The Lallantop

Thar खरीदनी थी, पर पैसे नहीं थे, ग्रेटर नोएडा के लड़कों ने पड़ोसी के 20 लाख रुपये उड़ा दिए

शुक्रवार, 30 जनवरी को जेवर निवासी पाश्र्व ने पुलिस थाने में चोरी की सूचना दी थी. शिकायत में उन्होंने बताया कि उनके घर की अलमारी में रखे नकद 20 लाख रुपये चोरी हो गए है.

Advertisement
post-main-image
पुलिस ने रिकवर हुए पैसे वापस दिए. (फोटो-इंडिया टुडे)

Thar सिर्फ एक गाड़ी नहीं है. कई लोगों का सपना है. जब ये गाड़ी सड़क पर चलती है, तो इसका रौला ही अलग होता है. कहें तो अपना ‘स्वैग’ है. हम ये नहीं कह रहे हैं. मगर सोशल मीडिया पर अक्सर ऐसा कहा जाता है. जिसे देख दूसरे लोगों को भी लगने लगता है कि 'हां, भाई थार में कुछ तो बात है.' लेकिन ऐसी भी क्या बात है कि इसके लिए चोरी की जाए. ग्रेटर नोएडा में एक मिसाल देखने को मिली है.  

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

घटना जेवर की है. चार लड़कों को काले रंग की Thar बहुत पसंद थी. वह अक्सर इसे रील पर देखते थे. ये उनकी ‘ड्रीम कार’ बन गई थी. इसे खरीदने के लिए उन्हें पैसे चाहिए थे. लेकिन पैसे थे नहीं. करें तो करें क्या! ध्यान आया कि पड़ोस के घर में हाल ही में एक जमीन बेचकर पैसे आए थे. 20 लाख रुपये. आरोप है कि थार के प्यार में अंधे हुए लड़कों ने पड़ोसी के घर से सारी रकम उड़ा ली. मगर CCTV कैमरा की वजह से पकड़े गई. पुलिस ने चारों को कस्टडी में ले लिया है.

इंडिया टुडे से जुड़े अरुण त्यागी की रिपोर्ट के मुताबिक, शुक्रवार, 30 जनवरी को जेवर निवासी पाश्र्व ने पुलिस थाने में चोरी की सूचना दी थी. शिकायत में उन्होंने बताया कि उनके घर की अलमारी में रखे नकद 20 लाख रुपये चोरी हो गए है. ये पैसे उन्हें खेत बेचकर मिले थे. घटना के समय घर में कोई नहीं था. मगर जब वह बाहर से वापस आए, तो उन्होंने पाया कि अलमारी में रखे पैसे गायब हो चुके हैं.

Advertisement

ग्रेटर नोएडा के ADCP सुधीर कुमार ने बताया,

“30 जनवरी की रात एक सूचना मिली थी. जेवर के बनीस मोहल्ले में एक व्यक्ति के घर से 20 लाख रुपये चोरी हो गए हैं. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने खेत बेचकर 20 लाख रुपये कैश अलमारी में रखे थे, जो चोरी हो गए हैं. जिसके बाद संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया. कई टीमों का गठन किया गया. पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और CCTV की मदद से चार लड़कों को पकड़ा. उनसे पूछताछ की.”

पुलिस ने चार आरोपियों को जेवर ऋषि रोड के पास से कस्टडी में लिया. उनके पास से 2 लाख रुपये नकद भी बरामद किए. ADCP ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में उन्होंने बताया कि उन्हें काले रंग की थार बहुत पसंद है. थार खरीदने के लिए ही उन्होंने चोरी की है.

Advertisement

रिपोर्ट के मुताबिक, चारों में से एक लड़का पीड़ित के घर गया था. इसी दौरान उसने देख लिया कि उनकी अलमारी में 20 लाख रुपये रखे हुए हैं. जब घर में कोई नहीं था, तब उसने अपने दोस्तों को बुलाया. वे दीवार फांदकर घर के अंदर गए और अलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखे हुए 20 लाख रुपये चोरी कर लिए. चारों आरोपी नाबालिग है. पूरे 20 लाख रुपये बरामद कर लिए गए हैं. आगे की कानूनी कार्रवाई चल रही है.

वीडियो: UPSSSC पर छात्रों ने मुख्यमंत्री योगी से क्या अपील की?

Advertisement