The Lallantop

सांसद के बेटे ने कार से महिला को कुचलकर मार दिया, अरेस्ट होने से पहले ही जमानत मिल गई

पुलिस के मुताबिक 16 अगस्त को दोपहर करीब 3 बजे तेज रफ्तार कार ने एक महिला को टक्कर मारी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. आरोप आंध्र प्रदेश से राज्यसभा सांसद लिंगमनेनी रमेश के बेटे लिंगमनेनी संजुश पर आया है. लिंगमनेनी पवन कल्याण की जनसेना पार्टी के नेता हैं.

Advertisement
post-main-image
आरोप है कि लिंगमनेनी संजुश (दाएं) ने तेज रफ़्तार कार से महिला (बाएं) को टक्कर मारी, जिससे उनकी मौत हो गई.

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • तेलंगाना के हैदराबाद में माधापुर इलाके में तेज रफ्तार एस्टन मार्टिन कार के टक्कर से 26 वर्षीय भारती मुखी की मौत हो गई, जिसे राज्यसभा सांसद के बेटे लिंगमनेनी संजुश चला रहे थे।
  • भारती मुखी मॉल के बाहर सड़क पार कर रही थीं जब संजुश की कार ने उन्हें टक्कर मारी, पुलिस की जांच में पता चला कि संजुश गाड़ी चला रहे थे और यह हादसा तेज़ रफ्तार के कारण हुआ।
  • पुलिस ने संजुश के खिलाफ आईपीसी की धारा 106(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया है, जांच जारी है और संजुश को जमानती अपराध होने के कारण अभी तक गिरफ्तार नहीं किया गया।

तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में एक तेज रफ्तार एस्टन मार्टिन (Aston Martin) कार की टक्कर से 26 साल की महिला की मौत हो गई. हादसा शहर के माधापुर इलाके में एक मॉल के बाहर हुआ. पुलिस के मुताबिक, कार आंध्र प्रदेश से राज्यसभा सांसद लिंगमनेनी रमेश के 23 साल के बेटे लिंगमनेनी संजुश चला रहे थे. जिस महिला की मौत हुई, उनका नाम भारती मुखी (26 साल) था. 

Advertisement

भारती मॉल में सेल्सवुमन के तौर पर काम करती थीं. पुलिस के मुताबिक, 16 अगस्त को दोपहर करीब 3 बजे भारती एक साथी के साथ पास के होटल से खाना लेने गई थीं. खाना लेकर दोनों मॉल लौट रही थीं. इसी दौरान वो सड़क पार कर रही थीं, तभी कार ने उन्हें टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि भारती के सिर में गंभीर चोट लगी. हादसे के बाद उन्हें उसी कार से अपोलो अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

सांसद के बेटे पर केस दर्ज

इस केस में FIR उनके स्टोर मैनेजर पंजाला अश्विन कुमार ने दर्ज कराई है. पुलिस ने शिकायत और जांच के आधार पर संजुश के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1) के तहत केस दर्ज किया है. ये धारा लापरवाही से किसी की मौत होने से जुड़ी है. इसमें पांच साल तक की जेल और जुर्माने का प्रावधान है.

Advertisement

पुलिस का कहना है कि जांच में ऐसे सबूत मिले हैं, जिनसे पता चला कि हादसे के वक्त कार संजुश ही चला रहे थे. अब पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कार कितनी तेज रफ्तार में थी और हादसा किन हालात में हुआ. फिलहाल संजुश को गिरफ्तार नहीं किया गया है. पुलिस के मुताबिक, ये अपराध जमानती है. इसलिए उन्हें नोटिस दिया गया है और जांच आगे बढ़ रही है.

ये भी पढ़ें: सड़क किनारे खड़ी कार का एयरबैग फटा, ड्राइवर की मौके पर ही मौत

कौन है आरोपी संजुश?

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि संजुश ने शराब या ड्रग्स के नशे में गाड़ी नहीं चलाई थी. उसके खिलाफ पहले से कोई केस भी दर्ज नहीं है. संजुश ब्लैक रिज एनर्जी लिमिटेड नाम की कंपनी में डायरेक्टर है. उसने अमेरिका की University of Texas, Dallas से कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई की है.

Advertisement

संजुश आंध्र प्रदेश से राज्यसभा सांसद और पवन कल्याण की जनसेना पार्टी के नेता लिंगमनेनी रमेश के बेटे हैं. लिंगमनेनी रमेश जनसेना पार्टी से सांसद हैं. आंध्र प्रदेश में जनसेना पार्टी, तेलुगु देशम पार्टी यानी TDP के साथ मिलकर सरकार चला रही है. हालांकि, हादसे को लेकर सांसद की तरफ से अभी तक कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. 

वीडियो: हैदराबाद में जिम ट्रेनर के खिलाफ यौन उत्पीड़न का केस दर्ज, महिला पायलट ने क्या कहा?

Advertisement