AI की रफ्तार पर उसे बनाने वालों ने ही दुनिया को चेतावनी दी तो डॉनल्ड ट्रंप ने इसे ‘बीमार मानसिकता वालों की साजिश’ करार दिया है. उन्होंने कहा है कि इन सबसे अगर कोई खुश हो सकता है तो वह सिर्फ चीन है. अपने ‘आत्ममुग्ध बयानों’ के लिए मशहूर अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने ये भी कहा कि AI को जिस एकमात्र ‘गार्डरेल’ या ‘कंट्रोल’ की जरूरत है, वह है एक हाई आईक्यू वाला राष्ट्रपति. जाहिर है कि वो अपनी ही बात कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि ‘अमेरिका के पास ऐसा मजबूत और समझदार राष्ट्रपति है, जिसके प्रशासन ने AI से जुड़े लोगों को गलत काम करने से रोक दिया है.’
AI को कंट्रोल करने के लिए सिर्फ एक शख्स काफी, ट्रंप ने बताया वो कौन है
Anthropic के CEO डारियो अमोदेई ने AI की तेज रफ्तार को इंसानियत के लिए खतरा बताते हुए इसके विकास को धीमा करने की बात कही थी. लेकिन डॉनल्ड ट्रंप ने इसे ‘बीमार मानसिकता वाली साजिश’ बताया और कहा कि AI को अलग गार्डरेल की जरूरत नहीं, अमेरिका के पास मजबूत और स्मार्ट राष्ट्रपति है.

ट्रंप ने ये सारी बातें सोशल मीडिया पर अपनी एक पोस्ट में कही हैं. उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के लिए अलग से किसी कंट्रोल या ‘गार्डरेल’ की जरूरत नहीं है. इसके लिए एक मजबूत और स्मार्ट (हाई IQ वाला) राष्ट्रपति ही काफी है और अमेरिका के पास ऐसा राष्ट्रपति है. ट्रंप ने आगे लिखा कि उनके प्रशासन ने AI से जुड़े लोगों को गलत या संभावित रूप से नुकसान पहुंचाने वाले काम करने से रोका है.
ट्रंप ने खासतौर पर एंथ्रोपिक (Anthropic) के CEO डारियो अमोदेई (Dario Amodei) का जिक्र किया और कहा कि ‘अब वह खुद को एकदम मासूम दिखाने की कोशिश कर रहे हैं.’
डारियो अमोदेई हाल ही में ये कहकर चर्चा में आए थे कि AI के विकास की रफ्तार को धीमा करने की जरूरत है. वर्ना यह इन्सानियत के लिए बड़ा खतरा बन सकता है. अपने एक आर्टिकल में उन्होंने तर्क दिया था कि AI की क्षमताएं बहुत तेजी से बढ़ी हैं. इसकी एक वजह यह भी है कि AI खुद ही और बेहतर AI सिस्टम बनाने में मास्टर होते जा रहे हैं. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर AI का विकास इसी रफ्तार से होता रहा तो एक दिन इंसान इस पावरफुल सिस्टम को समझने और कंट्रोल करने में ‘फेल’ हो जाएंगे.
ये भी पढ़ेंः AI से डरे AI बनाने वाले, बोले- 'स्लो होना पड़ेगा'

अमोदेई के इस बयान के बाद ट्रंप ने अपनी पोस्ट शेयर की है. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार के पास गलत काम करने वाली AI कंपनियों पर कार्रवाई के लिए पर्याप्त शक्तियां पहले से मौजूद हैं. उनका प्रशासन इनका इस्तेमाल भी करता रहेगा. उन्होंने AI और डेटा सेंटरों के खिलाफ साजिश का आरोप लगाया. ट्रंप ने कहा कि इस पूरे मामले से अगर कोई खुश है तो वह चीन है. उन्होंने लिखा,
AI और डेटा सेंटरों के खिलाफ एक बीमार मानसिकता वाली साजिश चल रही है और इससे खुश होने वाला अगर कोई है, तो वह चीन है.
ट्रंप के मुताबिक, जो भी AI की रेस में आगे रहेगा, वही जीतेगा. उन्होंने दावा किया कि चीन और दूसरे देशों के मुकाबले इस दौड़ में अमेरिका आगे है और वह अपनी बढ़त बनाए रखेगा. अपनी पोस्ट के अंत में ट्रंप ने साजिश रचने वालों, देशद्रोहियों और गोपनीय जानकारी लीक करने वालों को चेतावनी देते हुए उन्हें सावधान रहने को भी कहा है.
वीडियो: BRICS मंच से मोदी का संदेश, क्रिटिकल मिनरल्स पर चीन को संकेत













