गुजरात में एक शख्स ने अपने 70 साल के पिता की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी. हमले से पहले उसकी अपने माता-पिता से पत्नी को लेकर बहस हुई थी. बात इतनी बढ़ गई कि बेटे ने अपने पिता पर जानलेवा हमला कर दिया. बताया गया कि शराब पीकर झगड़ा करने की वजह से पत्नी 5 साल पहले ही उसे छोड़कर चली गई थी. लेकिन इसका जिम्मेदार वह अपने माता-पिता को मानता था.
'तुम्हारी वजह से मेरी शादी टूटी', ये बोल बेटे ने पिता को पीट-पीटकर मार डाला
गुजरात के दाहोद में एक व्यक्ति ने पत्नी के छोड़कर जाने के लिए अपने माता-पिता को जिम्मेदार मानते हुए 70 वर्षीय पिता की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी. आरोपी बाबूभाई परगी को पुलिस ने गिरफ्तार कर बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है.


आरोपी का नाम बाबूभाई परगी है. गुजरात के दाहोद जिले का रहने वाला है. पुलिस ने बताया कि तकरीबन एक दशक पहले बाबूभाई की शादी हुई थी. कुछ समय बाद उसे शराब पीने की गंभीर लत लग गई. शराब के नशे में अक्सर वो अपनी पत्नी से मारपीट करता था. इससे तंग आकर पत्नी ने उनसे संबंध तोड़ लिए और घर छोड़कर चली गई.
लेकिन बाबूभाई इन सबके लिए अपने माता-पिता को जिम्मेदार ठहराने लगा. गांव से बाहर नौकरी करने वाला बाबूभाई जब घर लौटता तो अक्सर अपने बुजुर्ग माता-पिता को गाली देता था. उन्हें परेशान करता था. बार-बार यही कहता था कि उन दोनों की वजह से ही उसकी शादी टूटी.
ये भी पढ़ेंः 'शादीशुदा होने के बाद भी संबंध, वो खुद मेरे कमरे में आती थीं', ट्रेनी IPS ने आरोपों का दिया जवाब
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, हत्या से पहले बाबूभाई की अपने पिता वल्लभभाई परगी से इसी बात पर झड़प हुई. कहासुनी के बीच बाबू ने एक भारी लकड़ी का डंडा उठाया और अपने 70 साल के पिता के सिर पर वार किया. चोट लगने के बाद वल्लभभाई गिर पड़े. परिवार के लोग उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर गए, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका.
घटना के बाद वल्लभभाई के छोटे बेटे कालजीभाई परगी ने फतेहपुरा पुलिस स्टेशन में अपने भाई के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत बाबूभाई परगी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया है.
वीडियो: CJP के विरोध प्रदर्शन और संसद मार्च पर इंटरनेशनल मीडिया ने क्या लिखा?










