विजयादशमी पर कई जगहों से रावण दहन की तस्वीरें/वीडियो आए. इसके साथ ही कई जगहों पर शस्त्र पूजा की भी खबरें आईं. इसी बीच छत्तीसगढ़ के राजनांदगाव से आया एक वीडियो वायरल हो रहा है. वीडियो में नीली साड़ी पहने एक महिला शस्त्र पूजा के बाद AK-47 से हवाई फायर करती दिख रही हैं. वीडियो राजनांदगाव पुलिस लाइन का बताया जा रहा है. तड़ातड़ एके-47 से फायरिंग करने वाली महिला चर्चित आईपीएस अधिकारी अंकिता (IPS Ankita Sharma) शर्मा हैं.
साड़ी में AK-47 लेकर चलाई तड़ातड़ गोलियां, कौन है यह महिला जिनका वीडियो वायरल?
विजयादशमी पर शस्त्र पूजा के बाद AK-47 से फायरिंग करती दिखीं छत्तीसगढ़ की IPS अधिकारी Ankita Sharma का वीडियो वायरल है. वीडियो राजनांदगांव पुलिस लाइन का बताया जा रहा है. इस वीडियो पर सोशल मीडिया में लगातार प्रतिक्रियाएं भी आ रही हैं.

विजयादशमी पर पूरे देश में पुलिस, CAPF और सेना के जवान अपने हथियारों की पूजा करते हैं. पुलिस और सैन्य बलों के लिए हथियार केवल एक इक्विपमेंट मात्र नहीं है. यह लॉ एंड ऑर्डर बनाए रखने और लोगों की सुरक्षा का साधन भी है. इसलिए तमाम पुलिसकर्मी अपने हथियारों की पूजा करते हैं. उनके वायरल वीडियो पर मिली जुली प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.
आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक राजनांदगाव पुलिस लाइन में विजयादशमी पर शस्त्र पूजा का आयोजन किया गया था. कार्यक्रम में एसपी अंकिता शर्मा के अलावा पुलिस के कई सीनियर अधिकारी भी मौजूद थे. लेकिन पूरे कार्यक्रम के दौरान सबसे अधिक वायरल हुआ एसपी अंकिता शर्मा का वीडियो. आमतौर पर पुलिस के कार्यक्रमों में अधिकारी यूनिफार्म में होते हैं. लेकिन आईपीएस अंकिता ने साड़ी पहनी थी इसलिए लोगों का ध्यान इस ओर भी गया.
कौन हैं IPS अंकिता शर्मा?अंकिता शर्मा 2018 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं. वो फिलहाल छत्तीसगढ़ कैडर की अफसर हैं. सोशल मीडिया प्लेटफार्म इंस्टाग्राम पर उनके 9 लाख से अधिक फॉलोअर हैं. सोशल मीडिया और न्यूज में अक्सर उन्हें लेडी सिंघम कहा जाता है.
TOI के मुताबिक आईपीएस अंकिता शर्मा छत्तीसगढ़ के दुर्ग की रहने वाली हैं. उन्होंने भिलाई से ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन पूरा किया है. उनकी एक कहानी खूब वायरल है. रिपोर्ट के मुताबिक 5वीं क्लास में उन्हें मैथ्स में 50 में से 5 नंबर मिले थे. इसके बाद उन्होंने मेहनत की और हाईस्कूल के एग्जाम में उनके 92% मार्क्स आए. फिर क्लास 12 में भी उन्होंने 90% स्कोर किए.
(यह भी पढ़ें: फायरिंग करती वायरल दुल्हन, दूल्हा देखता रहा पर पुलिस चुप नहीं बैठी, दुल्हन अब…)
ग्रेजुएशन और पीजी के बाद वो MBA का मन बना चुकी थीं. एडमिशन भी लिया, लेकिन यूपीएससी की तैयारी के लिए उन्होंने बीच में ही पढ़ाई छोड़ दी. इसके बाद तीसरे प्रयास में अंकिता शर्मा की 203वीं रैंक आई. आईपीएस अंकिता शर्मा को पहली पोस्टिंग भाटपारा में मिली. इसके बाद उन्होंने रायपुर आजाद चौक में सिटी सुपेरिटेंडेंट का पद संभाला. फिर मई 2022 में उन्हें खैरागढ़ का एसपी बनाया गया. अंकिता शर्मा कई एंटी-नक्सल ऑपरेशंस का भी हिस्सा रही हैं. अंकिता शर्मा के इस वीडियो पर कई सवाल उठ रहे हैं. लोगों का कहना है कि क्या एक खतरनाक हथियार से इस तरह हर्ष फायरिंग करना सही है?
वीडियो: Tiger Shroff Firing: एक्टर के नाम से फेक पोस्ट्स हो रहे वायरल, टीम ने चेतावनी जारी की











