The Lallantop

'70 देशों की यात्रा' के बाद भारत-नेपाल बॉर्डर पर बिना पासपोर्ट के पकड़ा गया, इस अमेरिकी से एजेंसियां दंग

सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने भारत-नेपाल बॉर्डर पर नेपाल की ओर भाग रहे एक अमेरिकी नागरिक को पकड़ा है. पूछताछ में इस विदेशी ने अपना नाम जॉर्डन ब्राउन बताया है. जॉर्डन के पास से लीगल वीजा या पासपोर्ट नहीं मिला है. यही नहीं उसने जो दावे किए हैं, उसे सुनकर जांच एजेंसियों का माथा चकरा गया है.

Advertisement
post-main-image
अमेरिकी नागरिक को SSB ने स्थानीय पुलिस को सौंप दिया है. (एक्स)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले के भारत-नेपाल सीमा से बिना वीजा और पासपोर्ट के प्रवेश करने की कोशिश कर रहे एक विदेशी नागरिक जॉर्डन ब्राउन को सशस्त्र सीमा बल ने गिरफ्तार किया है।
  • इस गिरफ्तारी के पीछे मिजोरम-म्यांमार सीमा पार कर आई कुछ संदिग्ध विदेशी नागरिकों की गिरफ्तारी और उनकी आतंकवादी गतिविधियों में संलिप्तता की घटनाएं हैं।
  • जॉर्डन ब्राउन के दावों और पिछले सफर की जांच जारी है, साथ ही उस पर विदेशी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है और अमेरिकी दूतावास को सूचना दी गई है।

कुछ दिन पहले कुछ यूक्रेनी डोम ट्रेनर और अमेरिकी नागरिक मिजोरम-म्यांमार सीमा पार करके बिना किसी वीजा पासपोर्ट के भारत आए थे. लखनऊ और दिल्ली से उनकी गिरफ्तारी हुई थी. इसमें गिरफ्तार एक शख्स पर मिजोरम के कुकी आतंकियों को ड्रोन वॉर और हथियारों की ट्रेनिंग देने का आरोप लगा है. अब उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले से लगे भारत बॉर्डर से नेपाल में एंट्री लेने की कोशिश में लगे एक संदिग्ध विदेशी नागरिक को गिरफ्तार किया गया है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

बिना वीजा पासपोर्ट के पकड़ा गया विदेशी नागरिक

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने जिस विदेश नागरिक को गिरफ्तार किया है, उसके पास न तो पासपोर्ट है और ना ही वीजा. इस शख्स के दावों ने तो जांच एजेंसियों को चक्कर में डाल दिया है. अवैध तरीके से बॉर्डर पार करने की कोशिश में पकड़े गए इस विदेशी नागरिक ने अपना नाम जॉर्डन ब्राउन बताया है. पूछताछ के दौरान उससे मिली जानकारियां हैरान करने वाली हैं. 

Advertisement

रिपोर्ट के मुताबिक उसने खुद को अमेरिका के कैलिफोर्निया का रहने वाला बताया है. उसका दावा है कि वह लगभग 70 देशों की यात्रा कर चुका है. जॉर्डन ने बताया कि उसने कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी से इंटरनेशनल बिजनेस का कोर्स किया है. यही नहीं, उसने खुद को अमेरिकी नेवी और स्पेशल फोर्सेज का एक्स स्टाफ बताया है.

भारत कैसे पहुंचा ब्राउन?

जॉर्डन ब्राउन ने बताया कि भारत आने से ठीक पहले वह इंडोनेशिया के बाली में था. वहां से अमेरिका लौटा और आठ हफ्ते पहले गोवा आया. गोवा में उसने छह हफ्ते बिताए. उसने बताया कि इसके बाद 8 जुलाई को उसने लखनऊ की बस ली और गोरखपुर पहुंच गया. फिर सोनौली बॉर्डर तक पहुंचने के लिए टैक्सी किराए पर ली. पूछताछ के दौरान उसने दावा किया कि वह नाज नाम के एक शख्स से मिलने के लिए नेपाल जाने की कोशिश कर रहा था. उसके मुताबिक गोवा में उसकी कथित नेपाली नागरिक से दोस्ती हुई थी.

Advertisement

उत्तराखंड की लड़की से शादी का दावा

जॉर्डन ने जांच एजेंसियों के सामने एक और बड़ा दावा किया. उसके मुताबिक उसकी शादी उत्तराखंड की रहने वाली चेतना नाम की एक लड़की से हुई है, जो पेशे से एक योग ट्रेनर है. जॉर्डन ने बताया कि चेतना से उसकी मुलाकात इटली में हुई थी. इस दौरान दोनों के बीच प्यार हुआ और उन्होंने अक्टूबर 2024 में शादी कर ली.

पासपोर्ट को लेकर दिया गोलमोल जवाब

जॉर्डन नेपाल की ओर जा रहा था. उस दौरान वहां तैनात SSB जवान ने उसको रोका. लेकिन वह रुकने के बजाया भागने लगा. जवानों ने कुछ दूर तक पीछा करके उसको पकड़ लिया. फिर कंपनी हेडक्वार्टर लाकर उससे पूछताछ की गई. पासपोर्ट के बारे में पूछने पर उसने बताया कि उसका पासपोर्ट बेंगलुरु में किसी परिचित के पास रखा है. जब SSB ने उससे बेंगलुरु के परिचित आदमी का नाम-पता पूछा तो वह कोई सटीक जानकारी नहीं दे सका. इसके बाद उस पर शक गहरा गया.

ये भी पढ़ें - क्या बिहार-नेपाल बॉर्डर पर फायरिंग की घटना का नक्शा विवाद से कोई कनेक्शन है?

SSB ने शुरुआती पूछताछ के बाद जॉर्डन को सोनौली पुलिस को सौंप दिया है. पुलिस ने बिना लीगल डॉक्यूमेंट्स के बॉर्डर पार करने के आरोप में Foreigners Act की धारा 14 के तहत उस पर मुकदमा दर्ज करके उसको गिरफ्तार किया है. अमेरिकी दूतावास को इसकी जानकारी दे दी गई है. फिलहाल SSB, पुलिस और दूसरी खुफिया एजेंसियां उसकी असली पहचान, उसके दावों और ट्रैवल से जुड़ी सूचनाओं के वेरिफिकेशन में जुटी हुई हैं. 

वीडियो: भारत ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह को तगड़ा सुना दे दिया

Advertisement