महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने अपने दिवंगत पति और राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के प्लेन क्रैश की जांच कराने की मांग की है. 17 फरवरी को सुनेत्रा पवार समेत राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित गुट) के कई वरिष्ठ नेताओं ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की और बारामती में हुए प्लेन क्रैश की CBI जांच कराने की मांग की.
अजित पवार के प्लेन क्रैश की हो CBI जांच, पत्नी और डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार ने उठाई मांग
Sunetra Pawar समेत NCP के सीनियर नेताओं ने Ajit Pawar के निधन के बाद पैदा हुए संदेहों को देखते हुए केंद्रीय जांच एजेंसी से जांच की जरूरत बताई है. प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि पार्टी और परिवार इस मामले में पारदर्शिता चाहती है.


उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के साथ मौजूद NCP के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल और प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के सामने एक फॉर्मल प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया. इस प्रेजेंटेशन के जरिए दिल्ली स्पेशल पुलिस एस्टैब्लिशमेंट एक्ट, 1946 के तहत राज्य सरकार से CBI जांच की मंजूरी मांगी गई. इस मौके पर तीनों नेताओं के अलावा मेडिकल एजुकेशन मिनिस्टर हसन मुश्रीफ और अजित पवार के बेटे पार्थ पवार भी मौजूद थे.
सुनेत्रा पवार समेत एनसीपी के सीनियर नेताओं ने अजित पवार के निधन के बाद उपजे संदेहों को देखते हुए केंद्रीय जांच एजेंसी से जांच की जरूरत बताई है. प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने मीडिया से बात करते हुए बताया,
पार्टी और परिवार इस मामले में पारदर्शिता चाहती है. उन्होंने राज्य और केंद्र सरकार से अपील की है कि इस उच्च स्तरीय जांच को तुरंत मंजूरी दी जाए, जिससे किसी भी तरह की साजिश की संभावना का जवाब मिल सके.
रोहित पवार ने जताया था साजिश का शक
इससे पहले NCP (शरद गुट) के विधायक और राजेंद्र पवार के बेटे रोहित पवार ने चाचा अजित पवार के प्लेन क्रैश को लेकर सवाल उठाए थे. एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में रोहित पवार ने कहा,
28 जनवरी के क्रैश से जुड़े कई सवालों के जवाब नहीं मिले हैं जिसने इस बात को लेकर गंभीर किस्म का संशय पैदा किया है कि क्या यह घटना सिर्फ एक एक्सीडेंट थी. पूरा महाराष्ट्र इस बात पर सवाल उठा रहा है कि अजित दादा का प्लेन क्रैश एक एक्सीडेंट था या कोई साजिश.
रोहित पवार ने बारामती एयरपोर्ट के पास लियरजेट एयरक्राफ्ट के क्रैश की घटनाओं के क्रम पर सवाल उठाया और आशंका जताई कि सबूतों के साथ छेड़छाड़ की जा सकती है. उन्होंने कहा,
हमें डर है कि सबूतों के साथ छेड़छाड़ की जाएगी. हम सिर्फ रिपोर्ट पर भरोसा नहीं कर सकते. हमें सभी CCTV फुटेज और टेक्निकल रिकॉर्ड चाहिए.
रोहित पवार के अलावा शिवसेना (उद्धव गुट) के नेता संजय राउत समेत कई विपक्षी नेताओं ने अजित पवार के प्लेन क्रैश को लेकर सवाल उठाए थे. फिलहाल सुनेत्रा पवार की तरफ से सीबीआई जांच की मांग से राज्य के सियासी गलियारों में गहमागहमी और अटकलों का दौर तेज हो गया है.
वीडियो: जिस प्लेन क्रैश में अजित पवार की मौत हुई क्या वो साजिश थी? भतीजे रोहित पवार के मन में सवाल क्यों?

















.webp?width=120)





