गुजरात के नवसारी जिले में पुलिस ने एक शख्स को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि उसने दो सगी नाबालिग बहनों के साथ रेप किया. पीड़ित बहनों की मां आरोपी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहती हैं. आरोपी दोनों बहनों को लकड़ी लाने के बहाने जंगल ले जाता था और उनके साथ बलात्कार करता था. जब दोनों बहनें गर्भवती हो गईं, तो यह मामला सामने आया.
मां का लिव-इन पार्टनर करता था रेप, 12-13 साल की बहनों के प्रेग्नेंट होने पर खुला केस
पीड़ित बहनों की मां आरोपी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहती हैं. आरोपी दोनों बहनों को लकड़ी लाने के बहाने जंगल ले जाता था और उनके साथ बलात्कार करता था.


आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक, पूरा मामला नवसारी जिले में चिखली तालुका के एक गांव का है. यहां एक 12 साल की लड़की के पेट में अचानक तेज दर्द हुआ, जिसके बाद उसे स्थानीय अस्पताल ले जाया गया. जांच करने वाले डॉक्टर, अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट देखकर दंग रह गए. पता चला कि लड़की पांच महीने की गर्भवती है. छोटी बहन की हालत देखकर 13 साल की बड़ी बहन भी टूट गई और उसने आरोपी की सारी सच्चाई बता दी. बाद में जब बड़ी बहन की भी मेडिकल जांच कराई गई तो पता चला कि वह भी दो महीने की गर्भवती है. इसके बाद मामला पुलिस स्टेशन तक पहुंच गया.
नवसारी जिले के पुलिस उपाधीक्षक (DSP) ने बताया कि आरोपी अनिल ने दोनों बहनों के साथ यौन शोषण किया, जिसके बाद वे गर्भवती हो गईं. उन्होंने बताया,
“पीड़ित बहनों की मां की पहली शादी से चार बच्चे हुए थे. लेकिन उनका तलाक हो गया और वे बच्चों को लेकर आरोपी अनिल के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगीं. इस दौरान अनिल ने इन दोनों नाबालिग बहनों का बार-बार बलात्कार किया और शुरुआती जांच में पता चला है कि दोनों वर्तमान में गर्भवती हैं.”
ये भी पढ़ें: 'पापा ने मेरा रेप किया', नाबालिग बेटी ने बड़ी बहन को बताया, जवाब मिला- ‘मेरा भी बलात्कार कर रहे’
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी दोनों मासूम बहनों को जंगल से लकड़ी लाने के बहाने किसी सुनसान जगह पर ले जाता था और उनके साथ बलात्कार करता था. पुलिस ने पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी अनिल को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
वीडियो: असम में लड़की से गैंगरेप के मामले में लोगों ने पुलिस से क्या मांग की?





















