जम्मू-कश्मीर में तैनात एक IAS अफसर राजीव रंजन का एक वीडियो लीक हुआ है, जिसके बाद वो विवादों में घिर गए हैं. वीडियो में वो एक महिला अफसर पर चिल्लाते और अपशब्दों का इस्तेमाल करते नज़र आ रहे हैं. मामला 15 अक्टूबर के एक रिव्यू मीटिंग के दौरान का है. मीटिंग के दौरान IAS राजीव रंजन ने महिला अधिकारी बीनिश वानी को नौकरी से सस्पेंड करने और धमकाने की भी कोशिश की.
महिला अफसर पर चीखे IAS, कहे अपशब्द, वीडियो सामने आया तो जता रहे अफसोस
जम्मू-कश्मीर का एक वीडियो वायरल हो रहा है. वीडियो में एक IAS अफसर राजीव रंजन एक महिला अधिकारी पर चिल्लाते और अपशब्द कहते हुए नज़र आ रहे हैं. वो कहते हैं, 'मैं तुम्हारा बॉस हूं, तुमसे ऐसे ही बात करूंगा.' एक रिव्यू मीटिंग के दौरान ये सब हुआ. इसका वीडियो सामने आ गया.

इंडिया टुडे से जुड़े मीर फरीद की रिपोर्ट के मुताबिक, मिशन YUVA की एक रिव्यू मीटिंग चल रही थी. मिशन YUVA युवाओं को सशक्त करने के लिए एक सरकारी योजना है. वीडियो में राजीव रंजन बीनिश वानी से कहते नज़र आ रहे हैं, ‘मैं तुमसे ऐसे ही बात करूंगा, मैं तुम्हारा बॉस हूं’. इसपर जब बीनिश ने आपत्ति जताई तब IAS अधिकारी ने अपशब्दों का इस्तेमाल किया.
बहस किस बात पर छिड़ी?मीटिंग के दौरान मिशन YUVA में अब तक के हासिल की समीक्षा की जा रही थी. बैठक के दौरान, जम्मू-कश्मीर के श्रम एवं रोजगार विभाग में प्रशासनिक सचिव के पद पर तैनात राजीव रंजन रिव्यू कर रहे थे. उन्होंने बीनिश के कार्यालय को सौंपे गए कार्यों को पूरा करने में NRLM एजेंसी की भूमिका पर सवाल उठाए.
बीनिश वानी गांदरबल में एम्प्लॉयमेंट एंड काउंसलिंग सेंटर में सहायक निदेशक के पद पर तैनात हैं. वे 2015 बैच की JKAS (जम्मू और कश्मीर प्रशासनिक सेवा) अधिकारी हैं. उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक में हिस्सा लिया. वो अधिकारियों को अपने कार्यालय द्वारा हासिल किए गए लक्ष्यों के बारे में जानकारी दे रही थीं. तभी राजीव रंजन ने सवाल किया कि इस काम में किसी दूसरी एजेंसी को क्यों शामिल किया गया है?
मीटिंग में क्या हुआ?महिला अधिकारी NRLM वाले सवाल का जवाब देने की कोशिश कर रही थीं. वीडियो के मुताबिक, वो अपनी बात रखने की कोशिश कर रही थीं मगर राजीव उन्हें बार-बार रोक रहे थे. यहीं से दोनों के बीच मामला गरमा गया. राजीव रंजन ने फिर बीनिश को गाली दी. बीनिश ने विरोध जताया. मगर राजीव ने ‘मैं तुम्हारा बॉस हूं’ कहकर वर्चस्व साबित करने की कोशिश की. इसके बाद महिला अधिकारी को अपशब्द भी कहे. फिर अधिकारियों को बीनिश का सस्पेंशन लेटर जारी करने का हुक्म दिया. तंग आकर बीनिश ने भी कह दिया ‘जो जी में आए करो.’
अब इस घटना की जम्मू-कश्मीर प्रशासनिक सेवा (JKAS) संघ और राजनीतिक नेताओं ने निंदा की है. साथ ही, निष्पक्ष जांच और जवाबदेही की भी मांग की गई है.
पीपल डेमोक्रैटिक पार्टी की नेता इल्तिजा मुफ़्ती ने इस मुद्दे को उठाया. उन्होंने एक X पर पोस्ट करते हुए लिखा,
'आपकी इतनी हिम्मत कैसे हुई कि आप इतनी अपमानजनक और नीची भाषा का इस्तेमाल करें? अपनी 'खुद को भगवान समझने वाली' सोच और गंदी गालियों को कहीं और ले जाइए. हम कश्मीर में इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे.'
उन्होंने जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से राजीव रंजन को तुरंत निलंबित करने की मांग की है.
ये भी पढ़ें: घूसखोरी के आरोपी पूर्व IAS ने मेट्रो में शख्स को पीटा, मां के सामने बेटे की जान ले ली
जब विवाद बढ़ा तो IAS राजीव रंजन की सफाई भी आई. NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने कहा कि, अगर उन्होंने हीट ऑफ द मोमेंट में यानी गुस्से में कुछ गलत कहा है, तो उन्हें इसका अफसोस है. उन्होंने दावा किया कि वो महिला अधिकारी से बार-बार चुप रहने के लिए कह रहे थे, लेकिन वह उन्हें उकसाती रहीं.
वीडियो: बेंगलुरु के पब में IAS अधिकारी और पुलिस के बीच विवाद, वीडियो में क्या दिखा?













