The Lallantop

'तुझे बच्चा चाहिए तो बीवी को मेरे पास भेज', TCS कांड के पुरुष पीड़ित ने एक-एक बात बताई

पीड़ित ने साल 2022 में नासिक स्थित TCS ब्रांच जॉइन की थी. उसने बताया कि जॉइनिंग के कुछ ही समय बाद आरोपियों ने उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया. उसने बाकायदा तौसीफ अख्तर औऱ दानिश शेख का नाम लेकर कहा कि उन्होंने जानबूझकर उसे टारगेट किया.

Advertisement
post-main-image
आरोपियों को ले जाती पुलिस. (तस्वीर- इंडिया टुडे)
author-image
दिव्येश सिंह

“तुझे बच्चा चाहिए तो अपनी बीवी को मेरे पास भेज दे.” TCS यौन उत्पीड़न और जबरन धर्मांतरण मामले के पुरुष पीड़ित का दावा है कि आरोपियों ने उससे ऐसी बात की थी. उसका कहना है कि आरोपी तौसीफ अख्तर और दानिश शेख ने TCS जॉइन करने के बाद से ही उसे परेशान करना शुरू कर दिया था. उसका दावा है कि आरोपियों ने उसे ‘जबरन (मुस्लिम) टोपी पहनाई और नमाज अदा’ करवाई.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
TCS यौन उत्पीड़न का पुरुष पीड़ित क्या बोला?

पीड़ित ने बताया कि शादी के कई साल बाद भी उसकी कोई संतान नहीं है. आरोपियों ने इसे लेकर भी उसे निशाना बनाया. इंडिया टुडे के लिए दिव्येश सिंह की रिपोर्ट के मुताबिक पीड़ित ने बताया, “मेरे टीम लीडर्स ने जबरदस्ती मुझसे नमाज अदा करवाई, कलमा पढ़वाया और (मुस्लिम) टोपी पहनाई. उत्पीड़न की हदें तब पार हो गईं जब एक आरोपी ने मेरी निजी जिंदगी का मजाक उड़ाया, ये कहकर कि मुझे बच्चा चाहिए तो अपनी पत्नी को उसके पास भेजूं.”

आगे पीड़ित ने दावा किया कि जब उसने इसका विरोध किया तो तौसीफ ने कथित तौर पर गुस्से में टेबल फैन उसकी तरफ फेंका था. विक्टिम ने तौसीफ और दानिश के अलावा शाहरूख और रजा मेमन नाम के दो और लोगों का जिक्र किया है. उसने इन पर महिला कर्मचारियों के लिए आपत्तिजनक बातें करने और उन्हें भी टारगेट करने का आरोप लगाया है. उसका दावा है कि जब उसके पिता को पैरालिटिक अटैक पड़ा तो इन लोगों कहा कि अगर वो इस्लाम अपना ले तो पिता ठीक हो सकते हैं.

Advertisement

पीड़ित ने साल 2022 में नासिक स्थित TCS ब्रांच जॉइन की थी. उसने बताया कि जॉइनिंग के कुछ ही समय बाद आरोपियों ने उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया. उसने बाकायदा तौसीफ अख्तर और दानिश शेख का नाम लेकर कहा कि उन्होंने जानबूझकर उसे टारगेट किया. तौसीफ टीम लीडर था, उसके पास अथॉरिटी थी. उसने कथित तौर पर विक्टिम को सभी आदेशों का पालन करने का सख्त आदेश दिया और अतिरिक्त काम लाद दिए. पीड़ित का कहना है कि दूसरों के काम भी उसे दिए जाते थे ताकि वो हमेशा तनाव में रहे.

मेल विक्टिम ने खुद को समर्पित हिंदू और रामदास स्वामी का अनुयायी बताया. उसने आरोप लगाया कि उसकी धार्मिक पहचान ऑफिस में कलह की वजह बन गई. आरोपियों ने कथित तौर पर आए दिन उसकी आस्था का मजाक उड़ाया, हिंदू भगवानों के अस्तित्व पर सवाल उठाया, उनके और महाराष्ट्र की पूजनीय हस्तियों पर अपमानजनक टिप्पणियां कीं.

पीड़ित के आरोप यहीं खत्म नहीं होते. उसने इंडिया टुडे को बताया कि आरोपी नाइट शिफ्ट खत्म होने के बाद उसे होटल ले जाते और शाकाहारी होने के बावजूद उस पर नॉनवेज खाने का दबाव बनाते. मना करने पर धार्मिक आस्था का मजाक बनाया जाता.

Advertisement

इसी कड़ी में 2023 में ईद के मौके पर तौसीफ पीड़ित को अपने घर ले गया और कथित तौर पर धार्मिक टोपी पहनाई, नमाज के लिए दबाव बनाया और इसकी तस्वीरें खींचकर कंपनी के ऑफिशियल ग्रुप पर शेयर कर दिया.

TCS यौन उत्पीड़न मामले में अब तक 9 अलग-अलग FIR दर्ज की गई हैं. इनमें से एक FIR 23 साल की महिला पीड़ित की शिकायत के आधार पर दर्ज की गई है. रिपोर्ट के मुताबिक इसी FIR में पहली बार तौसीफ और दानिश का नाम सामने आया. महिला ने दावा किया कि दानिश ने शादी करने की चाहत जाहिर कर उसे जबरदस्ती किस करने की कोशिश की थी. वहीं, तौसीफ और कंपनी की HR एग्जिक्यूटिव निदा खान ने कथित तौर पर बार-बार आपत्तिजनक टिप्पणी कीं. महिला का आरोप है कि वे उसकी धार्मिक आस्था को अस्थिर करने का प्रयास करते थे.

रिपोर्ट के मुताबिक मामले से जुड़ी पहली FIR दर्ज होने के बाद नासिक पुलिस ने कई महिला अधिकारियों को अंडरकवर एजेंट बनाकर कंपनी में भेजा था. जांच के आधार पर बाद में और भी FIR दर्ज की गईं. कई महिला पीड़ितों के बयानात के मद्देनजर अब तक कुल 9 मामले रजिस्टर किए जा चुके हैं.

वीडियो: TCS नासिक में पुलिस का 'सीक्रेट मिशन', सामने आए यौन उत्पीड़न और धर्म परिवर्तन के कई मामले

Advertisement