The Lallantop

उद्धव ठाकरे ने 'रिजीम चेंज' का किया ऐलान, देवेंद्र फडणवीस को दी चुनौती, अमित शाह पर भी बरसे

20 अक्टूबर को दशहरा रैली में उद्धव ठाकरे ने 'रिजीम चेंज' का इस्तेमाल किया था. इस शब्द को लेकर खासा विवाद भी हो रहा है. इस दौरान उन्होंने गृहमंत्री अमित शाह, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे पर भी खूब तंज कसे.

Advertisement
post-main-image
दशहरा रैली के दौरान शिवसेना (UBT) अध्यक्ष उद्धव ठाकरे. (Courtesy: PTI)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • शिवसेना (UBT) के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने दशहरा रैली में टाइगर श्रॉफ पर हमले और कानून-व्यवस्था को लेकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे पर निशाना साधा।
  • टाइगर श्रॉफ पर हमले की पृष्ठभूमि में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का नाम जुड़ा है, जो साबरमती जेल में बंद है, और महाराष्ट्र की राजनीतिक उठापटक के बाद शिवसेना में फूट और सत्ता परिवर्तन हुआ।
  • टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद महाराष्ट्र की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठे हैं, 7 आरोपित गिरफ्तार किए गए हैं, और इस घटना पर सीएम तथा गृहमंत्री से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जवाब मांगा जा रहा है।

बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद शिवसेना (UBT) के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने गृहमंत्री अमित शाह पर सीधे निशाना साधा. दशहरा रैली में उन्होंने एक तीर से कई निशाने लगाए. उनके टारगेट पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे रहे. प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर प्रदेश के सीएम पर हमला बोला. गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का नाम लेकर गृहमंत्री अमित शाह पर तीखे सवाल दागे.

Advertisement

हमले के बाद डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने टाइगर श्रॉफ से मुलाकात की थी. उन्होंने इस पर निशाना साधते हुए कहा कि चर्चा में बने रहने के लिए शिंदे ने यह मीटिंग की थी. टाइगर की तस्वीर शिवसेना की पहचान रही है. अब एक्टर टाइगर ने उद्धव ठाकरे को कमान से तीर खींचने का मौका दे दिया है. उद्धव पार्टी को तोड़ने के लिए इन्हीं तीन नेताओं को जिम्मेदार मानते हैं. पार्टी छिनने के साथ तीर-कमान वाला चुनाव चिह्न भी उनसे छिन चुका है.

सबसे पहले बात गृहमंत्री अमित शाह की करते हैं. शाह गुजरात से आते हैं और 2023 से लॉरेंस को गुजरात की हाई सिक्योरिटी वाली साबरमती जेल में रखा गया है. गृह मंत्रालय के आदेश के मुताबिक उसे साबरमती जेल से शिफ्ट नहीं किया जा सकता है. ना ही दूसरे राज्य की पुलिस को उसकी रिमांड दी जा सकती है. पूछताछ भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ही होगी. यही वजह है कि उद्धव ने ढोकला और फाफड़ा का जिक्र किया.

Advertisement
उद्घव का एक तीर, तीन शिकार

अमित शाह और उद्धव ठाकरे की अदावत किसी से छिपी नहीं है. उद्धव का आरोप है कि शाह ने 2019 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले वादा किया था कि सरकार बनी तो शिवसेना और भारतीय जनता पार्टी (BJP) का बारी-बारी से ढाई-ढाई साल तक सीएम होगा.

दूसरी तरफ, अमित शाह और BJP ऐसा कोई वादा करने से इनकार करते रहे हैं. इसके बाद कांग्रेस और नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (NCP) की मदद से उद्धव ठाकरे सीएम बने. बाद में उद्धव के ही साथी एकनाथ शिंदे ने शिवसेना तोड़कर उनकी सरकार गिरा दी. बाद में शिंदे खुद BJP की मदद से सीएम बन गए.

लॉरेंस बिश्नोई पर लौटते हैं. उसे तिहाड़ में रखा गया. पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के मर्डर के बाद उसे बठिंडा जेल ले जाया गया, जहां वो जेल से इंटरव्यू दे रहा था. उसके बाद ड्रग्स से जुड़े एक केस में उसे अहमदाबाद की साबरमती जेल लाया गया. अब उसके गिरोह ने टाइगर श्रॉफ पर जानलेवा हमले की जिम्मेदारी ली है.

Advertisement

20 अक्टूबर को दशहरा रैली में उद्धव ठाकरे ने उस शब्द का भी इस्तेमाल किया जिसे लेकर विवाद हो रहा है- रिजीम चेंज. जवाब दूसरी दशहरा रैली से एकनाथ शिंदे ने दिया. उन्होंने उद्धव ठाकरे पर चुटकी लेते हुए कहा कि आपकी अपनी पार्टी में रिजीम चेंज हुआ, वो भी आपको समझ नहीं आया.

शिवसेना (UBT) अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने मराठी में कहा,

"अगर वोट देने का अधिकार छीना जा रहा है तो रिजीम चेंज की मांग के अलावा हम और क्या कर सकते हैं? हां, हम सत्ता परिवर्तन के लिए ही आगे आए हैं. आप ही बताइए हम ऐसा क्यों ना करें."

उन्होंने आगे सीएम देवेंद्र फडणवीस को चुनौती देते हुए कहा,

"फडणवीस जी, अगर जरा भी हिम्मत है तो साबरमती जाइए. दिल्ली में बैठे अपने पिता के सामने खड़े होइए... और बिश्नोई को वापस महाराष्ट्र ले आइए. ये गुंडे यूपी जैसी जगहों से आए हैं. किसी को इनके आने की भनक तक नहीं लगी. और रही बात बिश्नोई की तो वो साबरमती जेल में बैठा है और...अमित शाह की तरफ से मुहैया कराए जा रहे ढोकला और फाफड़ा के मजे ले रहा है. वहीं, उसके गुर्गे दावा कर रहे हैं कि उसके पास 70 हजार शूटर मौजूद हैं."

एकनाथ शिंदे का पलटवार

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) के अध्यक्ष एकनाथ शिंदे ने भी अपनी दशहरा रैली की. उन्होंने उद्धव ठाकरे पर बरसते हुए कहा,

"कुछ लोग कहते हैं कि रिजीम चेंज करना है. रिजीम चेंज ऐसे होता है? जनता चुनाव में बदलाव लाती है. जनता तय करती है कि किसे हराना है 
और किसे सत्ता में बैठाना है. जनता ने 3 बार आपको सत्ता से उखाड़ फेंका है. 3 बार आपको रिजेक्ट किया है. रिजेक्शन की हैट्रिक लगाई है. आप क्या रिजीम चेंज करेंगे? अरे, आपकी अपनी पार्टी में जो रिजीम चेंज हुआ, वो भी आपको समझ नहीं आया."

महाराष्ट्र सरकार पर उठते सवाल

4 साल पहले एकनाथ शिंदे के पार्टी तोड़ने के बाद उद्धव मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं. लेकिन कानून-व्यवस्था पर उनके सवालों को खारिज नहीं किया जा सकता. दो साल पहले अक्टूबर 2024 में एक्टर सलमान खान के करीबी राजनेता बाबा सिद्दिकी का मर्डर किया गया. तब देवेंद्र फडणवीस महाराष्ट्र के गृहमंत्री थे. अब टाइगर श्रॉफ पर हमले के वक्त वो गृहमंत्री होने के साथ-साथ मुख्यमंत्री भी हैं.

यह भी पढ़ें: टाइगर श्रॉफ अटैक केस में दिल्ली से दो औरतें अरेस्ट, मुंबई में किए थे हथियार सप्लाई

टाइगर श्रॉफ पर हमले के मामले में 2 महिलाओं समेत 7 लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं. लेकिन जिम्मेदारी लेने वाले लॉरेंस बिश्नोई का गिरोह आगे ऐसे हमले करने, कराने से डरेगा? क्या सुरक्षा चाक-चौबंद रहेगी? जवाब तो सीएम और सूबे के गृहमंत्री से ही मांगा जाएगा.

वीडियो: उद्धव ठाकरे की मीटिंग में नहीं शामिल हुए 6 सांसद, संजय राउत क्या बोल गए?

Advertisement