अमेरिका-इजरायल के हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई है. इसकी पुष्टि ईरान के सरकारी मीडिया प्रेस टीवी की ओर से की गई. खामेनेई की मौत के बाद दुनिया भर के नेताओं के रिएक्शन आ रहे हैं. इस कड़ी में भारतीय नेताओं और राजनीतिक पार्टियों ने भी प्रतिक्रिया दी.
ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई की मौत पर भारतीय नेता क्या बोले?
Ali Khamenei Death: अली खामेनेई की मौत के बाद दुनिया भर के नेताओं के रिएक्शन आ रहे हैं. इस कड़ी में भारतीय नेता और राजनीतिक पार्टियां भी प्रतिक्रिया दे रही हैं.


खामेनेई की मौत के पर कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा का रिएक्शन आया है. उन्होंने X पर लिखा,
‘डेमोक्रेटिक दुनिया के तथाकथित नेताओं द्वारा एक सॉवरेन देश के लीडरशिप की टारगेटेड हत्या और बहुत सारे बेगुनाह लोगों की हत्या घिनौनी है. इसकी कड़ी निंदा होनी चाहिए, चाहे इसका कारण कुछ भी बताया गया हो. यह दुख की बात है कि अब कई देश लड़ाई में घसीटे जा रहे हैं. दुनिया को शांति चाहिए, और फालतू की लड़ाइयों की नहीं. जो लोग इसकी ज़िम्मेदारी संभाल रहे हैं, उन्हें महात्मा गांधी की बातें याद रखनी चाहिए: आंख के बदले आंख पूरी दुनिया को अंधा बना देती है. मुझे उम्मीद है कि इजरायल के प्रधानमंत्री और प्रेसिडेंट ट्रंप के सामने झुकने के बाद, हमारे प्रधानमंत्री प्रभावित देशों में सभी भारतीय नागरिकों को सुरक्षित घर वापस लाने की पूरी कोशिश करेंगे.’

वहीं, AIMIM पार्टी के मुखिया और सांसद असदुद्दीन ओवैसी का भी बयान आया है. उन्होंने X पर लिखा,
‘ईरान पर ट्रंप-इजरायल के हमले पूरी तरह से निंदनीय हैं. यह तब हुआ, जब जिनेवा में ईरान-US बातचीत चल रही थी. पूरे ईरान में 200 से ज्यादा लोग मारे गए हैं, जिनमें 108 लोग तब मारे गए जब लड़कियों के स्कूल पर हमला हुआ. अयातुल्ला खामेनेई की हत्या एक गलत और गैर-कानूनी काम है. मेरी गहरी संवेदनाएं. ईरान पर ये हमले जल्द से जल्द बंद होने चाहिए, नहीं तो पूरा इलाका अस्थिरता में फंस जाएगा. हमें याद रखना चाहिए कि इस इलाके में 10 मिलियन भारतीय काम करते हैं. ईरान पर इजरायल का हमला और अफगानिस्तान पर पाकिस्तान का हमला हमें दिखाता है कि इजरायल और पाकिस्तान अपने-अपने पड़ोस में हमला करने वाली और शरारत करने वाली ताकतें हैं.’
'मौत की लेकिन दिल-ए-दाना को कुछ परवा नहीं
शब की खामोशी में जुज हंगामा-ए-फर्दा नहीं
मौत को समझे हैं ग़ाफ़िल इख़्तियार-ए-जिदगी
है ये शाम-ए-जिंदगी सुबह-ए-दवाम-ए-जिंदगी'

खामेनेई की मौत पर आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह का भी रिएक्शन आया है. उन्होंने X पर लिखा,
'भारत ने एक भरोसेमंद दोस्त खोया है. खामेनेई जी को विनम्र श्रद्धांजलि. ईरान भारत का परंपरागत मित्र है. उसने पाकिस्तान के खिलाफ वोट किया. हमेशा भारत का साथ दिया. भारत को ऊर्जा सुरक्षा प्रदान की. इस संकट की घड़ी में भारत सरकार को अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए, वरना वैश्विक तानाशाह अमेरिका की तानाशाही का दायरा दुनिया भर में बढ़ता जाएगा. वेनेजुएला के बाद ईरान, कहां तक फैलेगा इजराइल-अमेरिका का आतंक?'

वहीं, शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) की नेता और राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने X पर लिखा,
'अयातुल्ला अली खामेनेई सिर्फ ईरान के सुप्रीम लीडर ही नहीं थे, बल्कि शिया मुस्लिम कम्युनिटी के हेड में से एक थे. आने वाले समय में उनकी मौत का क्या नतीजा होगा, यह एक अनचाहा तमाशा होगा, जिसे समझना मुश्किल होगा.'

खामेनेई की मौत पर जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबी मुफ्ती का भी बयान सामने आया है. मुफ्ती ने अपने X हैंडल पर लिखा,
'आज इतिहास में एक बहुत ही दुखद और शर्मनाक मोड़ आया है, जब इजरायल और अमेरिका, ईरान के प्यारे नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या पर शेखी बघार रहे हैं. इससे भी ज्यादा शर्मनाक और चौंकाने वाली बात यह है कि मुस्लिम देशों ने साफ और छिपे हुए तौर पर इसका समर्थन किया, जिन्होंने जमीर के बजाय सुविधा और फायदे को चुना. इतिहास इस बात का सबूत होगा कि किसने न्याय के लिए लड़ाई लड़ी और किसने जालिमों की मदद की. ईरान के लोगों के साथ दुआएं. अल्लाह उन्हें जुल्म और नाइंसाफी करने वाली ताकतों पर ताकत और जीत दे.'

वहीं, जम्मू कश्मीर के मौजूदा मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला का भी रिएक्शन आया है. अब्दुल्ला ने X पर लिखा,
'मैं ईरान में हो रहे घटनाक्रम को लेकर बहुत चिंतित हूं, जिसमें ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या भी शामिल है. मैं सभी समुदायों से अपील करता हूं कि वे शांत रहें, शांति बनाए रखें, और ऐसे किसी भी काम से बचें जिससे तनाव या अशांति हो. हमें यह भी पक्का करना चाहिए कि जम्मू और कश्मीर में जो लोग दुख मना रहे हैं, उन्हें शांति से दुख मनाने दिया जाए. पुलिस और प्रशासन को बहुत संयम बरतना चाहिए और बल या रोक लगाने वाले तरीकों का इस्तेमाल करने से बचना चाहिए.
जम्मू और कश्मीर सरकार, ईरान में अभी जम्मू और कश्मीर के रहने वालों, जिसमें छात्र भी शामिल हैं, की सुरक्षा और भलाई पुख्ता करने के लिए भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के साथ मिलकर काम कर रही है.'

बता दें कि खामेनेई के मौत पर बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की ओर से भी प्रतिक्रिया आई है. पार्टी ने X अकाउंट पर लिखा,
'अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या के उद्देश्य से किया गया ईरान पर हमला पूरी मानवता के विरुद्ध हमला है. हजारों बेकसूरों ने अपनी जान गंवाई है. अयातुल्ला अली खामेनेई की शहादत के साथ भारत ने अपना एक दोस्त खो दिया है. इराक, लीबिया, सीरिया. अमेरिका ने जहां भी हमला किया, उन देशों को और वहां के नागरिकों के जीवन को अमेरिका ने बर्बाद कर दिया.'

वहीं, भारत के अलग-अलग राज्यों में खामेनेई की मौत पर शिया समुदाय के लोग मातम मना रहे हैं. दिल्ली और उत्तर प्रदेश से लेकर जम्मू-कश्मीर तक, देश के अलग-अलग हिस्सों में अमेरिका और इजरायल के खिलाफ प्रदर्शन हो रहे हैं.
वीडियो: ईरान पर अमेरिका-इजरायल के हमले को लेकर अन्य देशों ने क्या कहा?











.webp?width=275)




.webp?width=120)
.webp?width=120)
.webp?width=120)

