गुरुग्राम में हिट एंड रन केस में अब विक्टिम सिया खुद सामने आई हैं. आरोपी कार ड्राइवर कल्याण बैंसला के इंटरव्यू के बाद सिया ने सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात अपना पहला वीडियो बयान जारी किया और आरोपी के दावों पर सवाल उठाए.
'अगर जानबूझकर टक्कर नहीं मारी तो रुके क्यों नहीं?' महिला बाइकर ने वीडियो में सब बताया
Gurugram hit and run: हिट एंड रन केस की पीड़िता सिया ने कहा कि अगर आरोपी कल्याण बैंसला का दावा है कि बाइक सवार उन्हें परेशान कर रहे थे या टीज़ कर रहे थे, तो सवाल ये है कि वह उनके पीछे क्यों आए? सिया का आरोप है कि कार चालक ने सड़क पर अपनी लेन बदली और उनकी बाइक को टक्कर मारी.

सिया ने कहा कि अगर कल्याण बैंसला का दावा है कि बाइक सवार उन्हें परेशान कर रहे थे या टीज़ कर रहे थे, तो सवाल ये है कि वह उनके पीछे क्यों आए? सिया का आरोप है कि कार चालक ने सड़क पर अपनी लेन बदली और उनकी बाइक को टक्कर मारी. उनके मुताबिक, ये महज एक हादसा नहीं था, बल्कि कार जानबूझकर उनकी तरफ मोड़ी गई थी.
‘उन्हें पता था कि बाइक एक लड़की चला रही थी. फिर भी उन्होंने हमारा पीछा किया. और अब जब वो कह रहे हैं कि उन्हें बुरा लग रहा था तो रुके क्यों नहीं? जब उन्होंने मुझे टक्कर मारी तो उनकी ज़िम्मेदारी बनती है कि वो रुक कर देखें और अस्पताल ले जाएं.’
गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर हुए इस मामले का वीडियो सामने आने के बाद आरोपी कार चालक कल्याण बैंसला का पक्ष भी सामने आया है. आजतक से बातचीत में बैंसला ने दावा किया कि करीब 20 से 22 बाइक सवार उनकी कार के आसपास से गुजर रहे थे और करीब 10 मिनट तक बाइक राइडर्स कार के आगे-पीछे चल रहे थे.
बैंसला का दावा है कि सिया की बाइक तेज रफ्तार में थी और जब वह दाईं तरफ मुड़ीं, उसी दौरान कार बाईं तरफ मुड़ी और दोनों की टक्कर हो गई. उनका कहना है कि टक्कर जानबूझकर नहीं मारी गई थी. उन्होंने ये भी दावा किया कि टक्कर के बाद अगर वो रुकते तो उनके साथ मारपीट हो सकती थी.
ये भी पढ़ें: 'वो परेशान कर रहे थे, पूरा वीडियो नहीं है', महिला बाइकर को टक्कर मारने वाले कल्याण बैंसला के बड़े दावे
सिया के पिता की क्या मांग है?इस मामले में एक और बड़ा अपडेट ये है कि सिया के पिता रोशन चौहान और उनके वकील सोमवार शाम गुरुग्राम के सेक्टर-56 पुलिस थाने पहुंचे. परिवार ने लिखित शिकायत देकर मामले में साधारण धाराओं के बजाय हिट एंड रन और हत्या की कोशिश यानी अटेंप्ट टू मर्डर की धारा लगाने की मांग की है.
रोशन चौहान के मुताबिक, जब वह थाने पहुंचे तो पुलिस पहले ही वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए सुओ-मोटो FIR दर्ज कर चुकी थी. उन्होंने अपनी शिकायत भी पुलिस को दी और उसकी रिसीविंग कॉपी ली.
उनका कहना है कि वीडियो में जिस तरह कार बाइक को टक्कर मारती दिख रही है और बाइक सड़क पर कुछ दूर तक घिसटती है, उससे ये सामान्य सड़क हादसा नहीं लगता. उन्होंने कहा कि भगवान का शुक्र है कि उनकी बेटी को गंभीर चोट नहीं आई.
वीडियो: पहले महिला बाइक सवार का पीछा किया, फिर कार से मारी टक्कर, गुरुग्राम का वीडियो देख दहल जाएंगे









