The Lallantop

खाई में गिरकर हुई मौत, सबने मान लिया था हादसा, 5 साल बाद खुली हत्या की खौफनाक साजिश

Mumbai Police ने 5 साल पुराने मामले में 4 लोगों को गिरफ्तार किया है. खास बात यह है कि 5 साल से जिसे सड़क हादसे में हुई मौत मानी जा रही थी, वह असल में हत्या थी. आरोपियों ने दोस्त की हत्या कर उसे एक्सीडेंट दिखाने की कोशिश की थी.

Advertisement
post-main-image
पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है. (फोटो: ITG)
author-image
दिव्येश सिंह

महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग जिले में लगभग पांच साल पहले कथित तौर पर सड़क हादसे में एक शख्स की जान चली गई थी. अब मुंबई पुलिस ने खुलासा किया है कि वह कोई एक्सीडेंट नहीं था, बल्कि एक सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या थी. पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है. इन आरोपियों पर अपने दोस्त की हत्या करने और अपराध को छिपाने के लिए उसकी लाश को एक खाई में फेंकने का आरोप है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
क्या है पूरा मामला?

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, मृतक की पहचान अशफाक मुलानी उर्फ ​​निहाल के तौर पर हुई थी. निहाल सोलापुर जिले के निवासी थे, लेकिन बारामती में रहते थे. दिसंबर 2021 में फोन्डा घाट (सिंधुदुर्ग) की एक गहरी खाई में उनका शव और मोटरसाइकिल मिली थी. उस समय पुलिस ने इसे दुर्घटना का मामला माना. लगभग एक साल बाद लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज किया गया और चार्जशीट भी दाखिल की गई थी. हालांकि, पुलिस को कभी भी इसमें किसी साजिश का शक नहीं हुआ.

कुछ समय पहले मुंबई क्राइम ब्रांच की यूनिट 7 को एक टिप (गुप्त सूचना) मिली कि निहाल की मौत कोई एक्सीडेंट नहीं थी, बल्कि यह एक मर्डर था. इसे कथित तौर पर उसके छह साथियों और बिजनेस पार्टनर्स ने अंजाम दिया था. जानकारी मिलने पर क्राइम ब्रांच ने मुंबई से मनोज नारायण भांडगे, सुरेंद्र चंद्रहास सोनावाडेकर, अतिश भगवान मोरे और ऋतुराज शेट्टी को गिरफ्तार किया. दो अन्य आरोपी अमित राउत और मनोज भंडारी अभी भी फरार हैं.

Advertisement

'2 लाख के लिए कर दी हत्या'

पुलिस के मुताबिक, आरोपी और मृतक सिंधुदुर्ग जिले के कुडाल में लोन कंसल्टेंसी के कारोबार से जुड़े थे. पुलिस ने आरोप लगाया कि यह ग्रुप कमीशन के बदले बैंकों और नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनियों से लोन दिलाने का वादा करके एक फ्रॉड रैकेट चलाता था. जांच कर रहे अधिकारियों ने यह भी बताया कि लगभग 2 लाख रुपये को लेकर हुए झगड़े की वजह से निहाल की हत्या कर दी गई थी.

क्या हुआ था उस दिन?

रिपोर्ट के मुताबिक, 5 दिसंबर 2021 को अशफाक मुलानी उर्फ ​​निहाल को कुडाल के ओंकार डीलक्स रिजॉर्ट में पार्टी के लिए बुलाया गया था. इस दौरान पैसों के लेन-देन को लेकर बहस हो गई. पुलिस के मुताबिक, छह आरोपियों ने होटल के कमरे में निहाल के साथ कथित तौर पर डंडों से मारपीट की, जिससे उनकी मौत हो गई.

Advertisement

अपराध को छिपाने के लिए आरोपियों ने कथित तौर पर निहाल की लाश को एक इनोवा SUV की डिक्की में रखा और उनमें से एक ने उनकी मोटरसाइकिल चलाई. इसके बाद वे लगभग 50 किलोमीटर दूर फोंडा घाट गए, जो अपनी गहरी घाटियों और खड्डों के लिए जाना जाता है. पुलिस ने बताया कि वहां आरोपियों ने निहाल की लाश, उनका बैग और मोटरसाइकिल एक गहरी खाई में फेंक दी, ताकि ऐसा लगे कि उनकी मौत सड़क हादसे में हुई है.

लाश लगभग 22 दिन बाद मिली, जिसके बाद हादसे से मौत का मामला दर्ज किया गया था. निहाल के परिवार ने दिसंबर 2021 में पुणे जिले के बारामती पुलिस स्टेशन में उनके लापता होने की शिकायत भी दर्ज कराई थी.

ये भी पढ़ें: दोस्त की हत्या कर घर में ही गाड़ दिया शव, 9 दिन बाद पुलिस से बोला- ‘उसकी आत्मा परेशान कर रही’

पुलिस ने क्या बताया?

मुंबई क्राइम ब्रांच के DCP नवनाथ धवले ने बताया, 

"हमारी टीम को इस मामले के बारे में जानकारी मिली और मृतक के बारे में जानकारी इकट्ठा की गई. इसके बाद आरोपियों का पता लगाया गया, उन्हें हिरासत में लिया गया और उनसे पूछताछ की गई."

गिरफ्तार किए गए आरोपियों को कंकावली पुलिस को सौंप दिया गया है. पुलिस हत्या का मामला दर्ज करेगी और मामले की आगे जांच करेगी. पुलिस दो फरार संदिग्धों का पता लगाने की भी कोशिश कर रही है. पुलिस ने बताया कि कुछ आरोपियों के खिलाफ पहले से धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं.

वीडियो: सूर्या मर्डर केस के आरोपी असद के बारे में पड़ोसियों का खुलासा, 'गलत टाइप का...'

Advertisement