कुछ ही दिनों में रक्षाबंधन का पर्व आने वाला है. देश भर में यह त्योहार धूमधाम से मनाया जाएगा. बहनें अपने भाई की कलाइयों पर राखी बांधेंगी और भाई अपनी बहनों को सुरक्षा और समानता का आश्वासन देंगे. लेकिन इस बीच उत्तर प्रदेश की राजधानी से एक दूसरी ही तस्वीर सामने आ रही है. यहां एक भाई ने अपनी बहन की जमीन हथियाने के लिए अपने मृत पिता के अंगूठे का निशान खाली कागजात पर लगवा लिया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है.
बेटियों ने सेवा की तो उन्हें दी आधी जमीन, अब बेटे ने वापस पाने को पिता के शव का अंगूठा लगाया
Uttar Pradesh की राजधानी Lucknow में एक भाई ने बहनों की जमीन हड़पने के लिए मृत पिता के अंगूठे का निशान खाली कागजों पर लगवा लिया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. क्या है पूरा मामला?

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, यह मामला लखनऊ के रहीमाबाद क्षेत्र के खड़ौहा गांव का है. जुलाई का यह मामला वीडियो वायरल होने के बाद अब सामने आया है. छत्रपाल (75) को बेटे महेंद्र और बहू लक्ष्मी ने उनके पुश्तैनी घर से निकाल दिया था, जिसके बाद से वे अपनी बेटियों के साथ रह रहे थे. छत्रपाल की बेटी सुमन के मुताबिक, उनके भाई और भाभी ने अपने बुजुर्ग माता-पिता को बार-बार परेशान किया था.
सुमन ने बताया कि 7 जुलाई को उनके पिता की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्होंने महेंद्र को इसकी जानकारी दी. महेंद्र अपने परिवार के साथ लखनऊ पहुंचे और छत्रपाल को गांव ले गए. उन्होंने कहा कि वे उनके इलाज का इंतजाम करेंगे. 9 जुलाई को छत्रपाल की मौत हो गई. जब सुमन और परिवार के दूसरे सदस्य अंतिम संस्कार के लिए गांव पहुंचे, तो उन्हें महेंद्र की बदसलूकी का सामना करना पड़ा.
इसी दौरान महेंद्र ने अपने गुजर चुके पिता के अंगूठे का निशान खाली कागजों पर ले लिया. रिश्तेदारों और गांववालों ने इस घटना का वीडियो बना लिया. सुमन के पति रमेश ने बताया कि परिवार इस घटना से हैरान था. उन्होंने सवाल उठाया कि बाद में उन खाली कागजों का क्या इस्तेमाल किया जाएगा.
ये भी पढ़ें: ‘मत मारो बाबू’, लोग रोकते रह गए, तलवार से 25 वार कर लड़के ने ठेकेदार को मार डाला
संपत्ति से किया था बेदखलरिपोर्ट के मुताबिक, 2023 में मृतक छत्रपाल और उनकी पत्नी को उनके पुश्तैनी घर से निकाल दिया गया था. इसके बाद वे अपनी दो अन्य बेटियों के साथ रहने लगे. बेटियां अपने माता-पिता की देखभाल करती थीं. परिवार के मुताबिक, इसके बाद छत्रपाल ने अपनी लगभग 6.5 बीघा जमीन में से एक-एक बीघा जमीन अपनी तीनों बेटियों के नाम कर दी.
उन्होंने अखबार में एक नोटिस के जरिए अपने बेटे महेंद्र और उनकी पत्नी को अपनी चल और अचल संपत्ति से बेदखल भी कर दिया. खबरों के मुताबिक, उन्होंने ऐसा इसलिए किया क्योंकि महेंद्र और उनकी पत्नी, उनके साथ बुरा बर्ताव करते थे. सुमन ने आरोप लगाया है कि महेंद्र ने अब उनके हक की जमीन छीनने के लिए पिता के अंगूठे का निशान लिया है. इस पूरे मामले पर रहीमाबाद थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
वीडियो: कोटा की पांच महिलाओं ने एकसाथ कर दी इच्छा मृत्यु की मांग













