई विजयन होता, तो मैं खुद अपने आप को नहीं चाहता. सोनिया गांधी ने खुद मुझे लूज कैनन (बेलगाम) बताया है.”

मणिशंकर अय्यर ने ANI से बात करते हुए INDIA ब्लॉक पर भी बयान दिया. उन्होंने कहा कि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन को INDIA गठबंधन का चेयरमैन बनाना चाहिए. उन्होंने कहा कि स्टालिन, राहुल गांधी के प्रधानमंत्री बनने के रास्ते में नहीं आएंगे.

वीडियो: ट्रेड डील को लेकर राहुल गांधी ने सरकार पर लगाए आरोप, गृह मंत्री ने कहा-'झूठ बोल रहे हैं'

Advertisement