The Lallantop

खरगे की रैली वाली जगह का 'शुद्धिकरण' कराने पर राज्यसभा में हंगामा, नड्डा बोले-'दुखद घटना है'

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने हलद्वानी में एक रैली की थी. कथित तौर पर रैली वाली जगह का 'शुद्धिकरण' कराने का दावा किया गया है. इस पर राज्यसभा में भारी हंगामा हुआ. नेता सदन जेपी नड्डा ने घटना को दुखद बताते हुए जांच कराने की बात कही.

Advertisement
post-main-image
खरगे ने बीजेपी कार्यकर्ताओं पर आरोप लगाया है (PHOTO- India Today)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • राज्यसभा में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने हल्द्वानी में रैली स्थल पर भाजपा समर्थकों द्वारा कथित शुद्धिकरण समारोह आयोजित किए जाने की शिकायत की।
  • खरगे ने शुद्धिकरण के विरोध में कहा कि यह दलित होने के कारण उनके साथ भेदभाव दर्शाता है, जिसके बाद राज्यसभा में इस मसले पर तीव्र बहस हुई।
  • केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने भाजपा की गतिविधियों से इस मामले को अलग करते हुए जांच कराने और मामले की समीक्षा करने का भरोसा दिया।

राज्यसभा में गुरुवार, 13 अगस्त को जमकर हंगामा हुआ. राज्यसभा में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने हलद्वानी में रैली वाली जगह के कथित तौर पर शुद्धिकरण करने पर नाराजगी जताई थी. कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने कहा कि बीजेपी शासित उत्तराखंड में उस जगह पर 'शुद्धिकरण' समारोह आयोजित किया गया, जहां उन्होंने एक रैली को संबोधित किया था. इसके बाद उन्होंने कहा कि दलित समुदाय से होने की वजह से उनके साथ ऐसा बर्ताव किया गया है. जैसे ही खरगे ने यह मुद्दा उठाया, केंद्रीय मंत्री और नेता सदन जेपी नड्डा इसका जवाब देने के लिए खड़े हुए. उन्होंने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि बीजेपी इस तरह की गतिविधियों का समर्थन नहीं करती है.

Advertisement
दिल्ली से उत्तराखंड तक बवाल

खरगे के उठाए इस मुद्दे ने न सिर्फ दिल्ली, बल्कि उत्तराखंड में भी राजनीतिक हलचल पैदा कर दी है. हल्द्वानी के रामलीला मैदान में हुए कथित शुद्धिकरण को लेकर कांग्रेस नाराजगी जता रही है. यह अनुष्ठान एक हिंदूवादी संगठन ने किया था. ये वही जगह है जहां कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने दो दिन पहले एक जनसभा को संबोधित किया था. मानसून सत्र के आखिरी दिन राज्यसभा में इस मुद्दे पर जमकर हंगामा हुआ. सदन की कार्यवाही शुरू होते ही कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उस मंच पर हवन और शुद्धिकरण किया, जहां से उन्होंने 8 अगस्त को रैली को संबोधित किया था. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक खरगे ने कहा, 

उस समय वहां लाखों लोग मौजूद थे. मैंने किसी समुदाय या धर्म का नाम नहीं लिया. मैंने केवल वहां के लोगों की समस्याओं के बारे में बात की. लेकिन मेरे भाषण के बाद, बीजेपी कार्यकर्ताओं ने हवन किया. क्या लोकतंत्र में ऐसा होता है? आप संविधान की रक्षा कैसे कर रहे हैं? मैं विपक्ष का नेता हूं. मैं कभी इन मुद्दों का राजनीतिकरण नहीं करना चाहता था.

Advertisement

(यह भी पढ़ें: PM मोदी को 'आतंकवादी' कहने पर फंसेंगे मल्लिकार्जुन खरगे? राज्यसभा चेयरमैन ने ये कदम उठाया)

नड्डा ने कहा, बीजेपी ये सब नहीं करती

कांग्रेस सांसदों की जोरदार नारेबाजी के बीच, राज्यसभा के सभापति ने खरगे को शांत करने की कोशिश की. उन्होंने जोर देकर कहा कि दुनिया में छुआछूत से बड़ा कोई पाप नहीं है. वहीं केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने इस घटना से बीजेपी को अलग करने की कोशिश की. उन्होंने खरगे को भरोसा दिलाया कि मामले की जांच की जाएगी. उन्होंने कहा, 

कृपया बार-बार यह न कहें कि हमने (बीजेपी ने) ऐसा किया. बीजेपी ऐसी गतिविधियों का समर्थन नहीं करती है. मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि वहां जो कुछ भी हुआ, उसकी निश्चित रूप से जांच की जाएगी। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष इस मामले को देखेंगे. यह हम सभी के लिए बहुत खेद की बात है कि आपकी भावनाएं आहत हुईं.

Advertisement

इस पर खरगे ने जोर देकर कहा कि वह घटना के लिए किसी पर आरोप नहीं लगा रहे थे. वो बस ये कह रहे हैं कि मामला दर्ज करें, उन्हें गिरफ्तार करें.

वीडियो: राजधानी: समाजवादी पार्टी के कांग्रेस में विलय की बात क्यों शुरू हो गई?

Advertisement