मध्यप्रदेश के खंडवा में एक शख्स कुत्ते के भेष में कलेक्ट्रेट ऑफिस में प्रोटेस्ट करने पहुंच गया. इस अनोखे प्रोटेस्ट को देखने के लिए लोगों की भीड़ लग गई. दरअसल, शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्याओं को लेकर खंडवा नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष ने ऐसा प्रदर्शन किया. उन्होंने कथित तौर पर दावा किया कि आवारा कुत्तों की नसबंदी पर ‘40 लाख’ खर्च होने के बाद भी कुत्तों की संख्या बढ़ी है.
कांग्रेस नेता इंसान को कुत्ते की ड्रेस पहनाकर कलेक्ट्रेट ऑफिस पहुंचे, फिर...
Khandwa के जिला Collectorate में आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर अतरंगी प्रोटेस्ट किया गया. प्रोटेस्ट करने पहुंचा शख्स खुद ही कुत्तों की ड्रेस पहनकर पहुंचा. अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया और कार्यवाही का आश्वासन दिया.

नेता प्रतिपक्ष ने अपनी शिकायत में यह भी बताया कि आवारा कुत्तों की वजह से रात के समय में पैदल चलने वालों, खासकर बच्चों को समस्या होती है. अब इस विरोध का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
खंडवा में हर मंगलवार को जनसुनवाई का आयोजन किया जाता है. इसमें नगर निगम और कलेक्ट्रेट से जुड़े मामलों पर सुनवाई की जाती है. मंगलवार, 18 अगस्त को भी जनसुनवाई का आयोजन किया गया. इस दिन खंडवा नगर निगम में कांग्रेस पार्टी से नेता प्रतिपक्ष दीपक राठौर उर्फ मुल्लू ने शहर में बढ़ते आवारा कुत्तों की समस्या का मुद्दा उठाया.
इंडिया टुडे से जुड़े जय नागड़ा की रिपोर्ट के मुताबिक, जब नेता प्रतिपक्ष एक शख्स को कुत्ते का मुखौटा पहनाकर जनसुनवाई में पहुंचे, तो लोग यह नजारा देखकर हैरान हो गए. उनके जन सुनवाई वाले सभागार में एंट्री करते समय गेट पर तैनात पुलिस अधिकारी ने उन्हें रोकने की कोशिश की. दोनों में थोड़ी बहस भी हुई. हालांकि, अधिकारियों ने उन्हें अंदर भेजने को ताकीद की.
नेता प्रतिपक्ष दीपक राठौर ने आंकड़ों के साथ यह शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने बताया कि शहर में आवरा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है. चार साल में 13 हजार 225 लोगों को कुत्तों ने काटा है. बावजूद इसके नगर निगम इसके प्रति ‘गंभीर’ नहीं है. इस दौरान उन्होंने कुत्तों की नसबंदी के नाम पर 40 लाख रुपये से ज्यादा का खर्च होने का भी मामला सामने रखा.
मामले की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल कलेक्टर (ADM) काशीराम बड़ोले ने विस्तार से नेता प्रतिपक्ष की शिकायत सुनी. इस दौरान डॉगी की पोशाक में वह शख्स भी बाकायदा कुर्सी पर बैठा रहा. शिकायत सुनने के बाद ADM ने इसके लिए जांच कमेटी बनाकर कार्यवाही करने का आश्वासन दिया. बाद में आजतक ने दीपक राठौर से बातचीत की. उन्होंने कहा,
‘मैं खुद डॉग बाइट का शिकार हो चुका हैं. खंडवा से ऐसे कई वीडियो आए हैं, जिनमें कुत्तों ने छोटे-छोटे बच्चों को शिकार बनाया है. अभी कुछ दिन पहले एक गाय के बछड़े को कुत्ते ने शिकार बनाया था. ये सब देखकर मुझे लगा कि कुछ करना चाहिए. इससे पहले भी मैंने नगर निगम में शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई.’
दीपक राठौर ने आगे कहा कि इन सब मामलों को देखने के बाद लगा कि उन्हें इसे कुत्तों से ही उठाना चाहिए. इसके बाद ही उन्होंने एक शख्स को कुत्ते का मास्क पहनाकर ऐसा प्रोटेस्ट करने का प्लान बनाया. दीपक ने आगे कहा,
‘ये बहुत गंभीर समस्या है. ये पूरे देश की समस्या है. खंडवा में लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद भी इनकी संख्या कम नहीं हो रही थी. सुप्रीम कोर्ट ने भी दिशा निर्देश दिए हैं, लेकिन उसका भी पालन नहीं हो रहा है. खंडवा में भी देखा जाए, तो नसबंदी होने के बाद भी कुत्तों की संख्या में कमी नहीं आई.’
दीपक ने आगे बताया कि उन्हें कई शिकायते मिली थीं कि कुत्तों की नसबंदी होने के बाद भी उनकी संख्या बढ़ती जा रही है. दीपक ने आगे बताया कि उन्होंने खुद 3-4 जगह देखा कि कुत्तों को टैग लगाया गया, लेकिन उनकी संख्या बढ़ गई. इन्हीं सबके बाद उन्होंने ऐसा प्रोटेस्ट करने का प्लान बनाया.
वीडियो: 'नमक की जगह Surf', Bihar के स्कूल में Mid Day Meal खाने से बच्चे बीमार











